Saturday, 21 April 2012

भ्रष्टाचार- 1

मैंने भ्रष्टाचार के विभिन्न पहलुओं एवं घटनाओं पर जो लेख लिखे हैं, उन्हें यहाँ एक के बाद एक प्रस्तुत करने का इरादा है. ये सभी लेख देशबंधु में मेरे नियमित कॉलम के अंतर्गत प्रकाशित हो चुके हैं.


असत्य का पारावार-1


स्वतंत्र भारत में आर्थिक घोटाले का पहला बड़ा प्रसंग 1957-58 में मूंदड़ा प्रकरण के रूप में सामने आया था जब तत्कालीन वित्तमंत्री टी.टी. कृष्णमाचारी को नैतिक आधार पर अपना पद छोड़ना पड़ा था तथा उद्योगपति हरिदास मूंदड़ा को लंबी सजा हुई थी। दिलचस्प तथ्य यह है कि संसद सदस्य फीरोज गांधी ने इस घोटाले को उजागर करने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उसी दौर में प्रख्यात उद्योगपति रामकृष्ण डालमिया को भी जेल जाना पड़ा था तथा एक जहाज कंपनी के बहुचर्चित मालिक जयंती धर्मतेजा को भी। 
आज सत्यम घोटाला देखकर ये पुराने प्रकरण सहसा याद आ गए। उस पुराने दौर का यह प्रसंग भी याद आता है कि रेलमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने ट्रेन दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए पदत्याग कर दिया था। यदि इतिहास के किसी दौर का कोई प्रसंग वर्तमान को समझने में सहायक हो सके तो हमें एक कालखण्ड का स्मरण और कर लेना चाहिए। यह दौर 1991 के आसपास प्रारंभ हुआ था। इसी दौरान हर्षद मेहता का शेयर घोटाला सामने आया था। शेयर मार्केट में भारी अफरा-तफरी मच गई थी। इस कांड ने कितने ही लोगों को अपनी साख खत्म होते देख आत्महत्या तक करने को मजबूर कर दिया था। 
यह पी.वी. नरसिम्हराव का समय था तथा उनके परिजनों पर भी एकाधिक घोटालों में शामिल होने के आरोप लगे थे। हर्षद मेहता कांड के दौरान तत्कालीन वित्तमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की एक उक्ति ने जनमानस को उद्वेलित कर दिया था। डॉ. सिंह ने कहा था कि शेयर मार्केट के उतार-चढ़ाव के लिए वे अपनी रात की नींद बर्बाद नहीं कर सकते। आज जो परिदृश्य हमारे सामने है उसे चाहे तो एक नया दौर मान सकते हैं, लेकिन इसे 1991 में प्रारंभ हुए दौर का तार्किक विस्तार भी माना जा सकता है। जिन दो कालखण्डों का हमने ऊपर जिक्र किया उनमें एक बड़ा फर्क देखा जा सकता है। सन् 50 और 60 के दशक में भी अपने समय के हिसाब से वैभव- विलास कम नहीं था, लेकिन उस दौर के धनपति आडंबर और दिखावे से किसी हद तक बचने की कोशिश करते थे, कभी-कभार वे ग्लानि का बोध भी करते थे, और राजनेताओं का जहां तक सवाल है उनमें अधिकतर की छवि पूरी तरह से उावल न सही, उन पर ''दाग अच्छे हैं'' वाला विज्ञापनी जुमला लागू नहीं होता था। इन दोनों के बीच बोफोर्स कांड भी सामने आया था। 

उसका सच-झूठ शायद कभी उजागर नहीं हो पाएगा, लेकिन यह तो हमारे सामने है कि राजीव गांधी को इसकी कीमत प्रधानमंत्री पद गंवा कर ही चुकानी पडी थी। आज की बात करें तो जनता का विश्वास किसी पर भी नहीं है। यह आम धारणा बन चुकी है कि इस देश का शासन-प्रशासन सिर्फ उनके लिए है जो तथाकथित रूप से बडे लोग माने जाते हैं। इसका प्रतिबिंब पिछले दस-पंद्रह साल में बनी बंबईया फिल्मों में बखूबी देखा जा सकता है। यदि हम पुरानी फिल्मों को देखें तो वहाँ हमारा नायक अकसर एक साफ-सुथरे चरित्र का सरल हृदय व्यक्ति होता था। इस छवि में बदलाव संभवत: ''नमकहराम'' फिल्म के साथ आना शुरु हुआ जहां पहली बार राजेश खन्ना की छवि अमिताभ बच्चन के सामने फीकी पड़ गई। इसके बाद तेजी के साथ भारतीय फिल्मों में प्रतिनायक अथवा एंटी हीरो की स्थापना होनी शुरु हुई जो ''सरकार'' जैसी फिल्मों तक लगातार चली आई है। इस बीच में ''हम आपके हैं कौन'' शैली की फिल्में भी आईं हैं जो निजी सुख भोग को सर्वोपरि सिध्द करती हैं और जहां वृहत्तर समाज के सुख-दु:ख हाशिए से भी बाहर कर दिए जाते हैं। 

यह उस बदलते भारत की तस्वीर है जिसे विलास की संस्कृति में अथवा ''कारपोरेट कल्चर'' में बुरी तरह से अपनी जकड़ में ले लिया है। यहां धन अर्जित करना प्रथम और अंतिम उद्देश्य है। इसमें साधन की पवित्रता पर कोई विचार नहीं है। इस अर्जित धन का अश्लील प्रदर्शन करने में कोई संकोच नहीं है। इसे विलासिता में व्यय करने में कोई ग्लानि नहीं है। एक समय बंबई के एक डॉक्टर दंपत्ति ने संजीवनी नामक संस्था बनाई थी। वे पार्टियों का बचा खाना मांग-मांग कर लाते थे और उसे गरीब बस्तियों में जाकर भूखे पेट सोने वालों को खिलाते थे। अब ऐसी विगलित दया भी नवधनिक वर्र्ग में नहीं है। कहना न होगा कि सत्यम में जो कुछ हुआ है इस नई संस्कृति की ही देन है। दुर्भाग्य का विषय यह है कि इस प्रकरण का जो वृहत्तर सामाजिक पक्ष है उसके बारे में सोचने के लिए कोई अभी तैयार नहीं है। हम रेखांकित करना चाहेंगे कि सत्यम प्रकरण सिर्फ एक आर्थिक घोटाला नहीं है। उसका नाभि-नाल संबंध उस विकृत सोच से है जिसे मोटे तौर पर हम वैश्वीकरण के नाम पर जानते हैं। 

हमारे लिए यह बिलकुल भी महत्वपूर्ण नहीं है कि सत्यम के मालिक राजू तथा इस षडयंत्र में अन्य भागीदारों को कब और कितनी सजा होती है। यह प्रश्न भी निरर्थक है कि 53 हजार कर्मचारियों का क्या होगा? वे सब पढ़े-लिखे, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, एमबीए, एमटेक आदि-आदि हैं। उन्हें नई नौकरी मिलने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। 
कंपनी के शेयरधारकों के बारे में तो कोई चिंता ही नहीं करना चाहिए। शेयर बाजार में पैसा असीमित लालच के वशीभूत हो लगाया जाता है, सो लोगों को अपने लालच का फल भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। सत्यम को नहीं बचाया गया तो विश्व बाजार में साख गिर जाएगी यह बात भी बेमानी है। एनरॉन और वर्ल्डटेल के डूबने से अमेरिका नहीं डूबा। आज इस घोटाले की पृष्ठभूमि में देश के सामने दो अहम् प्रश्न हैं। एक तो यह कि सरकार अंधाधुंध निजीकरण की वर्तमान नीति पर कायम रहती है या सार्वजनिक क्षेत्र के अनिवार्य महत्व को वापिस स्वीकार करती है। आखिरकार ईसीआईएल, केलट्रॉन, अपट्रॉन जैसी सरकारी कंपनियों से ही भारत में आईटी युग का पदार्पण हुआ था। प्राइस वाटर हाउस कूपर जैसी विदेशी फर्मों का भारत में क्या काम है, इस पर भी पुनर्विचार होना चाहिए। दूसरे, आज भारतीय समाज को इस बिन्दु पर नए सिरे से मंथन करने की जरूरत है कि हम किस दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं? हम जब तक विदेशी ब्रांड, विदेशी कंपनी, आकर्षक पैकेज, लक्जरी कार, लक्जरी अपार्टमेंट और इस तरह की ढेर सारी इच्छाओं से प्रेरित होते रहेंगे तब तक सत्यम जैसे प्रकरण भी नित्य घटित होते रहेंगे। आज सत्यम का असत्य उजागर हो चुका है लेकिन झूठ और धोखाधड़ी का पारावार सतह के नीचे लहरा रहा है- इसे भूलने से काम नहीं चलेगा।

 2 फ़रवरी 2009 को प्रकाशित 

Friday, 20 April 2012

उसमें प्राण जगाओ साथी- 19

संपादक सम्मेलन में सक्रियता
मायाराम सुरजन अपने पत्रकार जीवन की शुरूआती दौर से ही पत्रकारिता से संबंधित संगठनों में दिलचस्पी लेने लगे थे। इंडियन एंड ईस्टर्न न्यूजपेपर्स सोसायटी (आईईएनएस, आजकल आईएनएस) भारतीय भाषायी समाचार पत्र संगठन, (इलना) व अखिल भारतीय समाचार पत्र संपादक सम्मेलन (एआईएनईसी) की बैठकों व सम्मेलनों में वे नवभारत के प्रतिनिधि के रूप में अक्सर शामिल हुआ करते थे। उन दिनों याने 1945-55 के बीच आयोजित ऐसी बैठकों में वे संभवत: सबसे कम उम्र के प्रतिनिधि हुआ करते थे। इस नाते उन्हें जहां अपने अनुभव और ज्ञान को विकसित करने के अवसर मिले वहीं वे अनेक वरिष्ठ संपादकों या संचालक संपादकों का स्नेहपात्र भी सहज ही बन सके। इन कार्यक्रमों के दौरान ही देवदास गांधी, रामनाथ गोयनका, दुर्गादास जैसे प्रतिष्ठित पत्रकारों के साथ उनके संबंध बने।

इन तीन संगठनों के अलावा जब 1962-63 में प्रेस इंस्टीटयूट ऑफ इंडिया की स्थापना हुई तो बाबूजी उसके साथ भी जुड़े। यद्यपि उस समय ऐसी कुछ आपाधापी थी कि वे इस संस्था में सक्रिय नहीं हो सके। आगे चलकर प्रेस इंस्टीटयूट में प्रशिक्षण पाने के लिए उन्होंने मुझे देशबन्धु की ओर से तीन-चार बार भेजा। बहरहाल इन संस्थाओं के बीच जिस एक संस्था से उनका जीवनभर जुड़ाव रहा वह संपादक सम्मेलन याने एआईएनईसी ही थी। इसके लगभग हर कार्यक्रम में वे शामिल होते थे। ऐसा शायद ही कोई वार्षिक अधिवेशन हो जिसमें उन्होंने शिरकत न की हो। अनेक वर्षों तक वे सम्मेलन की कार्यकारिणी में भी विभिन्न जिम्मदारियां निभाते रहे। दो प्रसंगों का उल्लेख यहां अवश्य करना होगा। एक सम्मेलन का पचमढ़ी अधिवेशन व दूसरा लघु व मध्यम समाचार पत्रों की दशा पर तैयार की गई रिपोर्ट। यह नि:संकोच कहा जा सकता है कि इन दोनों से सम्मेलन की गरिमा व प्रतिष्ठा बढ़ी।

1966 के अप्रैल माह में पचमढ़ी में अखिल भारतीय समाचार पत्र संपादक सम्मेलन का अधिवेशन आयोजित हुआ। तत्कालीन केन्द्रीय सूचना मंत्री राजबहादुर इसमें मुख्य अतिथि के रूप में आए। मुख्य मंत्री पंडित द्वारिका प्रसाद मिश्र उद्धाटनकर्ता के तौर पर उपस्थित थे। बाबूजी इस अधिवेशन के स्वागताध्यक्ष थे। मेरी एम.ए. अंतिम की परीक्षा कुछ दिन पहले ही समाप्त हुई थी और एक जिज्ञासु युवा पत्रकार के बतौर मुझे इस अधिवेशन में भाग लेने का सुयोग मिला था। 1958 में आयोजित हिन्दी साहित्य सम्मेलन के भोपाल अधिवेशन के ही समतुल्य यह अधिवेशन भी बाबूजी के जीवन का गौरवपूर्ण क्षण था। सारे देश से हिन्दी, अंग्रेजी तथा अनेक भारतीय भाषाओं के पत्रकार पचमढ़ी में जुटे थे। अक्षय कुमार जैन, कुलदीप नैय्यर, इंद्रजीत, कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी, डोरीलाल अग्रवाल, सतीशचंद्र काकती, बालेश्वर अग्रवाल जैसे कुछ नाम ही अभी याद आ रहे हैं। तीन दिन का सम्मेलन चला। उसके बाद राज्य सरकार के सौजन्य से अतिथि संपादकों के भेड़ाघाट भ्रमण आदि का कार्यक्रम भी बना। एक सप्ताह तक खूब गहमागहमी रही। प्रतिनिधियों का ऐसा स्वागत सत्कार न इसके पहले कहीं हुआ और न बाद में। मेरी मित्रता अपने से उम्र में कुछ बड़े एक युवक के साथ इसी सम्मेलन में हुई। जनसंपर्क विभाग में कुछ ही दिन पहले नियुक्त यह नवयुवा अधिकारी चकरघिन्नी की तरह घूम-घूम कर काम कर रहा था और मिनिट-मिनिट पर उसे कोई पुकार लेता था- रज्जू ये करो, रज्जू वो करो। ये रज्जू और कोई नहीं, हमारे सुपरिचित डॉ. सुशील त्रिवेदी हैं जो आगे चलकर छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन अधिकारी बने। थोड़ा विषयांतर हो गया लेकिन इस प्रसंग का उल्लेख करने का यह उचित मौका जान पड़ा।

यह स्वाभाविक था कि सम्मेलन के साथियों के बीच बाबूजी की धाक इससे और मजबूत हुई। कुछ सालों के बाद बाबूजी के प्रस्ताव पर ही लघु व मध्यम समाचार पत्रों की स्थिति का अध्ययन करने के लिए एक उपसमिति गठित की गई तथा प्रस्तावक को ही उसका संयोजक बना दिया गया।  मुझे स्मरण आता है कि इस समिति के काम को अंजाम देने के लिए बाबूजी ने एक साल से भी ज्यादा समय दिया। यह वह समय था जब भाषायी समाचार पत्र भीषण संकट से गुजर रहे थे। बाबूजी ने एक वृहत प्रश्नावली तैयार की। उसे देश के तमाम समाचार पत्रों को भेजा। बारम्बार संपर्क कर प्रश्नावली को भरवाया। सरकारी-गैरसरकारी सूत्रों से अन्य आवश्यक आंकड़े जुटाए। दो-तीन बार उपसमिति की बैठकें हुईं। कड़ी मशक्कत के बाद रिपोर्ट तैयार होकर छपी और 1972 में जालंधर अधिवेशन में मुख्य अतिथि इंद्रकुमार गुजराल को सौंपी गई। इस अधिवेशन में अपने मित्र श्री गुजराल से बाबूजी की कुछ तकरार भी हुई। गुजराल जी का कहना था कि संपादक सम्मेलन में पत्र के व्यवस्था संबंधी प्रश्नों को क्यों उठाया जा रहा है। जबकि बाबूजी का उत्तर था कि जिन लघु व मध्यम समाचार पत्रों की समस्या पर यह रिपोर्ट केन्द्रित है उनमें पत्र के संचालन व संपादक के बीच कोई फर्क नहीं है। बहरहाल इस रिपोर्ट में जो सिफारिशें की गई थीं उनमें से अनेक पर आगे चलकर केन्द्र सरकार ने अनुकूल कार्रवाई की तथा समाचार पत्र उद्योग में, कम से कम उस समय, एकाधिकारवाद पनपने से बचा लिया।

ऐसे सक्रिय व्यक्ति को सम्मेलन का अध्यक्ष बनाया जाए, यह इच्छा बाबूजी के अनेक साथियों की थी। लेकिन इस बीच किसी पुरानी चोट के कारण रीढ़ की हड्डी में टी.बी. हो जाने के कारण बाबूजी को कई माह बिस्तर पर रहना पड़ा। उन्होंने अपने स्थान पर वरिष्ठ पत्रकार प्रेम भाटिया का नाम सामने किया। लेकिन कांग्रेसी राजनीति की दखलंदाजी के चलते भाटिया जी चुनाव नहीं जीत पाए। कांग्रेस नेता विश्वबंधु गुप्ता उस समय जो अध्यक्ष बने तो पच्चीस साल से बने ही हुए हैं।    

उसमें प्राण जगाओ साथी- 18

''हमारे राजनैतिक संवाददाता''
मायाराम सुरजन के विपुल लेखन का पुस्तक रूप में पहला संकलन ''मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के'' माध्यम से सामने आया। इसलिए हमारी स्वाभाविक इच्छा थी कि इस पुस्तक का लोकार्पण जरा धूमधाम से हो। यूं तो कार्यक्रम रायपुर अथवा भोपाल में भी किया जा सकता था लेकिन हमारे संपादक मंडल की इच्छा दिल्ली में कार्यक्रम करने की थी। उपराष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा मना कर चुके थे। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री अर्जुनसिंह से हमने संपर्क किया तथा उनके सुझाव पर लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल को मुख्य अतिथि की हैसियत से आमंत्रित किया गया। लेखक और पुस्तक दोनों का परिचय देने के लिए डॉ. नामवर सिंह से संपर्क किया, उन्होंने भी अपनी सहमति दे दी। अर्जुनसिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे यह बात भी तय हो गई।
12 दिसम्बर 1992 को नई दिल्ली के आईफैक्स सभागार में कार्यक्रम रखा गया। मप्र से जुड़े अनेक राजनेता, अधिकारी, पत्रकार व साहित्यकार कार्यक्रम में आए। दिल्ली में बाबूजी के मित्र मंडली के बहुत सारे साथी भी जुटे तथा साहित्य व पत्रकारिता के अनेक नामचीन व्यक्ति भी। बाबूजी जैसे निस्संग व्यक्ति ने इस पूरे कार्यक्रम को सहज भाव से लिया, लेकिन इस अवसर पर में काफी रोमांचित था। मुख्य अतिथि शिवराज पाटिल ने पुस्तक पढ़ ली थी तथा उन्होंने बहुत सुन्दर तरीके से पुस्तक पर अपने विचार व्यक्त किए। अर्जुन सिंह तो कम शब्दों में ही ज्यादा बात कर जाते हैं, लेकिन नामवर जी ने निराश किया। उन्होंने शुरुआत ही इस बात से की कि मायाराम जी की पुस्तक मुझे मिल तो गई थी, लेकिन इसे मैं पढ़ नहीं पाया हूं। इसके बाद वे शब्दाडम्बर रचते रहे। उनसे ऐसे हल्के व्यवहार की उम्मीद नहीं थी।
जब नामवर जी की बात निकली है तो बाबूजी के साथ जुड़े एक और प्रसंग का उल्लेख कर देना उचित  होगा। अभी डेढ़-दो साल पहले किसी पत्रिका को दिए साक्षात्कार में नामवर सिंह ने बाबूजी पर सीधे-सीधे आरोप लगाया कि वे राजा राममोहन राय लायब्रेरी के अध्यक्ष बनना चाहते थे, इसलिए अर्जुनसिंह के कान भर कर नामवर जी को उस पद से हटवा दिया। यह वक्तव्य न सिर्फ असत्य है वरन् एक स्वर्गीय मित्र की स्मृति का अपमान भी है। दरअसल नामवरजी के कार्य से मंत्री जी संतुष्ट नहीं थे, उन्हें शिकायतें मिल रही थीं। नामवरजी को सीधे कुछ कहने के बजाय अर्जुन सिंह ने बाबूजी को माध्यम बनाया कि आप नामवर जी को इस्तीफा देने के लिए राजी कर लें वरना सरकार को उन्हें हटाने अपनी कार्रवाई करनी पड़ेगी। यानी अर्जुनसिंह नामवरजी की प्रतिष्ठा पर आंच नहीं आने देना चाहते थे। बाबूजी ने यह संदेशा यथास्थान पहुंचा दिया। वे जो दैनंदिन डायरी लिखा करते थे उसमें इस प्रसंग का उल्लेख है। इन दोनों प्रसंगों से मुझे धनंजय बैरागी के बंगला उपन्यास का शीर्षक याद आता है- ''नमक का पुतला सागर में''। इस प्रसंग को यहीं छोड़ बाबूजी के लेखन के एक और पक्ष पर आगे बात करें।
जैसा कि हम देख आए हैं मप्र की राजनीति की जैसी समझ  बाबूजी को थी वैसी उनके समकालीन किसी भी पत्रकार को नहीं थी। उनके संपर्कों का दायरा विशाल था तथा वे रायपुर, भोपाल, जबलपुर जहां भी हों, राजनेताओं के साथ उनकी भेंट मुलाकातों का सिलसिला लगातार चलता रहता था। आम चुनाव के पहले गहमागहमी कुछ और बढ़ जाती थी। कांग्रेस के टिकटार्थी यह आशा लेकर उनके पास आते थे कि वे अपने संपर्कों का उपयोग कर उन्हें टिकट दिलवा सकेंगे। बाबूजी ने इसमें कभी खास दिलचस्पी नहीं ली लेकिन एक काम वे अवश्य करते थे। इन भेंट मुलाकातों से उन्हें चुनाव पूर्व की स्थिति का काफी कुछ सही अनुमान हो जाता था। इसके आधार पर वे टिकट वितरण के पहले दस-पन्द्रह लेखों की एक श्रृंखला ''हमारे राजनीतिक संवाददाता'' अथवा ''विशेष संवाददाता'' के नाम से लिखा करते थे। इसमें वे मप्र की तीन सौ बीस (पहले 294) विधानसभा सीटों का विश्लेषण कर बतलाते थे कि कांग्रेस का कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है। वे हर सीट के लिए अपनी ओर से दो या तीन नामों का प्रस्ताव करते थे और हमने देखा कि कांग्रेस की चयन समिति अधिकांशत: इन्हीं नामोें में से उम्मीदवार चुनती थी। यह पंचवर्षीय आकलन वे उस समय तक करते रहते जब तक कांग्रेस पार्टी में ऊपर से उम्मीदवार थोपने की प्रथा शुरू नहीं हो गई। जब उन्हें लगा कि पार्टी में आंतरिक जनतंत्र कमजोर हो गया है तब उन्होंने अपनी राय देना बंद कर दिया।
अपने गांधी-नेहरूवादी संस्कारों के कारण कांग्रेस पार्टी का यह क्षरण उन्हें व्यथित करता था तथा अपने कई लेखों में उन्होंने इस अवांछित परिपाटी के खिलाफ लिखा है। 1971 में जब श्यामाचरण शुक्ल को हटाकर प्रकाशचंद्र सेठी को मुख्यमंत्री बनाया गया तब भी बाबूजी ने उसके विरूध्द लिखा। उनका साफ कहना था कि मुख्यमंत्री के चयन का अधिकार विधायक दल को ही होना चाहिए तथा ऊपर की मर्जी इस तरह लादे जाने से आगे चलकर पार्टी को नुकसान होगा। वे एक गंभीर समाजचिंतक के रूप में दीवार पर लिखी इबारत को पढ़ पा रहे थे लेकिन इसकी कांग्रेस को जरूरत नहीं थी।
1972 के विधानसभा चुनावों में एक और रोचक प्रसंग घटित हुआ। इस साल कांग्रेस और सीपीआई के बीच चुनावी समझौता हुआ तथा साम्यवादी दल के लिए कांग्रेस ने पांच सीटें छोड़ दी। इसमें रायपुर की सीट भी शामिल थी। यहां से सीपीआई के उम्मीदवार लोकप्रिय जननेता सुधीर दादा याने सुधीर मुखर्जी पार्टी के चुनाव चिन्ह के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में शेर छाप चुनाव चिन्ह पर खड़े हुए। देशबन्धु के संपादक मंडल ने उन्हेें अपना खुला समर्थन देना तय किया। यद्यपि बाबूजी उस समय रायपुर से बाहर थे और हमने उनसे राय नहीं कर सके। जब बाबूजी लौटकर आए तो मैदानी स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्हें ऐसा लगा कि देशबन्धु का समर्थन तभी सफल हो पाएगा जब चुनाव संचालन व्यवस्थित तरीके से हो। यह जिम्मेदारी उन्होंने अपने ऊपर ली व रायपुर में पूरे समय बैठकर चुनाव संचालन किया। यह पहला और आखिरी अवसर था जब किसी उम्मीदवार के लिए उन्हें अपना काम-धाम छोड़कर इस तरह मैदान में उतरना पड़ा हो।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 17


 'मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के' 

देशबन्धु में स्तंभ लेखन की सुदीर्घ परंपरा है। परसाई जी के 'सुनो भाई साधो' व 'पूछिए परसाई से' जैसे नियमित स्तंभों ने अपार लोकप्रियता हासिल की। जबलपुर संस्करण में मूलत: प्रकाशित स्वाधीनता सेनानी महेशदत्त मिश्र का ''ंखत जिनमें खुशबू फूलों की'' एवं अध्यापक चिंतक हनुमान प्रसाद वर्मा का ''टिटबिट की डायरी'' आदि स्तंभों को भी पाठकों से भरपूर सराहना मिली। सतना संस्करण प्रारंभ हुआ तो वरिष्ठ राजनेता जगदीश जोशी, संस्कृति कर्मी प्रो. कमलाप्रसाद व लेखक देवीशरण ग्रामीण इत्यादि के नियमित कॉलम छपना प्रारंभ हो गए। यही नहीं, पत्र के रविवासरीय संस्करण के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को सामने लाने का काम देशबन्धु ने किया। ऐसे अनेक सुख्यात रचनाकार हैं जो ''बाबूजी'' को अपनी पहिली रचना छापने का  उल्लेख करने के साथ स्मरण करते हैं। मध्यप्रदेश के किसी अन्य संपादक का ऐसा जीवंत संपर्क साहित्यिक बिरादरी के साथ नहीं रहा। राजेन्द्र अवस्थी, मलय, सोमदत्त, पुरुषोत्तम खरे, मोहन शशि इत्यादि लेखकों के बीच के कुछ ऐसे नाम हैं, जिन्होंने मायाराम सुरजन से पत्रकारिता के पाठ सीखे। इस पृष्ठभूमि को देखते हुए पाठकों एवं सहकर्मियों की यह अपेक्षा स्वाभाविक ही थी कि स्वयं बाबूजी विशेष अवसरों पर नहीं, बल्कि नियमित रूप से लेखन करें।
हम सबकी यह इच्छा 1983 में जाकर पूरी हो सकी जब ''दरअसल'' का प्रकाशन प्रारंभ हुआ। समसामयिक प्रश्नों पर केंद्रित इन लेखों में विषय की जो विविधता है वह विस्मित करने वाली है। उनके लिए कोई विषय असाध्य नहीं था। जितनी सहजता से वे स्थानीय और गैर महत्वूपर्ण समझे जाने वाले मुद्दों की टीका करने में सक्षम थे, उतनी ही सहजता से उनकी लेखनी राष्ट्रीय व वैश्विक घटनाचक्र की व्याख्या करने में भी समर्थ थी। बाबूजी के लेखन की सबसे बड़ी खूबी भाषा की सादगी और सहज संप्रेषणीयता थी, यद्यपि समय-समय पर शैलीगत प्रयोग करने में भी उन्होंने संकोच नहीं किया। स्थानीय मुद्दे पर स्तंभ लेखन का एक उदाहरण हमें रायपुर के छात्रनेता अंजय शुक्ल से संबंधित किसी प्रसंग पर की गई टिप्पणी से मिलता है। सामान्य तौर पर कोई वरिष्ठ पत्रकार ऐसे विषय की अनदेखी ही करता, लेकिन बाबूजी ने इसे युवा पीढ़ी से संवाद स्थापित करने के एक उचित अवसर के रूप में लिया। उन्होंने ऐसा महसूस किया कि अगर युवा पीढी में दिशाहीनता और उच्छृंखलता आ रही है तो उस पर न तो मूकदर्शक बनकर रहा जा सकता है और न ही एकतरफा फैसला ही दिया जा सकता है। यहां मायाराम सुरजन एक पत्रकार के रूप में नहीं बल्कि एक बार फिर शिक्षक और अभिभावक की भूमिका में सामने आते हैं। एक और अन्य प्रसंग का जिक्र मैं करना चाहूंगा जो बिल्कुल अलग किस्म का था। रायपुर के व्यापारी नेता लूनकरण पारख ने अपना नाम परिवर्तित कर लूनकरणसिंग पारख कर लिया। इसकी सूचना अखबारों में प्रकाशित हुई। यूं तो यह एक चर्चित व्यक्ति से जुड़ी छोटी सी खबर थी, लेकिन इसके राजनीतिक निहितार्थ क्या थे इसे बाबूजी ने ही समझा और शेक्सपियर के अंदाज में ''नाम में क्या रखा है'' की व्याख्या कर दी।
एक समय रायपुर में एक गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। बंजारी बाबा के नाम से प्रसिध्द औघड फ़कीर के निधन के बाद उन्हें कहां दफनाया जाए उसे लेकर तनाव का वातावरण बन गया। जिले के स्वच्छ छवि वाले तेजतर्रार युवा कलेक्टर नजीब जंग पर धार्मिक पूर्वाग्रह से प्रेरित आरोप लगाए जाने लगे। उस कठिन समय में बाबूजी ने अपनी कलम उठाई और ''सबको सन्मति दे भगवान'' के नाम से दस दैनिक लेखों की एक श्रृंखला लिख डाली। इसका रायपुर के सार्वजनिक वातावरण पर अपेक्षित प्रभाव पड़ा तथा सौहार्द्र भाव टूटने से बच गया। उपरोक्त तीनों प्रसंग स्थानीय हैं लेकिन विषय अलग-अलग हैं। इनके अवलोकन से बाबूजी की विश्लेषण क्षमता और संपादकीय विवेक का अनुमान लगाया जा सकता है। दूसरी तरफ व्यापक मुद्दों पर भी वे लगातार लिखते रहे। अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव हो या कोरिया प्रायद्वीप में विमान गिराने की घटना या फिर संघ परिवार की एकात्मता यात्रा- बाबूजी की पैनी दृष्टि से कुछ भी बचता नहीं था। ''दरअसल'' के प्रकाशन से जुड़े हुए एक तथ्य का उल्लेख करना प्रासंगिक होगा। अपने लिखे पर असहमति को बाबूजी भरपूर सम्मान देते थे। छत्तीसगढ़ के बागबाहरा निवासी पुरुषोत्तमलाल व्यास उनके लेखों पर लंबी-लंबी प्रतिक्रियाएं भेजते थे। आवश्यक समझा तो बाबूजी ऐसे पत्र को अपने कॉलम में उद्धृत कर देते थे और नहीं तो व्यासजी को पत्र का जवाब अवश्य लिखकर भेजते थे। ऐसे सुधी पाठकों से संवाद बनाए रखना पत्रकारिता के बुनियादी मूल्यों के अनुकूल ही था।
''दरअसल'' के समानांतर एक और नियमित कॉलम लिखना बाबूजी ने 1985 में प्रारंभ किया। भोपाल से हमने ''साप्ताहिक देशबन्धु'' शीर्षक से एक पत्र इस वर्ष प्रारंभ किया। इसे लोकप्रिय बनाने के लिए बाबूजी अगर नियमित कॉलम लिख सकें तो बहुत अच्छा होगा, यह विचार मन में आया। यह संभवत: साप्ताहिक देशबन्धु के संपादक गिरिजाशंकर का ही सुझाव था कि बाबूजी के निकट संपर्क प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ रहे हैं तो उन पर संस्मरण लिखने  का लाभ पत्र को मिलेगा। बाबूजी कॉलम लिखने राजी हो गए तथा इस तरह से ''मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के'' लेखमाला की शुरुआत हुई। नए और पुराने मध्यप्रदेश के हर मुख्यमंत्री के साथ बाबूजी का संपर्क रहा। 1939 से 94 तक विदर्भ, मध्यप्रदेश, विंध्यप्रदेश, मध्यभारत और भोपाल रियासत इन सबको मिलाकर पन्द्रह या सोलह मुख्यमंत्री हुए। इनमें से अंतिम याने दिग्विजय सिंह को छोड़कर बाबूजी ने बाकी सब पर लिखा। श्री सिंह के कार्यकाल का आकलन करने के लिए उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। पत्रकारिता के इतिहास की दृष्टि से यह तथ्य महत्वपूर्ण है कि मायाराम सुरजन प्रदेश के अकेले पत्रकार थे, जिन्होंने डॉ. एन.बी. खरे से लेकर सुन्दरलाल पटवा और दिग्विजय सिंह तक के कार्यकाल का अध्ययन और विश्लेषण किया। इस नाते ''मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के'' (जो बाद में पुस्तकाकार भी प्रकाशित हुई) के लेख इस प्रदेश की राजनीति का अध्ययन करने के लिए अनिवार्य संदर्भ सामग्री बन चुके हैं।
इन लेखों में बाबूजी ने संस्मरण शैली का प्रयोग किया है। जिसके बारे में वे लिख रहे हैं उससे व्यक्तिगत भेटों के चित्र उन्होंने उकेरे हैं तथा समय विशेष की उल्लेखनीय घटनाओं को एक वृहत्तर पृष्ठभूमि में देखने की कोशिश उन्होंने की है। अपनी रचना के इन जीवंत पात्रों में से कुछ के साथ बाबूजी के संबंध कुछ ज्यादा निकटता के रहे तो कुछ के साथ काम चलाऊ। किंतु अपने अध्ययन में उन्होंने तटस्थता का ही परिचय दिया है। जब इन लेखों की पुस्तक तैयार हुई तब बाबूजी अपने पुराने मित्र डॉ. शंकरदयाल शर्मा से उसका लोकार्पण करवाना चाहते थे जो उस समय उपराष्ट्रपति थे। शर्मा जी ने पुस्तक देखी, अपने ऊपर लिखा अध्याय पढ़ा; अपने बारे में लिखी कुछ बातें उन्हें प्रतिकूल लगी, उन्हें हटाने का मंतव्य प्रगट किया, लेकिन बाबूजी इस पर राजी नहीं हुए तो उन्होंने लोकार्पण करने से असमर्थता प्रगट कर दी।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 16


दरअसल और उसके पहले 

रायपुर से लगभग पौने दो सौ किमी की दूरी पर दुलारपाली नामक गांव हैं। अब यह महासमुंद जिले में हैं और लगभग भुला दिया गया है, लेकिन एक समय ऐसा था जब दुलारपाली लगातार सुर्खियों में रहा करता था। 1970 के दशक में इसे उन्नत कृषि के लिए प्रदेश के आदर्श ग्राम की मान्यता मिली हुई थी। देश भर से कृषि विशेषज्ञ और योजनाकार यहां आया करते थे। उस कालावधि में आर.पी. मिश्र कुछ समय के लिए रायपुर संभागायुक्त के रूप में पदस्थ रहे। श्री मिश्र ने अपने कार्यकाल में रायपुर में कैंसर अस्पताल बनाने में खासी दिलचस्पी ली थी। बाबूजी के साथ उनका अच्छा संपर्क था। मिश्र जी के अनुरोध पर बाबूजी एक बार उनके साथ दुलारपाली की यात्रा पर गए और लौटने के बाद उन्होंने इस आदर्श ग्राम पर उन्होंने विस्तृत फीचर्स लिखा।
इस प्रसंग का जिक्र मैंने इसलिए किया कि बाबूजी को एक पत्रकार के रूप में लिखने के लिए जिस समय और मानसिक अवकाश की आवश्यकता होती है वह उन्हें लंबे समय तक नहीं मिल पाया। लेकिन न तो भाषा पर उनकी पकड़ कभी कम हुई और न कभी विषय की गहराई में जाने से वे चूके। दुलारपाली वाला फीचर उनकी प्रखर पत्रकारिक क्षमता का एक बढ़िया उदाहरण है। ऐसे अवसर वे बीच-बीच में अपने लिए निकालते रहे। एक उदाहरण का जिक्र में खासकर करना चाहूंगा। 1967 में वी.वी. गिरी इंदिरा गांधी के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति चुनाव लड़ रहे थे। देश के राजनैतिक इतिहास की यह अत्यंत महत्वपूर्ण घटना थी। इस बीच बाबूजी का बंबई जाना हुआ। बंबई-हावड़ा मेल से शाम को जब वे रायपुर स्टेशन पर उतरे तब तक परिणाम आ चुके थे। वी.वी.गिरी राष्ट्रपति निर्वाचित हो गए थे। चौबीस घंटे की यात्रा करके लौटे बाबूजी ने टे्रन से उतरते साथ मुझसे सबसे पहला सवाल यही किया कि नतीजा क्या रहा। उन दिनों मोबाइल फोन वगैरह तो थे नहीं। मैंने नतीजा बताया तो बाबूजी ने पहले दफ्तर चलने का निर्देश दिया। उन दिनों हमारे यहां कार नहीं थी। रिक्शे से प्रेस आए। बाबूजी अपनी टेबल पर बैठे और विशेष संपादकीय लिखना प्रारंभ कर दिया। तीस चालीस मिनट में उन्होंने अग्रलेख लिखा, फिर संतुष्ट भाव से बोले कि चलो अब घर चलते हैं। उनकी यह सजगता और सक्रियता हम लोगों को भी चकित करने वाली थी।
बाबूजी जब लिखते थे तब दो-चार लोग बैठे भी हों तो उन्हें उलझन नहीं होती थी। पान की ट्रे सामने वाले की तरफ खिसका कर वे लिखने में मशगूल हो जाते थे। एक और प्रसंग याद आता है। श्रीपैरंबदूर में राजीव गांधी की हत्या हुई। रात को प्रेस से कोई मुझे खबर करने के लिए घर आया। मुझे प्रेस आना ही था लेकिन यह उचित समझा कि बाबूजी को भी इस त्रासद घटना से अवगत करा दिया जाए। मैंने उन्हें धीरे से उठाया और खबर बतलाई। तो वे उठ खड़े हुए और बोले दो मिनट रुको मैं भी साथ चलता हूं। बाबूजी दफ्तर आए। रात भर संपादकीय कक्ष में बैठे रहे। सुबह 9 बजे के लगभग बड़ी मुश्किल से हम उन्हें घर जाने के लिए राजी कर सके।
उनका लिखा एक और विशेष संपादकीय मुझे अब तक याद है ''महाप्राण का महाप्रयाण''। जबलपुर में सेठ गोविंददास का हीरक जयंती या अमृत महोत्सव चल रहा था। मैथिलीशरण गुप्त सहित देश के नामी-गिरामी लेखक वहां उपस्थित थे। उसी बीच खबर मिली कि इलाहाबाद में निराला जी का देहावसान हो गया है। बाबूजी तुरंत दफ्तर आए और निराला जी को श्रध्दांजलि देते हुए प्रथम पृष्ठ के लिए यह संपादकीय लिखा। पाठक अनुमान लगा सकते हैं कि राजनीति, साहित्य, कृषि जैसे विविध विषयों पर साधिकार लिखने वाले इस पत्रकार का ज्ञान भंडार कितना विपुल रहा होगा। एक अन्य उदाहरण और दिया जा सकता है। संभवत: 1966 में पहली बार रुपए का अवमूल्यन हुआ। उस समय रेडियो और टेलीप्रिंटर के अलावा तुरंत खबरें जानने का और कोई उपाय नहीं था। जो सीमित जानकारी मिलती थी उसी के आधार पर तात्कालिक विश्लेषण हो सकता था। बाबूजी ने अर्थशास्त्र में अपनी पैठ का परिचय देते हुए बतलाया कि अवमूल्यन जितने प्रतिशत किया गया है उसका डयोढ़ा प्रभाव रुपए की वास्तविक कीमत पर पड़ेगा और भारतीय अर्थव्यवस्था पर किस तरह प्रतिकूल असर होगा।
बाबूजी का नियमित लेखन 1983 के अंत में प्रारंभ हुआ। हम उनसे प्रथम पृष्ठ पर आधा कॉलम का एक साप्ताहिक टिप्पणी लिखवाना चाहते थे। दो-तीन हफ्ते उन्होंने हमारी इच्छा के अनुसार कॉलम लिखा। लेकिन जल्दी ही उन्होंने उसे एक संपूर्ण कॉलम में परिवर्तित कर दिया। ''दरअसल'' शीर्षक यह कॉलम 1994 में उनके निधन तक लगातार चलता रहा। अपने समय में यह हिन्दी का सर्वाधिक लोकप्रिय कॉलम बन गया था। बाबूजी के जीवनदर्शन का संपूर्ण आकलन इस लेखन से किया जा सकता है। ''दरअसल'' शब्द एक तरह से बाबूजी का तकिया कलाम था। इसी नाते मैंने उन्हें शीर्षक सुझाया जो उन्हें तुरंत पसंद आ गया। इस कॉलम के अंतर्गत उन्होंने दस साल में लगभग पांच सौ लेख लिखे। जिन्हें पुस्तक रूप में प्रकाशित करने का काम चल रहा है।
1986 की जुलाई में बाबूजी को बारह दिन बंबई के डॉ. ए.बी. बावडेकर के अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। रीढ़ की हड्डी में आई मुंदी चोट के कारण उनका ऑपरेशन होना था। बंबई रवाना होने से पहले वे उस हफ्ते का कॉलम लिख गए थे। ऑपरेशन के तीसरे दिन उन्होंने मुझे कागज कलम लेकर बैठने के लिए कहा तथा डिक्टेक्शन देना शुरू कर दिया। कॉलम पूरा हुआ। मैंने पोस्ट ऑफिस जाकर उसे रायपुर भिजवा दिया। ऑपरेशन के लिए बिस्तर पर पडा व्यक्ति कॉलम नहीं लिखता तो स्वाभाविक माना जाता, लेकिन बाबूजी अपने पाठकों के प्रति इस सीमा तक उत्तरदायित्व मानते थे। यह ध्यान देने योग्य है कि वे लिखते समय अपनी स्मरणशक्ति का ही सहारा लेते थे तथा उन्हें कभी नोट्स देखने की जरूरत महसूस नहीं होती थी। उनकी स्मरण शक्ति विलक्षण थी किंतु उनसे तथ्यों की चूक होने के अवसर विरल ही होंगे।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 15


मैंने प्रस्ताव ठुकरा दिया

यह 1980 की बात है। मध्यप्रदेश में राष्ट्रपति शासन समाप्त कर विधानसभा के चुनाव होना थे। मैं अपने दफ्तर में बैठा ही था कि खबर आई- प्रकाशचंद्र सेठी पांच-सात मिनट में पहुंच रहे हैं। वे उस दिन रायपुर आ रहे हैं यह तो पता था, लेकिन प्रेस आ जाएंगे इसका कोई अनुमान नहीं था। मैं उनका स्वागत करने के लिए मुख्य द्वार पर पहुंचा। कुछ ही क्षणों में सेठी जी आए। महापौर स्वरूपचंद जैन उनके साथ थे। सेठी जी ने कहा- प्रेस की बिल्डिंग दिखाओ। उनके आदेश का पालन किया। फिर उन्होंने सवाल दागा- तुम मायाराम जी को चुनाव क्यों नहीं लड़ने देते? प्रश् सुनकर मैं थोड़ा हड़बड़ाया, फिर संभलकर जवाब दिया- मैं रोकने वाला कौन होता हूं, वे नहीं लड़ना चाहते होंगे। सेठी जी ने फिर कहा कि हम उनको पिपरिया (जिला होशंगाबाद) से लड़वाना चाहते हैं। उनसे पूछा तो मालूम पड़ा कि तुम मना कर रहे हो। अब तो प्रेस का भवन भी बन गया है। तुम उन्हें फ्री क्यों नहीं करते। मैंने हाथ जोड़कर कहा कि वे आपके मित्र हैं। दोनों मिलकर जो चाहे फैसला ले लें, लेकिन मैंने उन्हें नहीं रोका है।
वास्तव में बाबूजी की दलगत राजनीति अथवा चुनावी राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं थी। 1964-65 में जब द्वारिका प्रसाद मिश्र उन्हें साथियों (परसाई जी आदि) सहित कांग्रेस में लाना चाहते थे, तब भी बाबूजी ने उन्हें मना कर दिया। उसके बाद 1966 के राज्यसभा चुनाव में मिश्र जी ने बाबूजी को कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राज्यसभा में भेजने का प्रस्ताव रखा तो बाबूजी ने मित्रों की सलाह मान ली। बाद में मिश्र जी अपने ही प्रस्ताव पर कायम नहीं रह सके। डॉ. राधाकृष्णन व के. कामराज के दबाव के चलते पत्रकार ए.डी. मणि को दूसरी टर्न के लिए मनोनीत कर दिया गया। बाबूजी मैदान में उतर चुके थे। जानते थे कि हारेंगे, लेकिन इस वादाखिलाफी को उजागर करने के लिए उन्होंने मैदान में बने रहना तय किया। उन्हें कम्युनिस्ट पार्टी के तीन वोट व कांग्रेस के दो या तीन वोट मिले। संभवत: दमोह के आनंद श्रीवास्तव, (जो नवभारत में उनके सहायक संपादक थे) हटा के जुगलकिशोर बजाज और गाडरवारा के लक्ष्मीनारायण खजांची (जिनसे पारिवारिक संबंध थे) के थे।
इसके बाद भी एकाधिक बार प्रयत्न हुए कि बाबूजी राज्यसभा में जाएं। ऐसी पहल हर बार मित्रों की ओर से ही हुई। मित्रों का मन रखने के लिए बाबूजी अपना बायोडाटा तो भेज देते थे, लेकिन राजनीति में इस तरह आने की कोई गंभीर पहल उन्होंने नहीं की। राज्यसभा में जाने के लिए पत्रमालिक और पत्रकार जिस तरह के समझौते करते हैं और नेताओं की जिस तरह से खुशामद करनी होती है वह बाबूजी के स्वभाव के बिल्कुल विपरीत थी। वे ऐसा कर ही नहीं सकते थे। इसी तरह पुरस्कार एवं अलंकरण आदि की भी उन्होंने कभी चिंता नहीं की और न कोशिश। एक बार वी.सी. शुक्ल ने मुझसे पूछा- ललित! तुम नहीं सोचते कि मायाराम जी को पद्मश्री मिलना चाहिए? मेरा उत्तर था- मेरे सोचने से क्या होता है। सोचना तो आपको चाहिए और अगर आप सोच रहे हों तो बाबूजी पद्मभूषण के योग्य हैं, पद्मश्री तो काका हाथरसी तक को मिल जाती है। जाहिर है कि शुक्ल जी की सदिच्छा मुझसे बात करने तक सीमित थी। उसके आगे कुछ होना-जाना नहीं था।
चुनावी राजनीति का एक प्रसंग 1985 में फिर घटित हुआ। मेरे पास प्रस्ताव आया कि रायपुर ग्रामीण या मंदिर हसौद से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लडूं। मैंने संदेशवाहक को स्पष्ट मना कर दिया। इसके पहले बाबूजी से पूछा गया था कि हम ललित को टिकट देना चाहते हैं, आपको कोई आपत्ति तो नहीं। तब बाबूजी ने जवाब दिया था- ललित से सीधे बात कर लेना बेहतर होगा, लेकिन मैं जहां तक समझता हूं वे हां नहीं कहेंगे। बाबूजी ने यह बात मुझे नहीं बताई, लेकिन मैंने वही किया जो उनके मन में संभवत: था। दो-तीन साल बाद वही संदेशवाहक भोपाल-रायपुर विमान यात्रा में मिल गए। मुझसे पूछा शास्त्री जी (प्रोफेसर रणवीरसिंह शास्त्री) कैसा काम कर रहे हैं। मैंने कुछ जवाब दिया होगा। फिर उन्होंने कुछ दु:ख के साथ कहा कि आपका गोल्डन अर्पाच्युनिटी मिली थी, उसे आपने ठुकरा दिया। मैंने इसका उत्तर यह कहकर दिया कि मैं पत्रकार के रूप में इस तरह बेहतर हूं कि मुझ से विधायकों के कामकाज के बारे में राय ली जा रही है। अगर आपका प्रस्ताव स्वीकार कर विधायक बन गया होता तो मेरे बारे में आप किसी और से पूछ रहे होते।
उपरोक्त प्रसंगों से यह तो स्पष्ट होता है कि एक समाचार पत्र के रूप में स्वाभाविक तौर पर बाबूजी की दिलचस्पी राजनीतिक घटनाचक्र पर रही, लेकिन इससे कोई व्यक्तिगत लाभ उठाने का प्रयत्न उन्होंने नहीं किया। जिन राजनेताओं के साथ उनके संबंध परस्पर विश्वास के थे वे बाबूजी से समय-समय पर परामर्श करते थे। ऐसे अनेक प्रसंगों का उल्लेख बाबूजी ने अपनी कलम से किया है। मुझे कुछ घटनाएं स्मरण आ रही हैं। 1962 की गर्मियों में हम लोग नैनीताल में थे। बाबूजी ने एक कागज पर तार का मजनून लिखा कि तार घर जाकर इसे भेज दो। प्रकाशचंद्र सेठी को उस दिन पंडित नेहरू ने पहली बार अपने मंत्रिमण्डल में शामिल किया था और बाबूजी उन्हें बधाई का तार भेज रहे थे। कालांतर में सेठी जी मुख्यमंत्री बनकर मध्यप्रदेश लौटे। 1972 में सेठी जी प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी पचमढ़ी में थे। बाबूजी भी बच्चों को लेकर वहां पहुंचे थे। सेठी जी से उनका मिलने का कार्यक्रम बना। उस दिन बाबूजी वापिस लौट रहे थे। कार में सामान लदा था। वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। दिल्ली से आए नए स्टाफ ने बाबूजी को ठीक से नहीं पहचाना। कुछ देर रुककर वे गृहनगर पिपरिया आ गए। आधी रात को सेठी जी के सचिव पिपरिया के थानेदार को लेकर बाबूजी को ढूंढते हुए हमारे घर पहुंचे। बहुत माफी मांगी। अपनी नौकरी की दुहाई दी। बाबूजी को अगली सुबह फिर पचमढ़ी जाना पड़ा। वे सेठी जी से मिले और निज सचिव के प्रति उनके क्रोध को शांत किया।
पिछले अध्याय में मैंने ललित श्रीवास्तव का जिक्र कर आया हूं। वे 1973 में जबलपुर नगर निगम के पार्षद बनकर सक्रिय राजनीति में आए। मैं उन दिनों जबलपुर में था। रायपुर से बाबूजी ने ट्रंक काल किया (उस समय एसटीडी सुविधा नहीं होती थी) किशोरीलाल जी शुक्ल निगम चुनाव में पर्यवेक्षक बनकर पहुंच रहे हैं। ललित श्रीवास्तव को उनसे मिलवा दो और मेरी तरफ से कहो कि उन्हें अवसर दिया जाए। मैंने आदेश का पालन किया। चाचाजी (शुक्ल जी का संबोधन) ने यह कहते हुए श्रीवास्तव जी का टिकट पक्का कर दिया कि मायाराम जी के आदेश का पालन तो करना ही पडेग़ा।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 14


अचल संपत्ति : संचारी भाव

देशबन्धु का रायपुर संस्करण 1979 से अपने निजी भवन में है। यह पहिली अचल सम्पत्ति है जो बाबूजी अखबार के लिए तैयार कर सके, लेकिन इसके लिए भी उन्हें न जाने किन-किन मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक प्रसंग का जिक्र तो मैंने पिछले अध्याय में ही कर दिया है। इसके अलावा और भी जो दिक्कतें आर्इं उन सबका विवरण बाबूजी की आत्मकथा 'धूप छांह के दिन' में देखा जा सकता है। किंतु ऐसे दो प्रसंग जिनका मैं प्रत्यक्षदर्शी ही नहीं भागीदार भी रहा हूं का जिक्र संभवत:यहां किया जा सकता है।
जब बाबूजी ने देशबन्धु के लिए ऑफसेट मशीन खरीदने की योजना बनाई तो यह भी अवश्यक हो गया कि उसके लिए उपयुक्त भवन हो। नहरपारा की जिस पुरानी इमारत में रूड़ाभाई के आशीर्वाद और उनके पुत्र कांतिभाई की सानता से हमारा काम निकल रहा था,वह अब नई मशीन और उसके सरइंतजामों के लिए नाकाफी था। भूखण्ड तो हमारे पास था,लेकिन प्रश्न था कि भवन बनाने के लिए रकम कहां से जुटाई जाए। म.प्र. वित्त निगम ने मशीन और भवन के लिए 52 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत कर दिया था लेकिन 25 प्रतिशत मार्जिन मनी याने तेरह लाख रुपए का इंतजाम तो करना ही था। हमारे ऋण प्रकरण में वित्त निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री वी.एन. गर्ग ने बहुत ही सद्भाव का परिचय देते हुए सहायता की लेकिन ये आपातकाल के बाद का समय था तथा प्रेस की स्वाधीनता की दुहाई देने वाले हमें परेशान करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे थे।
खैर, तेरह लाख की राशि उस समय के हिसाब से बहुत ज्यादा थी। हमें ओवर इन्वायसिंग या अंडर इन्वायसिंग का खेल न तब समझ आता था, न आज समझ आता है। ऐसे समय देशबन्धु के सबसे वरिष्ठ सहयोगी (नियुक्ति क्रम में) दुर्ग जिला प्रतिनिधि धीरजलाल जैन ने एक विचार सामने रखा। उन्होंने अखबार के तत्कालीन ग्राहक शुल्क का गुणा-भाग करके बताया कि यदि हम छह सौ रुपए के आजीवन ग्राहक बना लें तो दो हजार ग्राहकों से प्राप्त रकम से मार्जिन मनी का प्रबंध हो जाएगा। यह प्रस्ताव बाबूजी को जंच गया, लेकिन उन्होंने योजना राशि छह सौ के बजाय एक हजार कर दी। योजना का नाम भी आजीवन के बजाय स्थायी ग्राहक योजना रखा। बाबूजी सहित सारे वरिष्ठ सहयोगी इस योजना को मूर्तरूप देने में जी-जान से जुट गए। हम लोगों ने अंबिकापुर और जशपुर नगर से लेकर दंतेवाड़ा तक की यात्राएं कीं। देशबन्धु की अपनी साख, स्वच्छ छवि व निजी संबंधों का लाभ मिला। अधिकतर लोगों को यही लगा कि वे 'अपने' अखबार की प्रगति में सहायक सिध्द हो रहे हैं। उनमें से बहुत से लोग आज भी हमारे बीच मौजूद हैं और देशबन्धु से उन्हें पहले की तरह अभी भी लगाव है।
जाहिर है कि इस तरह से तो राशि धीरे-धीरे कर आना थी, लेकिन मशीन का आर्डर पहले से दे दिया गया था, बयाना पट चुका था, भवन का निर्माण भी प्रारंभ हो चुका था। ऐसे समय सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने हमारी मदद की। बाबूजी के मित्र गिरधरदास डागा ने अपने महाप्रबंधक आदि से चर्चा कर हमारे लिए ब्रिज लोन या स्थायी लोन का प्रबंध कर दिया ताकि काम रुके न। ग्राहक योजना का पैसा जैसे-जैसे आता गया ऋण खाते में जमा होता गया।''अखण्ड आनंद'' और ''कल्याण'' जैसी धार्मिक पत्रिकाओं में ऐसी योजनाएं पहले से तो थीं लेकिन देश में ऐसे समाचारपत्र द्वारा प्रयोग करना यह पहला अवसर था। इसकी चर्चा टाइम्स ऑफ इंडिया आदि अखबारों में भी हुई। देशबन्धु 'पत्र नहीं मित्र' का हमारा दावा सार्थक हुआ। जब हम ग्राहक बनाने निकलते थे तो मजाक में कभी-कभी पूछा जाता था- आजीवन ग्राहक आप बनाने चले हैं तो किसका जीवन ''अखबार का'' या ''हमारा''। हम भी उसी भाव से जवाब देते थे कि मनुष्य के जीवन का तो कोई भरोसा नहीं, लेकिन इस अखबार का जीवन जरूर बहुत लंबा है।
जब भवन बनने की बात आई तो भूमिपूजन किस रूप में हो, इस पर भी विचार किया। रायपुर के तत्कालीन संसद सदस्य और केंद्रीय पर्यटन मंत्री पुरुषोत्तमलाल कौशिक को मुख्य अतिथि बनाना तय हुआ। वे पुराने समाजवादी एवं लड़ाकू जननेता थे। इस नाते उनका हम सम्मान करते थे। कौशिक जी ने अपनी सहमति दे दी। कार्ड छपकर वितरित हो गए लेकिन जिस सुबह भूमिपूजन होना था उसकी पूर्व रात्रि को उन्होंने अचानक नागपुर होते हुए दिल्ली जाने का प्रोग्राम बना लिया। हमें जैसे ही सूचना मिली आधी रात को मैं और बाबूजी उनसे मिलने सर्किट हाउस पहुंचे। बाबूजी के बहुत समझाने पर भी वे नहीं माने। कौशिक जी चर्चा समाप्त करने का मौन संकेत देते हुए बाथरूम चले गए। बाबूजी भी उठ खड़े हुए। मैंने उनसे आज्ञा ली कि मैं भी उनसे एक मिनट बात करके देखता हूं। मैं बाथरूम के दरवाजे पर जाकर खड़ा हो गया। कौशिक जी बाहर निकले तो मैंने पूछा तो आप नहीं आएंगे तो उन्होंने कहा-हां। मैं नहीं रुक सकता। मैंने फिर कुछ उद्दण्डता के साथ ही कहा- आज आप संसद सदस्य हैं,शायद कल नहीं भी रहेंगे, लेकिन देशबन्धु तो निकलता रहेगा और तब मैं किसी दिन पूछूंगा कि आपने हमारे साथ ऐसा बर्ताव क्यों किया था।
देशबन्धु के जबलपुर संस्करण के भू-आबंटन का प्रसंग भी इसी तरह से कड़वे-मीठे अनुभव लेकर आया। एक भूखण्ड हमें मौके की जगह पर आबंटित हो गया था। उसी दरम्यान विधानसभा चुनाव सामने आ गए। एक दिन एकाएक प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेश पचौरी रायपुर मुझसे मिलने आए। ''आपको जमीन आबंटन से एक वर्ग विशेष में असंतोष है,इसका असर कांग्रेसी उम्मीदवार ललित श्रीवास्तव के चुनाव पर पड़ेगा। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि आप फिलहाल इस भूखण्ड को वापिस कर दें। इसके बदले आपको दूसरा भूखण्ड चुनाव के बाद आबंटित कर दिया जाएगा।'' मैं स्वयं निर्णय लेने की स्थिति में तो था ही नहीं, बाबूजी को खबर की तो उनका सुलझा हुआ उत्तर मिला कि जिन्होंने जमीन दी है वही वापिस चाहते हैं तो कर देते हैं। बाद में जो होगा देखा जाएगा। हमने वैसा ही किया। चुनाव हुए तथा अर्जुनसिंह दुबारा मुख्यमंत्री बने। दो दिन बाद वे पंजाब के राज्यपाल नियुक्त कर दिए गए। फिर दूसरा भूखण्ड मिलने में जो पापड़ बेलना पड़े उसका अलग ही किस्सा है।