Wednesday, 11 April 2012

उसमें प्राण जगाओ साथी- 6

संस्मरण और पत्र लेखक


एक साहित्यिक के रूप में मायाराम सुरजन का जो महत्वपूर्ण योगदान है, वह उनके संस्मरणों से है। ''मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के'' शीर्षक से उन्होंने जो लेखमाला लिखी, जो बाद में पुस्तक रूप में प्रकाशित हुई, में न सिर्फ प्रदेश का राजनैतिक इतिहास है, बल्कि वे दुर्लभ राजनैतिक संस्मरण भी हैं। इसके अलावा उन्होंने कुल मिलाकर शताधिक संस्मरण लिखे होंगे जो एक ओर लेखक की गहरी संवेदनशीलता को प्रतिबिंबित करते हैं तो दूसरी ओर उनके विराट अनुभव व सजग विश्व दृष्टि को। ''अंतरंग'' व ''इन्हीं जीवन घटियों में'' शीर्षक से प्रकाशित दो पुस्तकों में अधिकतर संस्मरण संकलित हैं, लेकिन अब भी अनेक वृत्तांत पुस्तक रूप में सामने आना बाकी हैं।मायाराम सुरजन उन कुछ संस्मरण लेखकों में हैं जिन्होंने अपने आसपास के जीवन से ऐसे पात्र उठाए हैं जिन पर गुणी लेखकों की नार सामान्यत: नहीं जाती। प्राथमिक शाला के शिक्षकगण मास्टर नब्बू खाँ, सन्नूलाल जैन, मदनगोपाल पुरोहित, भिड़े जी, कॉलेज के प्राध्यापक श्रीमन्नारायणजी, पन्नालाल बलदुआ, भगवत शरण अधौलिया- इस तरह से लगभग 10-12 गुरुओं को उन्होंने बहुत उदार एवं कृतज्ञ मन से भावभीनी श्रध्दांजलि दी है। वे बाबूसिंह पर भी लिखते हैं जो प्रेस में एक भृत्य के रूप में सेवाएं देते रहे और पं. रामाश्रय उपाध्याय पर भी जो देशबन्धु के संपादक थे। अपने ड्राइवर मारूति राव माने की वृध्द मां पर ''आई'' शीर्षक से उन्होंने जो मर्मस्पर्शी संस्मरण लिखा है, उसे पढ़कर मेरी ही आंखों में न जाने कितनी बार आंसू आए होंगे। बाबूजी ने जिनके संपर्क में आए ऐसे महामनाओं व साहित्यिक विभूतियों पर भी संस्मरण लिपिबध्द किए हैं। इन सब में निस्संग निश्छल तरलता का प्रवाह प्रारंभ से अंत तक देख सकते हैं।बाबूजी ने 50-60 के बीच अपने अनेक दिवंगत मित्रों पर भी लिखा जैसे जगदलपुर में जनसंपर्क अधिकारी रहे भगवानसिंह मुस्तंजर, नवभारत में सहयोगी कृष्णकुमार तिवारी उर्फ छोटे भैय्या, पुस्तक विक्रेता जोरजी, जबलपुर फुटबाल संघ के महबूब अली आदि। राजेंद्र प्रसाद अवस्थी 'तृषित' (आगे चलकर कादंबिनी के संपादक) तब नवभारत में साहित्य संपादक थे। उन्होंने नागपुर से, बाबूजी को पत्र लिखा कि आप ऐसे संस्मरण मत लिखा कीजिए जो रुला डालते हों। भोपाल के अस्पताल में कवि विपिन जोशी का निधन हुआ तो बाबूजी ने अखबार के लगभग पूरे पेज में  ''विपिन जोशी के नाम स्वर्ग में चिट्ठी'' लिखी। इसमें उन्होंने हिंदी लेखक की जीवन स्थितियों का गहरा व सटीक चित्रण किया। मुझे लगता है कि हमारे समीक्षकों व साहित्यिक पत्रिकाओं का ध्यान मायाराम सुरजन के संस्मरण साहित्य पर जाना चाहिए।बाबूजी के गद्य लेखन में जो प्रवाह, सादगी व तरलता थी, उसे संस्मरणों के अलावा उनके लिखे पत्रों में भी देखा जा सकता है। हिन्दी और अंग्रेजी पर उनका समान रूप से अधिकार था तथा अपने उर्दूदां मित्रों के साथ खतो-किताबत करने में उन्हें कोई मुश्किल नहीं होती थी। मुझे हमेशा लगते रहा है कि प्रेमचंद की भाषा में जो सादगी है वही बाबूजी और उनके अनन्य मित्र परसाई जी के लेखन में है। बाबूजी ने अपने पचास वर्ष पूरे करने पर एक संस्मरणात्मक लेख लिखा था उस पर उनके और परसाई जी के बीच अखबार के माध्यम से ही जो पत्राचार हुआ वह बेहद रोचक है। इसे बाद में अनेक पत्र-पत्रिकाओं ने परसाईजी के संस्मरणों के अन्तर्गत पुनर्प्रकाशित किया। सुप्रसिध्द गीतकार नईम के साथ उनका जो पत्र व्यवहार चलते रहा वह भी खासा दिलचस्प है। इसमें उर्दू भाषा और साहित्य पर उनकी गहरी समझ का परिचय मिलता है।उनके पत्र लेखन की खूबसूरती सिर्फ साहित्यकारों को लिखे पत्रों तक सीमित नहीं थी। एक अखबार के संचालक होने के नाते उन्होंने जो व्यवसायिक पत्र लेखन किया, वह भी उनकी भाषा सामर्थ्य व अभिव्यक्ति की अद्भुत क्षमता को दर्शाता है। 1975-80 तक पत्र के लिए विज्ञापन जुटाने हेतु महानगरों तक बाबूजी यात्राएं किया करते थे। वे एक-एक हफ्ते बाहर रहकर लौटते और आने के तुरंत बाद टाइपराइटर पर बैठ जाते। यात्रा में उन्होंने अगर तीस विज्ञापनदाताओं से भेंट की तो वे उनमें से हरेक को व्यक्तिगत धन्यवाद पत्र लिखते। अंग्रेजी में लिखे इन पत्रों का पहला पैराग्राफ कभी भी समान नहीं होता था याने बाबूजी तीस लोगों को तीस तरह से चिट्ठी लिखते थे।1970 में नेशनल हेराल्ड लखनऊ की एक पुरानी छपाई मशीन रायपुर संस्करण के लिए खरीदने की बात चली। इंदिरा गांधी के विश्वासपात्र पंडित उमाशंकर दीक्षित नेशनल हेराल्ड का कामकाज देखते थे। बाबूजी ने उन्हें अंग्रेजी में पत्र लिखा और उसमें अपना परिचय देते हुए एक स्थान पर उल्लेख किया कि आप अगर मेरे बारे में ज्यादा जानकारी हासिल करना चाहते हैं तो पंडित डी.पी. मिश्रा या पी.सी. सेठी से पूछ सकते हैं। इस पत्र से दीक्षित जी बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने मशीन हमें उधार में दे दी। जिसका पैसा कुछ समय बाद चुकाया गया। यही नहीं उन्होंने बाबूजी को नेशनल हेराल्ड का डायरेक्टर बनने का प्रस्ताव  तक दे दिया। एक बार बाबूजी के वरिष्ठ सहयोगी पंडित रामाश्रय उपाध्याय ने एक प्रभावशाली राजनैतिक परिवार से जुड़े राजनेता पर कोई व्यंग्यात्मक टिप्पणी कर दी जो नेताजी को नागवार गुजरी। उन्होंने उग्र स्वर में बाबूजी को शिकायती पत्र भेजा तथा सुसंस्कृत न होने का आरोप लगाया। बाबूजी ने बेहद संयत भाषा में उनको उत्तर लिखा। इसकी एक इबारत कुछ इस तरह थी- ''हम सामान्य लोग हैं। शिष्ट समाज के कायदे क्या जानें। संस्कृति और सम्पत्ति आपको तो विरासत में मिली है, लेकिन आपके पत्र में यदि उस संस्कृति का थोड़ा परिचय मिलता तो बेहतर होता।'' बाबूजी इसी तरह मजे में बड़े से बड़े वार झेल जाते थे और जब उत्तर देते थे तो ऐसे ही सधे तरीके से कि सामने वाला पानी-पानी हो जाए।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 5


गीतकार मायाराम

पत्रकारिता में मायाराम सुरजन के अवदान से मोटे तौर पर लोग परिचित हैं, यद्यपि इस तस्वीर में रंग भरे जाना अभी बाकी है। किंतु बाबूजी के कृतित्व का एक दिलचस्प पहलू अभी तक लगभग अनजाना है। यह तथ्य उनके अनेक मित्रों को शायद मालूम नहीं था कि वे एक अच्छे गीतकार भी थे। मेरे पास बाबूजी की जो डायरियां हैं, उनसे पता चलता है कि 1939 के आसपास उन्होंने गीत लिखना प्रारंभ किया था। यह गीत यात्रा कोई पच्चीस वर्ष तक चलती रही। उनकी तीसरी और आखिरी कविता डायरी में 1952 से 62 के बीच लिखे एक गीत हैं और उसके बाद सिर्फ कोरे पन्ने हैं। अंतिम गीत की पंक्तियां कुछ इस प्रकार हैं-
''आज अकेले चलो पांव रे! वे दिन बीत गए
सुख-सुहाग के दिन थोड़े थे जब बारात सजी
हर पड़ाव पर नेह निहोरे, यश सौगात बंटी''... आदि
मैं जहां तक समझ पाया हूं 1962 के अंत में जब वे जबलपुर नई दुनिया से पृथक हुए, उसके बाद लंबे समय तक उन्हें जो भीषण संघर्ष झेलना पड़े, उसमें वे अपने कवि को हाशिए पर डालकर भूल गए। मैं जब-तब एक पाठक की दृष्टि से इन गीतों को देखता हूं तो लगता है अगर बाबूजी निरंतर लिखते रहते तो समकालीन परिदृश्य पर एक समर्थ गीतकार के रूप में अपनी अलग पहिचान बना सकते थे।
यूं मुझे अक्सर यह सोचकर हैरानी होती है कि बाबूजी ने एक साहित्यिक के रूप में गीत विधा को क्यों चुना। क्या शायद इसलिए कि उनके विद्यार्थी जीवन में समर्थ गीतकारों की एक पूरी पीढ़ी दृश्य पर मौजूद थी! और किसी भी नए रचनाकार पर उनका प्रभाव न पड़ना असंभव था। बाबूजी के समकालीनों में भवानीप्रसाद मिश्र, मुक्तिबोध व धर्मवीर भारती आदि थे जिन्होंने गीत से ही अपनी साहित्य यात्रा प्रारंभ की थी। ऐसे में मायाराम सुरजन नामक तरुण भी गीत लिखे तो अचरज नहीं होना चाहिए, लेकिन मेरी हैरानी एक तो इस कारण से है कि जब वे अन्य मित्रों की भांति नई कविता की ओर बढ़ सकते थे, उन्होंने ऐसा नहीं किया। दूसरे, वे जिस रचना मंडल के सदस्य थे, उसमें उनके सहित लगभग सभी साहित्य को एक महत्तर उद्देश्य का माध्यम मानने वाले थे। वे सब शाश्वत साहित्य, रचना की स्वायत्तता जैसी धारणाओं से दूर थे तथा कविता उनके लिए मनोरंजन का शगल नहीं थी। और फिर, बाबूजी कविता के बजाय गद्य साहित्य ही प्रमुख रूप से पढ़ना पसंद करते थे।
जो भी हो बाबूजी की गीत पंक्तियां रह-रहकर मेरे ओठों पर आ जाती हैं। उनका एक गीत है- ''पल-प्रतिपल गलती काया को जीने का विश्वास चाहिए।'' इसे डॉ. चितरंजन कर ने कुछ अन्य गीतों के साथ बेहद खूबसूरत ढंग से स्वरबध्द किया है। सुनो तो रोम-रोम झनझना उठता है। मनुष्य जीवन की सार्थकता का पुरजोर शब्दों में प्रतिपादन इस कविता में है। ऐसी ही उनकी एक अन्य कविता है- ''जो जीवन से हार गया हो उसमें प्राण जगाओ साथी।'' इसी कविता से मैंने अपनी लेखमाला का शीर्षक उठाया है। मुझे विशेष तौर पर उनका एक गीत पसंद है जो कुछ-कुछ प्रेमगीत सा है- ''तुम्हें लिखूं क्या पत्र, हृदय की भाषा पढ़ लो।'' इसमें आगे चलकर एक पंक्ति आती है- ''मैं हीरे सी हृदय मणि, तुम मन-मुंदरी में जड़ लो।'' अफसोस कि मुझे सिर्फ यत्र-तत्र पंक्तियां ही ध्यान आती हैं।
1961-62 में बाबूजी ने एक सुदीर्घ कविता लिखी। इसे उन्होंने प्रकशित भी किया- ''अपयश'' के छद्मनाम से। इस मार्मिक कविता के कुछ बंध प्रस्तुत हैं-
''यह तो प्रीति तुम्हारी ही थी जैसा चाहा मुझे बनाया
यह भी रीति तुम्हारी ही है कभी हंसाया कभी रुलाया...''
''तुम खुश तो निशिचर रावण भी सोने की लंका का स्वामी
तुम नाखुश तो दशरथ नंदन हुए राजपथ से वनगामी''
''तुमने सोचा सृष्टि तुम्हारी माया की मजबूर नहीं अब
र् ईष्या जब विवेक पर हावी कोई निर्णय क्रूर नहीं तब''
अंतिम पंक्तियां हैं-
''इसलिए तुम अपने भेद न देना जग तो माया का विश्वासी
मैं अपने कांधे ओढ़ूंगा छलनामय निर्दोष उदासी।''  मैंने जितना समझा यह गीत मानवीय रिश्तों की जटिल बनावट को खोलकर सामने रख देता है।
यह तो मेरी राय हुई। बाबूजी को स्वयं अपना जो गीत प्रिय था, उसकी शुरुआत इस तरह से होती है- ''बांधो री सखि! नेहदान की सीमा मेरी प्यास सदा अनबुझी रहेगी।'' जब कभी फुर्सत के क्षणों में हम बाबूजी के साथ बैठते और कुछ सुनाने की फरमाइश करते तो अक्सर बाबूजी यही गीत ठेठ कवि सम्मेलनी अंदाज में सुनाते। अगर कुछ और सुनाने की मांग होती तो वे ''अंदांज'' फिल्म में मुकेश का गाया गीत- ''झूम-झूम के नाचो आज आज किसी की हार हुई है, आज किसी की जीत'' ही सुनाते या फिर कुंदनलाल सहगल का ''एक बंगला बने न्यारा।''
बाबूजी ने अपने गीतों के प्रकाशन में कभी रुचि नहीं ली। मैंने ही बीच-बीच में उनसे बिना पूछे डायरी से कविताएं निकालकर दीपावली विशेषांक जैसे अवसरों पर छाप दीं। वे कवि सम्मेलनों व गोष्ठियों में श्रोता के रूप में तो अक्सर जाते थे, लेकिन खुद का कवि रूप में परिचय कभी नहीं दिया। इसमें एक अपवाद हुआ। 22 जनवरी 1969 को मेरे विवाह की संध्या पर नागपुर में। गोधूलि वेला में बारात स्वागत की औपचारिकताओं के बाद बाबूजी सहित सारे लेखक-बाराती चले गए विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन के ''मोर भवन'' में। वहां सम्मेलन की ओर से इन सबके सम्मान में काव्य गोष्ठी रखी गई थी। मध्यप्रदेश और विदर्भ से आए इतने सारे लेखकों के जुटने का यह अद्भुत अवसर था। बाबूजी के कवि होने का रहस्य जानने वाले किसी मित्र ने राज खोल दिया तो उन्हें कविता सुनाना ही पड़ी। वही- ''बांधो री सखि! नेहदान की सीमा।'' अगले दिन स्थानीय समाचार में खबर छपी तो सबने आनंद लिया।
बाबूजी ने एक कविता मुझ पर भी लिखी। मैं ग्वालियर में था। 14 नवंबर याने बाल दिवस। बुआजी पाँच माह अस्पताल में बिताकर घर लौट रही थीं। उसी दिन मकान मालिक के बेटे का जन्मदिन था। अनुपम भैया और मैं उसमें चले गए। बुआजी घर आईं तो हम नदारद थे। फूफाजी और बाबूजी दोनों बहुत बिगड़े। बाबूजी ने मुझे गुस्से में एक चाँटा भी जड़ दिया। वे उसके बाद भोपाल रवाना हो गए। रास्ते में कविता लिखी और भोपाल पहुँचते साथ अगले दिन मुझे पोस्ट कर दी। पहिली पंक्ति है-''दिल के टुकड़े, परम लाड़ले बहुत दु:खी जो तुमको मारा।'' इसके आगे इसमें आगे बाल दिवस का जिक्र है कि चाचा नेहरू के जन्मदिन पर ऐसा नहीं करना था। अपनी यात्राओं के अकेलेपन में किसी शाम मुंबई की चौपाटी पर बैठे-बैठे उन्होंने सारे परिवार के लिए एक गीत रचा-''सब अपनों से दूर यहाँ मैं शून्य गगन में देखा करता।'' इसमें उन्होंने  अपने माता-पिता, पत्नी और चारों बच्चों (1956) को एक-एक पद समर्पित किया।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 4







हिन्दी साहित्य सम्मेलन


हिन्दी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में बाबूजी की सक्रियता वर्धा में उनके कॉलेज के दिनों में ही शुरू हो गई थी। उन्होंने वर्धा विद्यार्थी हिन्दी साहित्य परिषद नामक संस्था का गठन किया था जिसका जिक्र हम बाद में भी करेंगे। वे जब नागपुर आए तो म.प्र. हिन्दी साहित्य सम्मेलन तथा प्रगतिशील लेखक संघ दोनों से वे सक्रिय रूप से जुड़े। प्रगतिशील पत्रिका ''नया पथ'' के संपादक समवयस्क राजीव सक्सेना से उनकी मित्रता हो गई थी और नागपुर में पत्रिका के लिए ग्राहक जुटाने का काम उन्होंने इस दौरान किया। सम्मेलन की गतिविधियों में भी वे बराबर हिस्सा लेते रहे। नागपुर उस समय राजधानी थी। वहां साहित्यकारों का अच्छा खासा जमघट था और इस मंडली में ऐसे अनेक मित्र थे जिन्होंने हिन्दी जगत में मध्यप्रदेश को प्रतिष्ठा दिलाई।
म.प्र. हिन्दी साहित्य सम्मेलन के साथ उनकी बेहद सक्रिय भूमिका की शुरूआत नया राज्य गठित होने व भोपाल के राजधानी बनने से होती है। नए प्रदेश में स्वाभाविक तौर पर सम्मेलन का पुनर्गठन किया जाना था। 1957 में यह तय हुआ कि अगले वर्ष एक प्रदेश-स्तरीय सम्मेलन से नए अध्याय की शुरुआत की जाए। इसके लिए एक स्वागत समिति बनी। पंडित कुंजीलाल दुबे स्वागताध्यक्ष व मायाराम सुरजन स्वागतमंत्री निर्वाचित हुए। प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को मुख्य अतिथि आमंत्रित करने का निर्णय हुआ। अपनी दैनंदिन व्यस्तताओं को संभालते हुए बाबूजी सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सालभर तक लगे रहे। जैसा कि ऐसे आयोजनों में हमेशा होता है धन राशि का प्रबंध करना सबसे पहला और सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यहां भी था। इसके बाद स्मारिका के लिए सामग्री और विज्ञापन इकट्ठा करना दूसरा बड़ा काम था। यह सब कुछ होकर सम्मेलन का ऐतिहासिक अधिवेशन भोपाल की सदर मंजिल में सम्पन्न हुआ। यह बाबूजी के जीवन का एक गौरवपूर्ण क्षण था।
इसके बाद बाबूजी लगातार सम्मेलन की कार्यकारिणी में बने रहे। एक समय उन्होंने प्रधानमंत्री का दायित्व भी संभाला। उनके ही मार्गदर्शन में 1972 में राजनांदगांव में भव्य अधिवेशन हुआ। उस समय ही लगभग सर्वानुमति बन गई कि अगले अधिवेशन में मायाराम सुरजन सम्मेलन के अध्यक्ष होंगे। यद्यपि म.प्र. हिन्दी साहित्य सम्मेलन प्रदेश की सबसे पुरानी साहित्यिक संस्था थी लेकिन इसके कामों में कोई बहुत ज्यादा गति नहीं थी। 1972 तक राज्य सरकार से नाममात्र को तीन हजार रुपए का अनुदान मिलता था तथा अध्यक्ष का घर ही सम्मेलन का कार्यालय होता था। अधिकतर साहित्यकार सिर्फ इसलिए जुड़े थे कि एक चली आ रही परंपरा का निर्वाह करना था। यहां-वहां सम्बध्द संस्थाएं छुटपुट कार्यक्रम कर लेती थीं। बाबूजी जब प्रधानमंत्री बने तब एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि जबलपुर विश्वविद्यालय की बीए की परीक्षा में हिन्दी में सार्वधिक अंक पाने वाले विद्यार्थी को सुभद्राकुमारी चौहान स्वर्णपदक दिया जाएगा। इसे 1964 से प्रारंभ होना था। उधर मध्यभारत व विंध्यप्रदेश में क्षेत्रीय इकाईयां चल रही थीं जो लगभग स्वायत्त थीं और संभवत: समानांतर रूप से काम कर रही थी।
यह समूचा परिदृश्य 1976 में पूरी तरह से बदल गया था। सम्मेलन का मानो कायाकल्प हो गया। 1976 की मई में चिलचिलाती गर्मी के बीच विदिशा में अधिवेशन हुआ। बाबू जगजीवनराम मुख्य अतिथि बन कर आए। पहिली बार लगभग साढ़े तीन सौ प्रतिनिधियों ने अपना पंजीयन कराया। ठहरने की जगह कम पड़ गई और भोजन व्यवस्था भी। स्थानीय आयोजन समिति को अनुमान नहीं था कि इतना बड़ा अधिवेशन हो जाएगा। तीन दिन तक वैचारिक सत्रों में धुआंधार चर्चाएं हुर्इं और रात को पारंपरिक कवि सम्मेलन कोई डेढ़ सौ कवि मंच पर विराजमान होने के कठिन प्रयत्न में लगे हुए थे। ऐसे अपूर्व उत्साह का वातावरण सिर्फ एक तथ्य के कारण बना कि बाबूजी अध्यक्ष बन रहे थे और हिन्दी प्रेमियों तथा लेखकों के मन में विश्वास था कि अब कुछ नई बात बनेगी। और यही हुआ।
अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद बाबूजी ने बहुत तटस्थ भाव से अपनी कार्यकारिणी का गठन किया। उसमें युवाओं को भरपूर स्थान मिला। सम्मेलन से सम्बध्द होने वाली संस्थाओं में अभूतपूर्व वृध्दि हुई। बाबूजी ने राज्य शासन से सम्मेलन के लिए कार्यालय के लिए जगह मांगी। यथासमय सदर मंजिल के सामने शीशमहल में कार्यालय के लिए एक अच्छा खासा स्थान मिल गया, और विधिवत कार्यालय प्रारंभ हो गया। पहली बार पूर्णकालिक प्रबंध मंत्री की नियुक्ति हुई। अलमारियां, टाइपराइटर आदि खरीदे गए। टेलीफोन लगा। कार्यालय सहायक व भृत्य आदि भी नियुक्त हुए। इस सबकी व्यवस्था के लिए बाबूजी ने निरंतर भाग दौड़ कर समुचित अनुदान राशि राज्य सरकार से स्वीकृत कराई। तीन हजार की अनुदान राशि कालांतर में तीन लाख रुपए वार्षिक तक पहुंच गई। इसके बावजूद बाबूजी ने सम्मेलन अथवा साहित्यिक उद्देश्य के लिए की गई यात्राओं में कभी यात्रा व्यय नहीं लिया। इसे उन्होंने मातृभाषा का ऋण शोधन करना ही माना। अपने अध्यक्ष काल में बाबूजी ने सम्मेलन के निजी भवन के लिए भी दौड़-धूप की तथा भदभदा रोड पर अंतत: उन्होंने जो प्लाट आरक्षित कराया उसी पर उनकी मृत्यु के दस साल बाद सम्मेलन के लिए भवन बना।
वे 1974 से 1996 तक अपनी मृत्यु तक सम्मेलन के अध्यक्ष रहे। इस बीच उन्होंने जब भी पदमुक्त होने की इच्छा व्यक्त की वह सम्मेलन के साथियों द्वारा हर बार खारिज कर दी गई। उनके इस कार्यकाल की सांगठनिक दृष्टि से एक जो बड़ी उपलब्धि रही वह थी सम्मेलन को एक सूत्र में बांधना। म.प्र. के विभिन्न भौगोलिक घटकों में जो भावात्मक दूरी थी वह सम्मेलन के क्षेत्रीय इकाईयों में भी दिखती थी। अत्यंत धीरज के साथ उन्होंने सबको जोड़ने का काम किया। उनके कार्यकाल के पहले महामंत्री कोमलसिंह सोलंकी ने इस मुहिम में खूब साथ निभाया। 1976 में अध्यक्ष बनने के चार माह के भीतर ही उनके प्रयत्नों से सम्मेलन का अपना प्रतिनिधि मंडल मॉरीशस से द्वितीय विश्व हिन्दी सम्मेलन में शिरकत करने भेजा गया। बाबूजी ने स्वयं जाने के बदले मुझे भेजा और मेरा मार्ग व्यय सम्मेलन के खाते में नहीं डाला गया।
म.प्र. हिन्दी साहित्य सम्मेलन को सबसे ज्यादा प्रतिष्ठा मिली अपने रचना शिविरों के कारण। अपनी टीम में जिन युवा लेखकों को उन्होंने जोड़ा था उन पर पूरा विश्वास करते हुए उन्हीं पर इन शिविरों के आयोजन की जिम्मेदारी डाली गई। ऐसा जनतांत्रिक रवैया हिन्दी की किसी भी अन्य संस्था में नहीं होगा। पचमढ़ी में कविता शिविर, अमरकंटक में कहानी शिविर, शिवपुरी में नाटय शिविर ऐसे अनेक आयोजन हुए जिनमें प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं ने बहुत उत्साह के साथ भागीदारी की। आज हिन्दी कहानी, कविता में पचास-पचपन के आयु वर्ग में जिन लेखकों के नाम सुने जाते हैं उनमें से अनेक के व्यक्तित्व का निर्माण सम्मेलन के इन शिविरों में ही हुआ।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 3


ललित सुरजन

मुझे बाबूजी के साथ लंबी-लंबी यात्राएं करने के अनेक अवसर मिले। उन्हें एक अच्छी पुस्तक पढऩे में जितना आनंद आता था, मन की मौज में की गई एक अच्छी यात्रा से भी वे उतने ही उत्फुल्ल होते थे। उन्हें अपने बचपन से लेकर तरुणाई तक पढ़ाई जारी रखने के लिए यहां-वहां भटकना पड़ा था। यह विवशता ही यदि आगे चलकर प्रिय व्यसन में परिवर्तित हो गई तो क्या आश्चर्य! जो कोई भी यात्रा पर उनके साथ हो तो, उसके लिए यह हमेशा एक अनूठा अवसर होता था। दैनंदिन जीवन की आपाधापी और अनथक तकलीफों से बाबूजी निश्चित रूप से थक जाते थे। यात्राएं उन्हें अपने आपको सहेजने, अपने स्वभाव में लौटने और आगे के लिए शक्ति संचित करने का अवसर देती थीं। उन्हें अखबारी काम के सिलसिले में अक्सर महानगरों के दौरे करना पड़ते थे। इस एकाकीपन का उपयोग वे ज्यादातर पुस्तकें पढऩे में करते थे। लेकिन वे जब हम लोगों के या मित्र मंडली के साथ निकलते थे तो मानों उनके व्यक्तित्व का रूपांतरण हो जाता था।

यात्रा चाहे सड़क मार्ग से हो रही हो या रेल मार्ग से। उन्हें यहां से वहां तक का रास्ता ज्यों कंठस्थ होता था। कहाँ अच्छी चाय मिलती है, कहाँ गुलाब जामुन और कहा आलू बोंडे- उन्हें सब पता था। अगर ट्रेन से जा रहे हों तो ऐसा कोई स्टेशन आने पर वे खुद उतरकर हम लोगों के लिए व्यंजन लाने चले जाते थे। फिर भले ही डिब्बे तक वापिस आते-आते ट्रेन क्यों न चल पड़ी हो। सड़क मार्ग से जाने पर यह खतरा नहीं था। एक बार कार द्वारा पूरे परिवार के साथ भोपाल से ब्यावर-अजमेर-चित्तौड़ होते हुए नाथद्वारा जा रहे थे। रात को ब्यावर की एक धर्मशाला में रुके। सुबह चले तो उन्होंने बताया कि आगे सिरवाड़ नामक गांव में बहुत अच्छे परांठे बनते हैं। गांव आया। परांठे वाले भोजनालय में पहुंचे। शुद्ध घी नहीं था तो मुझे बस्ती में भेजा। मात्र 3 रुपए का शुद्ध एक सेर घी लेकर मैं आया तब थाल के आकार के परांठे सिंके और सबने आनंद उठाया। जबलपुर-दमोह के बीच कटंगी के रसगुल्ले, बिलासपुर-कटनी के बीच खोडरी व खोंगसरा की चाय और बड़े, मंडला के पास बिछिया में खोवे की जलेबी और शिकारा में सुबह के नाश्ते का स्वाद सबसे पहिले बाबूजी के साथ ही मैंने लिया।

जब 1959 में नई दिल्ली के प्रगति मैदान (अब) पहिले-पहल विश्व व्यापार मेला का आयोजन हुआ तो बाबूजी हम सबको वहां ले गए। नई दिल्ली स्टेशन के सामने लेडी हार्डिंग सराय में ठहरे। फरवरी की कड़कड़ाती ठंड में नहाने के लिए गरम पानी खरीदना पड़ता था। रोज शाम को मेला खुलते साथ हम वहां पहुंच जाते थे। सोवियत संघ, अमेरिका, ब्रिटेन के पंडालों के सामने लंबी-लंबी कतारें लगती थीं। चिकने मोटे कागज पर रंगीन छपे ब्रोशर मिलते थे। उनसे कागज व स्याही दोनों की सुगंध उठती थी। सोवियत पंडाल में स्पुतनिक का मॉडल भी था। यह शैक्षणिक यात्रा ही थी जिसमें शिक्षक के रूप में बाबूजी साथ थे। उसी समय अशोका होटल नया-नया बना था। बाबूजी हमें वहां लेकर भी गए और चाणक्यपुरी भी घुमाई। संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, तीन मूर्ति व राजघाट तो देखे ही देखे। इसके पहिले 1957 में देहरादून से लौटते हुए हम पहिली बार दिल्ली में रुके थे। एक रात दरियागंज में मोतीमहल में बिताई थी। वही जिसका बटर मसाला चिकन आज विश्वप्रसिद्ध है। तब लालकिला, कुतुबमीनार देखे और पहिली बार परांठावाली गली के परांठे चखे। उस समय यह हम म.प्र. वालों के लिए एक दुर्लभ व नया व्यंजन था।

ट्रेन से यात्रा साथ करने में कुछेक मज़ेदार प्रसंग घटित हुए। उज्जैन से टे्रन चली तो रात का समय लेकिन डिब्बे में रौशनी नदारद। बाबूजी ने चेन खींची। गार्ड आया। पहिले लाइट सुधारो, फिर गाड़ी आगे बढ़ाओ। यात्रियों की जान-माल का सवाल है। गार्ड ने विनती की- रतलाम जंक्शन आने दीजिए। खबर भेजता हूं। लाईट सुधर जाएगी। तब तक रेलवे पुलिस के दो सिपाही डिब्बे में तैनात कर देते हैं। इस पर बात बनी। एक बार हम मथुरा जंक्शन पर उतरे। टिकिट मथुरा कैंट याने एक स्टेशन बाद का था। टिकिट चैकर ने सोचा परिवार के साथ कोई तीर्थयात्री है। इससे रकम ऐंठी जाए। तुम्हारा टिकिट दूसरे स्टेशन का है। यहां कैसे उतरे। जुर्माना लगेगा। बाबूजी ने कुर्ते की बांहें मोड़ीं। चलो स्टेशन मास्टर के पास। वहीं जुर्माना पटाऊंगा। तीर्थयात्री समझकर ठगना चाहते हो। सजग नागरिक मायाराम सुरजन ने बाकायदा शिकायत पुस्तिका में शिकायत दर्ज की। बाद में खबर आई उस टिकिट चैकर पर आवश्यक कार्रवाई विभाग ने की। ऐसे कोई एक दर्जन भर किस्से होंगे।

ऐसी ही किसी यात्रा में दौलतराम सिंधी नामक एक गार्ड से उनकी मित्रता हो गई। इष्टï दर्शन के लिए दादा-दादी के साथ मैंने ही अनेक बार नाथद्वारा तक की यात्रा की तो बाबूजी तो और ज्यादा जाते होंगे। दौलतरामजी शायद नाथद्वारा के पास उदयपुर-मावजी जंक्शन-आबू रोड के पथ पर चलते थे। उनका घर आबू रोड में था। वे विभाजन के बाद पाकिस्तान से आए थे। बाबूजी को अच्छी अंग्रेजी में अक्सर पत्र लिखा करते थे। मेरे विवाह पर उन्हें कार्ड गया। वे नहीं आ पाए, लेकिन आशीर्वाद का पत्र आया। इस मित्रता में बाबूजी एक बार आबू रोड गए। दौलतरामजी के घर रुके। एक समय का भोजन करके यात्रा के अगले पड़ाव की ओर बढ़े।

एक बार जबलपुर से हमें लेकर वे नैनीताल के लिए निकले। दमोह-कुंडलपुर होकर छतरपुर पहुंचते तक शाम हो गई। वह बुंदेलखंड में दस्यु सम्राट देवीसिंह के बारे में प्रचलित दंतकथाओं का दौर था। सारे परिवार के साथ रात को यात्रा करना उचित नहीं था। छतरपुर में तब कोई लॉज भी नहीं था। बाबूजी ने कार का रुख पुलिस थाने की ओर किया। थानेदार से बात की और रात को दरी बिछाकर गर्मी के दिनों में हमने थाने में लगे पेड़ों की छाया में रात्रि विश्राम किया। यह किस्सा 1962 की मई का है। दूसरा किस्सा 1959 की दीवाली की छुट्टियों का। ग्वालियर से शिवपुरी पहुंचे। वहां से कोटा जाना था। रास्ते में काली सिंध नदी पड़ी। रात का समय। पुल पर पानी। मारूति राव ड्राइवर जिन्हें हम मारुति मामा कहते थे साथ थे। बाबूजी ने कहा- मारुति! तुम आगे चलो। पानी ज्यादा समझ में आए तो बताना। वापिस आ जाएंगे। मारुति मामा ने पेड़ की टहनी को छड़ी बनाया। पुल पर पानी का अनुमान करते-करते आगे बढ़े। बाबूजी स्टीयरिंग पर। पांच मिनिट में गाड़ी पार हो गई। मैं आज तक तय नहीं कर पाया कि यह साहस था या दुस्साहस !

बाबूजी के साथ एक यात्रा प्रसंग का मनोरंजक जिक्र परसाईजी ने साप्ताहिक हिन्दुस्तान में छपी कहानी में किया था। दोनों मित्र बुंदेलखंड में कहीं कार्यक्रम के लिए बस से जा रहे थे। खचाखच भीड़ में जगह मिलना मुश्किल थी। बाबूजी खादी के धवल धोती-कुर्ता में और परसाईजी कुर्ता-पायजामा में। परसाईजी ने बस स्टेशन मैनेजर से कहा कि धोती कुर्ता वाले सज्जन महेश दत्त मिश्र लोकसभा सदस्य हैं, मैं उनका सचिव हूं। फिर क्या था। सामने की सीट उन्हें तुरंत दे दी गई। रास्ते में ड्राइवर-कंडक्टर ने अलग खातिर की।

यह जानना दिलचस्प है कि देश के किसी भी महानगर में बाबूजी बनते तक किसी होटल में नहीं ठहरते थे। तमाम शहरों में उनके मित्र थे और उन्हें बाबूजी को अतिथि बनाने में सुख ही मिलता था। दिल्ली में पीएस शेट्टी, बंबई में कीर्तिकृष्ण लडिय़ा, कलकत्ता में रामनिवास ढंढारिया और मद्रास में किशोरीलाल आसेरा के घर वे ठहरते थे। सबकी अलग-अलग रुचियां व स्वभाव, अलग-अलग पृष्ठभूमि व काम थे। लेकिन बाबूजी जितने आराम से टाइम्स ऑफ इंडिया के शेट्टी चाचा के साथ रह लेते थे, उतने ही मजे में राधावल्लभ संकीर्तन मंडली के संरक्षक ढंढारियाजी के घर ठहर जाते थे। बाबूजी के इन दूरवासी मित्रों के बारे में एक स्वतंत्र लेख ही लिखना होगा। दरअसल यात्रा के दौरान बाबूजी सुख-सुविधा को लेकर कभी भी अतिरिक्त चिंता नहीं करते थे। पैर फैलाने को जगह मिल जाए, इतना ही उनके लिए पर्याप्त था। पलंग-बिस्तर है तो ठीक, वरना उसकी भी जरूरत नहीं। ग्वालियर में प्रगतिशील लेखक संघ के महेश कटारे आदि मित्र यह देखकर चकित रह गए थे कि ग्वालियर के पास किसी गांव में रात को साहित्यिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाबूजी एक चबूतरे पर पेड़ के नीचे दरी बिछाकर ही सो गए थे, जब उनकी आयु 70 वर्ष के लगभग थी।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 2

पुस्तकों से लगाव
मायाराम सुरजन को पुस्तकों से बेहद लगाव था। यह उनका सबसे बड़ा व्यसन था ऐसा भी कहें तो गलत नहीं होगा। इसमें उन्हें अपने पिता से अवश्य प्रेरणा मिली होगी जो अत्यल्प साधनों के बीच भी समय-समय पर पुस्तकें खरीदते थे। 1920-30 के छोटे से गांव पिपरिया में उन दिनों किताब की दुकान भला क्या रही होगी, लेकिन दादाजी बंबई से सीधे अपनी रुचि की पुस्तकें वेंकटेश्वर प्रेस जैसे संस्थानों से बुलाते थे। बाबूजी के जिस ग्रंथ चयन को मैंने अपने बचपन में मात्र दो अलमारियों में देखा था, आज वह कई गुणा बढ़ चुका है और उसे ''देशबन्धु लाइब्रेरी'' नामक सार्वजनिक पुस्तकालय के रूप में जाना जाता है।

बाबूजी के पढ़ने का दायरा यूं तो बहुत विस्तृत था, लेकिन मुख्यत: वे हिन्दी व विश्व साहित्य तथा समकालीन राजनीति व राजनीतिक इतिहास में ज्यादा रुचि रखते थे। अंग्रेजी और हिन्दी में प्रकाशित लगभग हर महत्वपूर्ण साहित्यिक कृति बाबूजी के पुस्तकालय में होती थी। बाद के बरसों में समकालीन घटनाचक्र पर उनका अध्ययन बढ़ते गया था तथा साहित्यिक पुस्तकों को चुनने, खरीदने का जिम्मा एक तरह से मैंने ही ले लिया था। अपनी पसंद की नई से नई पुस्तकों की तलाश में बाबूजी के संपर्क विभिन्न शहरों के श्रेष्ठ पुस्तक भंडारों से विकसित हो गए थे। जबलपुर में सुषमा साहित्य मंदिर के जोरावरमल जैन या जोरजी, यूनिवर्सल बुक डिपो के शेष नारायण राय या राय साहब जैसे प्रबुद्ध पुस्तक विके्रता तो उनके मित्र ही थे। भोपाल में लायल बुक डिपो, इंदौर में रूपायन, बंबई में न्यू एण्ड सेकेण्ड हैण्ड बुक हाउस व दिल्ली में ऑक्सफोर्ड बुक कंपनी के साथ उनका उधारी खाता साल भर चलता रहता था।

स्वाभाविक है कि पुस्तकों के ऐसे घनघोर पाठक की मित्रता अपने जैसे अन्य पुस्तक प्रेमियों से हुई होगी। वे जहां भी रहे हर जगह उनके मित्रों में एक वर्ग ऐसे व्यक्तियों का रहा जो स्वयं अच्छी पुस्तकें खरीदते, पढ़ते और संभाल कर रखते थे। रायपुर में नगर निगम के सचिव शारदाप्रसाद तिवारी के साथ उनके आत्मीय संबंध पुस्तकों के कारण ही बने। यहीं बाबूलाल टॉकीज के कर्ताधर्ता सतीश भैय्या याने स्व. सतीशचंद्र जैन के साथ उनकी हर सुबह की बैठक अधिकतर पुस्तक चर्चा पर ही केन्द्रित होती थी। मेरे लिए यह दु:ख का कारण है कि बाबूजी के द्वारा खरीदी गई पुस्तकों में से एक अच्छी खासी संख्या में नायाब पुस्तकें खो चुकी हैं। यह एक तो इसलिए कि बाबूजी के ठिकाने बार-बार बदलते रहे। एक शहर में रहे तो भी किराए के मकान बदलते रहे। इस आवाजाही में पुस्तकों का क्षतिग्रस्त होना या लापता हो जाना लाज़िमी था। यह भी हुआ कि अनेक पुस्तक प्रेमी मित्रों ने बाबूजी से उधार ली गई पुस्तकों को लौटाना उचित नहीं समझा। शायद ऐसी पुस्तकें उनके ज्यादा काम की रहीं।

1976 में जब मध्य प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन के विदिशा सम्मेलन में बाबूजी ने अध्यक्ष का भार संभाला तो बिल्कुल शुरूआती दौर में उन्होंने जो कदम उठाए उनमें से एक सम्मेलन का पुस्तकालय स्थापित करने का था। अपने परम मित्र व सम्मेलन के प्रबंध मंत्री हनुमानप्रसाद तिवारी जिन्हें हम हनुमान चाचा कहते थे, के साथ जा जाकर उन्होंने कितने ही प्रबुद्धजनों से उनके पुस्तक संग्रह हासिल किए व सम्मेलन का एक अच्छा खासा पुस्तकालय खड़ा कर दिया। इसे बरकतउल्ला वि.वि. भोपाल से आगे चलकर पीएचडी हेतु अध्ययन करने मान्यता भी मिल गई। यही नहीं सम्मेलन के माध्यम से वे म.प्र. सरकार पर निरंतर दबाव बनाते रहे कि प्रदेश में पुस्तकालय अधिनियम बने ताकि यहां पुस्तकों के विकास को वांछित गति मिल सके। उनकी यह इच्छा अधूरी ही रह गई।

1980 में अर्जुनसिंह म.प्र. के मुख्यमंत्री बने। उनके पास अशोक वाजपेयी व सुदीप बनर्जी जैसे बुद्धिजीवी अधिकारियों की टीम थी। प्रदेश में पुस्तक आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर पुस्तक खरीद योजना इस अवधि में शुरू की गई। इसके लिए जो समिति बनी, बाबूजी उसके सबसे ज्येष्ठ सदस्य थे। इस समिति ने ऐसी पारदर्शी नीति बनाई कि बिना किसी भेदभाव के अच्छी पुस्तकें उचित दर पर खरीदी जा सकें। श्री सिंह के हटने के बाद यह योजना निरस्त कर दी गई। लेकिन उस अवधि में देश के लगभग हर अच्छे प्रकाशक के साथ बाबूजी का परिचय हुआ और वे आज भी सराहना करते हैं कि बाबूजी के मार्गदर्शन में जो नीति अपनाई गई थी उससे हर प्रकाशक को न्यायपूर्ण ढंग से लाभ हुआ। इसी वर्ष एक महत्वाकांक्षी साहित्यिक कार्यक्रम में दिल्ली के राजकमल प्रकाशन के अशोक महेश्वरी रायपुर आए तो मंच से उन्होंने बाबूजी का भावपूर्ण स्मरण किया। मैं उस कार्यक्रम में नहीं था और यह जानकारी मुझे बाद में मित्रों से मिली।

एक ओर बाबूजी जहां स्वयं श्रेष्ठ साहित्य के पाठक थे वहीं  पुस्तक प्रकाशन क्षेत्र में अगर कोई प्रगति होती थी तो उससे उन्हें प्रसन्नता होती थी। हिन्द पॉकिट बुक्स में जब लेखक गुलशन नंदा का उपन्यास ''झील के उस पार'' का पहला संस्करण पांच लाख कॉपी का छापा तो इसका नोटिस बाबूजी ने लिया तथा एक संपादकीय टिप्पणी स्वयं लिखी कि इससे पुस्तक प्रकाशन में कैसी संभावनाएं बन सकती हैं। यह बात अलग है कि उपन्यास उनकी रुचि के अनुरूप नहीं था और न उन्होंने उसे पढ़ा।

मैं ऊपर इस बात का ज़िक्र करना भूल गया कि म.प्र. हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष के रूप में बाबूजी ने एक सहकारी प्रकाशन गृह स्थापित करने की योजना भी बनाई थी। उनकी कल्पना थी कि सम्मेलन के सदस्य व अन्य पुस्तक प्रेमी ऐसी योजना के सदस्य बने तथा वे जो वार्षिक सदस्यता शुल्क दें उसमें उन्हें प्रतिवर्ष एक निश्चित संख्या में नई पुस्तकें मिल जाएं। इसके लिए उन्होंने नियमावली आदि भी बना ली थी। लेकिन उनका यह प्रयोग आकार नहीं ले पाया। सम्मेलन के सदस्यों में अधिकतर ने योजना में दिलचस्पी नहीं ली। उनका ही अनुसरण करते हुए प्रगतिशील लेखक संघ में हमने भी ऐसा एक प्रयत्न किया और सहकारी आधार पर ''सुबह'' श्रृंखला में तीन किताबें छापीं। इसके बाद योजना ठप्प हो गई। बाबूजी ने फिर सम्मेलन के स्तर पर पुस्तक प्रकाशन का सिलसिला प्रारंभ किया उसमें संभवत: एक दर्जन से कुछ ज्यादा पुस्तकें छपीं। बाबूजी के बाद योजना वहीं खत्म हो गई।

उसमें प्राण जगाओ साथी


''उसमें प्राण जगाओ साथी'' - 1
(12:40:07 PM) 25, Oct, 2009, Sunday
ललित सुरजन


स्व. मायाराम सुरजन

इस साल जबकि ''देशबन्धु'' अपनी स्वर्ण जयंती मना चुका है, यह विचार स्वाभाविक ही मन में उठता है कि यह समाचार पत्र जिस व्यक्ति की कल्पना व आदर्शों का प्रतिफल है उसके जीवन की भी एक मुक्कमल छवि पाठकों के सामने प्रस्तुत की जाए। कहने की आवश्यकता नहीं कि मेरा आशय अपने पिता स्व. मायाराम सुरजन से है, जो हमारे ही नहीं, एक बहुत बड़े दायरे में बाबूजी के नाम से ही जाने जाते थे। मेरे अनुरोध पर उन्होंने अपने जीवनकाल में ही ''धूप छाँह के दिन'' शीर्षक से अपनी आत्मकथा लिखी थी जो देशबन्धु में धारावाहिक रूप से प्रकाशित हुई थी। मध्यप्रदेश के राजनैतिक इतिहास पर लिखी उनकी पुस्तक ''मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के'' तथा संस्मरण पर लेखों के दो संकलनों ''अंतरंग'' तथा ''इन्हीं जीवन घाटियों में'' में भी उनका आत्मपरिचय मिलता है। फिर भी मुझे लगता है कि बाबूजी के जीवन और कृतित्व का समग्र मूल्यांकन होना अभी बाकी है।
बाबूजी की मंडली के सदस्य व सागर विश्वविद्यालय में हिन्दी के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. कांतिकुमार जैन ने लगभग बीस साल पहले इस दिशा में सर्वप्रथम पहल की थी। उनकी एक शोध छात्रा तृप्ति जैन (शायद यही नाम था) ने बाबूजी के संस्मरण लेखों पर लघु शोध प्रबंध तैयार किया था। इधर अभी हाल में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल उन पर मोनोग्राफ प्रकाशित करने जा रहा है तथा महात्मा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय वर्धा में भी उनके कृतित्व पर काम हो रहा है। यह जानकर संतोष मिलता है कि पत्रकारिता के अध्येताओं के बीच निधन के पन्द्रह वर्ष बाद भी उन्हें स्मरण किया जा रहा है।  इसी सिलसिले में मन में विचार उठा कि मेरे पास उनके जो संस्मरण और छवियां हैं उन्हें अगर लिपिबध्द कर सकूं तो बाबूजी को जानने में बेहतर मदद मिलेगी। लेखमाला का शीर्षक उनकी एक कविता ''जो जीवन से हार गया हो, उसमें प्राण जगाओ साथी'' से लिया है।

सीखने की शुरुआत
मैं पिपरिया (पचमढ़ी का रेलवे स्टेशन) में अपने दादा-दादी के साथ रहकर प्राथमिक शाला की पढ़ाई कर रहा था। यह 1952 की बात है। मैं दूसरी कक्षा में था और अक्षर जोड़ कर पढ़ना मुझे आ गया था। जबलपुर से बाबूजी याने मेरे पिता स्व. मायाराम सुरजन ने उन्हीं दिनों नवभारत की पार्सल में मेरे लिए ''चंदामामा'' भिजवाना शुरू किया। शब्द और साहित्य के संसार से यही मेरा पहला परिचय था। कुछ माह बाद 1953 में शायद गर्मी की छुट्टियों में मैं जबलपुर आया। बाबूजी अपने मित्र सेन्ट्रल टॉकीज के मालिक शिखरचंद जैन से किसी कार्यवश मिलने गए तो मुझे साथ ले लिया। मुझे उन्होंने वहां हाल में भेज दिया। सोहराब मोदी की फिल्म 'झांसी की रानी' चल रही थी। उसका कुछ हिस्सा शायद टैक्नीकलर था।  मुझे दौड़ते हुए घोड़े और चमकती हुई तलवारें ही याद रहीं। यह फिल्मों से मेरा पहला परिचय था।


उन दिनों चौथी में ही बोर्ड परीक्षा होती थी। उत्तीर्ण होकर आगे की पढ़ाई के लिए मैं जबलपुर आ गया। घर के पास नवीन विद्या भवन में पांचवीं में दाखिला हुआ। मकान मालिक और वकील मित्र एन.पी. श्रीवास्तव के समवयस्क पुत्र वीरेन्द्र और नरेन्द्र भी वहीं पढ़ते थे। एन.पी. कक्का आगे चलकर मध्यप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष बने। स्कूल में गणेशोत्सव मनाया जा रहा था। अपने चंचल स्वभाववश मैंने कक्षा में नाम लिखवा दिया कि कल गणेश जी पर कविता पढ़ूंगा। शाम को दफ्तर से बाबूजी घर आए। उन्हें मैंने बताया कि मुझे कल कविता पढ़ना है। बाबूजी ने थोड़ी ही देर में मुझे दो पैराग्राफ की एक कविता गणेश जी पर लिखकर दे दी। कक्षा में मेरी धाक जम गई। अफसोस कि कविता को मैं संभाल कर नहीं रख सका। लेकिन यह कविता से और बाबूजी के कवि रूप से मेरा पहला परिचय था।


जबलपुर के घर में पुस्तकों के लिए खासकर बनाई दो अलमारियां थीं। वे आज साठ वर्ष बाद भी देशबन्धु लाइब्रेरी की शोभा बढ़ा रही हैं। इनमें ढेर सारी पुस्तकें थीं- हिन्दी और अंग्रेजी की। बाबूजी ने अपने इस घरेलू लाइब्रेरी को ''ग्रंथ चयन'' का नाम दिया था। उसकी बाकायदा सील बनाई थी व हरेक पुस्तक की आवक-जावक के लिए लाइब्रेरी की तरह इन्डेक्स कार्ड बनाए थे। बाबूजी के अनेक मित्र उनसे पुस्तकें लेकर पढ़ा करते थे। डॉ. मदन श्रीवास्तव व, डॉ. बी.पी. गुप्ता जैसे गैर-साहित्यिक मित्र घर पुस्तक लेने आते थे, यह मुझे याद है। बाबूजी ने मुझे पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और छठवीं कक्षा पास होते न होते तक मैंने प्रेमचंद रचित ''मानसरोवर'' आठों भाग, पंडित सुदर्शन की ''तीर्थ यात्रा'' व ''पत्थरों का सौदागर'' एवं हिन्दी ग्रंथ रत्नाकर मुंबई से प्रकाशित संपूर्ण शरत् साहित्य को पढ़ लिया था। समझा कितना था, यह कहना कठिन है। लेकिन बाबूजी ने पुस्तकों की दुनिया के दरवाजे मेरे लिए खोल दिए थे।


अगर मुझे ठीक याद है तो गोंदिया में 1955 में मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन का अधिवेशन हुआ था। शायद बाबूजी भी उसमें गए होंगे। गोंदिया से लौटकर पटना जाते हुए रामवृक्ष बेनीपुरी जबलपुर आए। हमारे घर पर उनके सम्मान में प्रीतिभोज रखा गया। मुझे इतना स्मरण है कि हॉलनुमा बड़े से कमरे में खूब सारे लेखक पाटे पर बैठकर भोजन कर रहे हैं और साहित्य चर्चा चल रही है। इसके आस-पास ही सोवियत संघ से हिन्दी के परम विद्वान व रामचरित मानस के अनुवाद प्रोफेसर प्यौत्र वारान्निकोव जबलपुर आए। रामेश्वर गुरू के घर उनके लिए भोज का आयोजन हुआ। बाबूजी मुझे वहां ले गए। प्रोफेसर वारान्निकोव ने बघारी हुई दाल में जीरा देखकर पूछा- क्या इसी को दाल में काला कहते हैं? अगले दिन नवभारत में पहले पन्ने पर बाक्स में यह रोचक टिप्पणी छप गई। ऐसे अनुभवों ने मुझे रचनाकार और रचनाशीलता का सम्मान करना सिखाया।


ऐसी कुछ स्थितियां बनीं कि 1957 की 14 अक्टूबर को जबलपुर छोड़कर मैं सातवीं का विद्यार्थी नागपुर आ गया। अपने नए स्कूल में छमाही परीक्षा का नतीजा आने के बाद शायद पहली बार मैंने बाबूजी को पत्र लिखा। तीन-चार दिन के भीतर ही बाबूजी का प्यार भरा उत्तर आया। उन्होंने मेरे मूल पत्र को साथ में वापिस किया। कापी के पन्ने पर लिखे गए मेरे पत्र में सबसे ऊपर लाल स्याही से निशान लगा था। शेष पत्र में भी भाषा की त्रुटियों पर गोल निशान लगे थे। बाबूजी ने अपने पत्र में समझाया कि पत्र लिखते समय सबसे पहले हमेशा स्थान और तारीख लिखना चाहिए और यह कि लिखने में भाषा पर ध्यान देना चाहिए। मेरे लिए अगर यह पत्रकारिता का पहला पाठ नहीं तो भला और क्या था?


मैं जबलपुर के स्कूली दिनों के एक मार्मिक प्रसंग का उल्लेख करना चाहता हूं। मैं अपनी शाला में बालचर दल याने स्काउट का सदस्य था और उसमें बहुत उत्साह के साथ भाग लेता था। मेरे एक सहपाठी के पास स्काउट के लिए अनिवार्य खाकी कमीज नहीं थी। संभवत: उसकी आर्थिक स्थिति भी इस योग्य नहीं थी। अपनी दो कमीजों में से एक मैंने अपने मित्र को दे दी। कुछ दिन बाद सहमते-सहमते मैंने बाबूजी से एक और कमीज लेने की बात की। उन्होंने कारण पूछा और फिर नाराज हुए कि तुमने अपने दोस्त को पुरानी कमीज क्यों दी? वे फिर हम दोनों मित्रों को लेकर बाजार गए तथा दोनों के लिए एक-एक नई कमीज खरीदवा कर दी। बाबूजी की इस उदारता के सैकड़ों प्रसंग उनके संपर्क में आने वालों के पास हैं। मेरे लिए उनसे कुछ सीखने का यह एक और अवसर था।


एक और प्रसंग कुछ अलग मिजाज का। जबलपुर में लियोनार्ड थियॉसाफिकल कॉलेज के प्राचार्य श्री मैकवॉन के घर रोटरी क्लब की बैठक हुई। मुझे भी बाबूजी के साथ वहां जाने का अवसर मिला। मैकवॉन साहब का बेटा मेरी ही आयु का था। हम लोग खेलते-बतियाते रहे। चलते वक्त उसने मुझे 'गुडनाइट' कहा तो मैं उसका जवाब नहीं दे सका। पिपरिया से नया-नया आया था। गांव का लड़का गुडमार्निंग-गुडनाइट क्या समझता! बाबूजी पहले थोड़ा नाराज हुए कि तुम्हें भी अभिवादन करना चाहिए था। फिर मुझे शिष्टाचार के ये शब्द बहुत धीरज के साथ उन्होंने सिखाए। उन दिनों के बारे में सोचते हुए लगता है कि सचमुच नन्ही सी उम्र में कितना कुछ सीखने मिला।

Friday, 24 February 2012

"Up In The Air"

                                            


On last Sunday, I chanced upon to watch this movie-‘Up In The Air’. The protagonist in the movie is a senior company executive whose job requires him to travel by air for more than 300 days in a year. He is a bachelor and for the sake of a house, occupies a one-room studio, where he is rather forced to spend remaining 30-40 days. Ray Bingham, our hero, considers it normal. He is rather uncomfortable being at home. As a loyal air traveler, he gets routine access to many services offered by airlines and at an astonishing rate goes on to collect frequent flyer points. He becomes the 7th person to collect 10 million points and the youngest to achieve this distinction. The chief pilot comes to personally greet this distinguished passenger on reaching the mark during a flight and asks quite innocently- how did you get time to travel so much. Ray in the course of his travels stops at places to deliver talks to business executives and his pet advice to them is not to carry too much load in one’s life- emotional or whatever.

The movie is based upon a novel of the same title written by Walter Kern. I read about this novel in yet another book titled- Aerotropolis- authored by American journalist Greg Lindsay. What drew my attention was a longish dialogue in the novel quoted by Lindsay. Ray Bingham, played by George Clooney, says- “ I call it Airworld; the scene, the place, the style. My hometown papers are USA Today and Wall Street Journal. The big-screen Panasonics in the club rooms broadcast all the news I need, with an emphasis on the markets and the weather. My literature—yours, too, I see- is the bestseller or the near bestseller, heavy on themes of espionage, high finance, and the goodness of the people in small towns…………….Airworld is a nation within a nation, with its own language, architecture, mood and even its own currency- the token economy of airlines bonus miles that I have come to value more than dollars…………..” (Quoted on page 96).

I have not read the novel as yet, but intend to do so; it may be a useful narrative to enhance my own my understanding about the dynamics of the present day world; To know how the wheels of life move in this setup. However, at this point, I wish to talk a little about the book that introduced me to the novel.

Greg Lindsay has penned this volume in partnership with and on the basis of thoughts and experiences of urban planner, John Kasarda. When in India urbanization is happening at a fast rate, I would recommend this book to all those concerned with city planning and administration-- mayors, architects, executive officers and managers dealing with all sorts of activities- sanitation, water supply, road building, traffic and so on. I may also mention yet another book on the subject- Triumph Of The City- authored by Edward Claesar, a professor at Harvard. The writer has immense faith in the very concept of city. He asserts that urbanization is the key to happiness, health, wealth and eco-friendly living. I have read only these two books, and that too, by some strange coincidence; but I know there must be many more books on this subject available in the market. They are perhaps our guide to learn about human habitat in the 21st century and the factors determining it.

When I was reading “Aerotropolis”, my thoughts immediately went to the changing face of Indian metropolises and in particular to the new airports. We know that T-3 terminal of Indira Gandhi International Airport, Delhi and Rajeev Gandhi International Airport, Hyderabad are counted amongst the best airports in the world. T-3 is so big that one has to walk at least a kilometer from entrance to departure gate, whereas significance of Hyderabad lies in its huge expanse. The wide road leading to the airport is miles-long, and adorned on both sides with flowering shrubs and rolling grass. One feels as if passing through a beautiful garden. Not only in metro cities like Mumbai, Bengaluru, Kolkata or Chennai; even in the provincial towns like Bhopal, Nagpur or Raipur, such new-look airports are being developed.

Our prime Minister and his team members never tire telling us about GDP growth and India soon becoming a world economic power. Considering this, it will be deemed quite appropriate that India’s airport, railway stations and other infra-structural facilities match this progress. Since the number of air travelers is increasing, it calls for upgrading of facilities to meet the demand. There also must be a good number of people like Ryan Bingham in our country; that will make it necessary to develop hotel, conference halls etc in the vicinity of the airport so as to save their precious time: alight from one plane, finish your business and take the next flight to another destination. Nowadays, we have big corporate-run hospitals, even air-ambulances; this also makes a perfect case for building hospitals not very far from the airport. That will not only save time, but also indeed may save a patient’s life.

This is a completely new phenomenon: multi-lane carriageways, skyscrapers, malls, multiplexes, more and more automobiles, state-of-the-art airports; but is everything else is so glittering in India! If I talk about airports, at the one hand, one can travel at a cheap fare; but on the other side, the passenger has to dish out seventy Rupee for a cup of tea, which is generally priced at Rs five. When you come out of the Hyderabad Airport complex, the same old India mocks you on your face. In Delhi, it is quite common to see street children selling airplane models on the road junction of old and new terminal.

This is the irony of this country: high flyers soaring in the sky on one side; half-naked children selling toy planes at the traffic lights on the other. There is a sub-plot in the movie ‘Up In The Sky’. The sister of the hero is soon to be married. She asks her brother to bring photographs from exotic locations. She can’t afford to see all these places, but can get some pleasure by seeing the pictures. At the end of the movie the hero transfers 5 million bonus miles to her sister and her husband so that both of them may travel to all the places they were dreaming of. A nice story: straight out from a fairytale.


Lalit Surjan

3rd February 2012.   


 Note: I wish to put on record my thanks to writers Walter Kern and Greg Lindsay, whose books prompted me to write this piece.