Friday, 12 June 2015

भीष्म साहनी: जन्मशती स्मरण



भीष्म साहनी की लंबी रचना ‘आवाजें’ देश विभाजन के बाद पाकिस्तान से भारत आए शरणार्थियों के जीवन से पाठक का परिचय करवाती है। दिल्ली में शरणार्थियों की एक बस्ती बस गई है। उनकी तीन पीढिय़ां यहां रहते हुए बीत चुकी हैं। जो मुसीबतज़दा लोग अपना सब-कुछ लुटाकर एक नई जगह पर आए थे उनके जीवन में धीरे-धीरे ठहराव आया है, कमोबेश खुशहाली भी आई है। स्थितियां बदल गई हैं, दृश्य बदल गए हैं, पहले और आज के व्यवहार में भी फर्क आ गया है। लेखक बारीक निगाहों से परिवर्तनों को देख रहा है। वह इनका बयान कुछ इस अंदाज में करता है, मानो सिनेमा की रील आंखों के सामने घूम रही है। यह रचना चूंकि एक कथासंग्रह में शामिल है इसलिए कहानी ही कहलाएगी, लेकिन मेरे मन में शंका है कि समीक्षक अपने प्रतिमानों पर इसे कहानी मानेंगे या नहीं। जो भी हो, मैं तो यह देख रहा हूं कि भीष्म साहनी ने सामान्य लोक व्यवहार से छोटे-छोटे दृश्य उठाकर कैसे एक बड़ी तस्वीर बना दी है। भीष्म जी के जन्मशती वर्ष पर उनकी रचनाओं को दुबारा पढ़ते हुए मुझे इस कहानी ने एकाएक अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने अपनी रचना का शीर्षक दिया है आवाज़ें, लेकिन इन आवाज़ों में शोर नहीं है। कहानी के जितने पात्र हैं उनके बीच एक ही सूत्र हैं कि वे सबके सब शरणार्थी हैं। समय के साथ यह सूत्र धीरे-धीरे कमजोर पडऩे लगता है। एक सामान्य व्यक्ति के जीवन में जो भी अच्छा-बुरा घटित होता है वैसा ही सब कुछ इस कहानी के पात्रों के साथ भी होता है। इस बिखराव के बीच सिर्फ एक पात्र है, जो प्रारंभ से लेकर अंत तक कथा में मौजूद है। कथाकार मानो उसको माध्यम बनाकर उस बस्ती के जीवन का अध्ययन करता है। एक नए और अपरिचित स्थान पर दशकों पहले आकर बसे लोगों के जीवन में जो अस्थिरता, आशंका, भविष्य के प्रति चिंता, मुसीबत के समय सबके साथ रहने की इच्छा इत्यादि की जो आवाज़ें थीं वे अब हर व्यक्ति या परिवार के निजी जीवन की आवाज़ों में बदल गई हैं और लेखक कहता है कि मोहल्ला सचमुच रच-बस गया है। कहानी यहां खत्म हो जाती है।

भीष्म साहनी एक व्यक्ति के रूप में जितने सहज और सरल थे, उनकी रचनाएं भी उस सहज-सरल शैली में सामर्थ्य के साथ रची गई हैं। यदि अतिशयोक्ति के विरुद्ध अल्पोक्ति जैसे किसी विशेषण का इस्तेमाल किया जा सके तो मैं कहना चाहूंगा कि भीष्म साहनी अल्पोक्ति के कलाकार हैं। अंग्रेजी में एक शब्द है- अंडरस्टेटमेंट। यह विशेषण भीष्मजी की रचना शैली पर बखूबी लागू किया जा सकता है। उनके उपन्यास हों, नाटक हो या तमाम कहानियां, सबमें यही देखने मिलता है कि वे न तो नाटकीय रूप से घटनाओं का सृजन करते हैं और न अपनी ओर से कोई बयानबाजी करते हैं। वे जिन घटनाओं को अपनी रचनाओं का आधार बनाते हैं वे रोजमर्रा के जीवन में घटित होती हैं और हम सबने उनका कभी न कभी अनुभव किया है। किन्तु मेरी निगाह में उनकी खूबी यह है कि वे अपने पात्रों के माध्यम से उन घटनाओं को एक नए अर्थ से भर देते हैं जबकि ये पात्र भी सामान्य जनजीवन से ही आते हैं।


अपनी जिस कहानी के कारण भीष्मजी को बहुत अधिक ख्याति मिली याने ‘चीफ की दावत’- उसके अध्ययन से यह बात अधिक स्पष्ट हो जाती है। इस कहानी में भी एक औसत परिवार है जिसे हम शायद निम्न मध्यमवर्गीय कह सकते हैं। एक क्लर्क है जो अपनी तरक्की पाने की प्रतीक्षा कर रहा है। साहब को घर बुलाकर दावत देने से शायद वे खुश हो जाएंगे और पदोन्नति की राह आसान हो जाएगी, यह आशा उसे है। छोटा-सा घर है जहां पुराने तौर-तरीकों वाली बूढ़ी मां भी साथ रहती है। उसे आशंका होती है कि साहब के सामने अगर मां ने ठीक से बर्ताव न किया तो उसका सपना टूटते देर न लगेगी। वह डरता है कि मां को आज के जमाने के अदब कायदे मालूम नहीं है इसलिए वह उसे भीतर कोठरी में ही रहने की, और साहब के सामने न आने की कठोर हिदायत देता है। मां भी समझती है कि बेटे के भविष्य का मामला है, लेकिन होता यह है कि साहब आता है, टेबल पर बिछे मेजपोश की कढ़ाई देखकर खुश हो जाता है; यह जानकर कि यह मां के हाथ की कारीगरी है, मां से मिलने की इच्छा व्यक्त करता है और क्लर्क को बधाई देता है कि तुम्हारी मां कितनी अच्छी कलाकार हैं।


इस कहानी में एक औसत नौकरीपेशा व्यक्ति के मनोभावों का जो चित्रण हुआ है उसकी सच्चाई सिद्ध करने की आवश्यकता नहीं है। सामान्य व्यक्ति हमेशा बेहतर भविष्य के सपने देखता है। उसे पूरा करने के लिए तरह-तरह के उद्यम करता है। वह चापलूसी और कभी-कभार झूठ खुशामद का भी सहारा लेता है। उसे यह डर भी होता है कि उससे जो बलवान हैं उनके कोप का शिकार न बनना पड़े, इसलिए वह कई बार बेमन से ही सही, समझौते करता है। ये सारी बातें कथा आगे बढऩे के साथ-साथ अपने आप ही खुलने लगती हैं।


विभाजन की ही पृष्ठभूमि पर भीष्मजी की एक बेहद सशक्त कहानी है ‘पाली’। इस कहानी में विभाजन के समय एक हिन्दू परिवार का बच्चा पाकिस्तान में बिछुड़ जाता है; वहां एक मुसलमान परिवार उसे पालता है। कुछ बरस बाद परिस्थिति बनती है कि वह बच्चा अपने हिन्दू मां-बाप के पास लौट आता है। जिस मुसलमान दंपति ने उसे पाला उसके दिल पर क्या बीती और जब अपने सनातनी परिवेश में लौटा तो क्या-क्या हुआ, उसका जो चित्रण भीष्मजी ने किया है उससे एक तरफ ममता के अधिकार का प्रश्न अनायास उठता है, तो दूसरी तरफ मनुष्य और मनुष्य के बीच धर्म द्वारा खड़ी की गई कृत्रिम दीवारों का भी एक कचोटने वाला अहसास पाठक के मन पर पड़ता है। धर्म के ठेकेदारों की अहम्मन्यता भी इस कहानी से व्यक्त होती है। जन्म देने वाले माता-पिता अपने बच्चे को वापिस पाना चाहते हैं, पाकर खुश भी हैं; यह तो ठीक है, लेकिन इस खुशी में वे यह नहीं जान पाते कि उस अबोध बालक के मन पर क्या गुजरती है। भीष्मजी ने देश विभाजन की पृष्ठभूमि पर कहानियों के अलावा ‘तमस’ जैसा उपन्यास भी लिखा है। इस संदर्भ में विशेषकर गौरतलब है कि उनके मन में एक गहरा विषाद तो है, लेकिन कटुता, प्रतिशोध या आक्रामकता बिल्कुल नहीं है। वे जैसे कहना चाहते हैं कि मनुष्य का जीवन बहुत कीमती है और मनुष्यता से बढक़र कोई दूसरा मूल्य नहीं है।


पार्टिशन पर उनकी एक और कहानी है ‘निमित्त’। यह कहानी उन लोगों पर एक करारा व्यंग्य है जो अपनी कायर अकर्मण्यता को भाग्य या ईश्वर पर छोडक़र खुद को बरी कर लेते हैं। इस कहानी में लेखक ने प्रहसन की शैली में एक दृश्य की रचना की है। फैक्ट्री का हिन्दू मालिक अपने मुसलमान कर्मचारी को सुरक्षित निकल भागने के लिए ड्रायवर के साथ एक कार में भिज देता है। जब दंगाई उसे ढूंढते हुए फैक्ट्री आते हैं तो वह उन्हें दूसरी कार दे देता  है कि तुम उसका पीछा कर लो। भागना उसके भाग्य में था, शायद तुम्हारे हाथ से मरना भी उसके भाग्य में हो। ड्रायवर लौटकर आता है और उसके मरने की खबर भी दे देता है। फैक्ट्री मालिक हर बात में कहता है कि हम सब तो निमित्त हैं। ईश्वर, भाग्य और निमित्त के इस राग के बीच धीरे से कहीं उस हिन्दू या सिख ड्रायवर की सूझबूझ और बहादुरी उभरती है जिसने अपने मुसलमान सहकर्मी को सुरक्षित उसके ठिकाने पहुंचाकर उसके मरने की झूठी खबर फैला दी।


भीष्म साहनी का रचनाफलक बहुत विस्तृत है और दृष्टि बहुत गहरी। उनकी रचनाओं को पढ़ते हुए बार-बार महसूस होता है कि मनुष्य के मनोभावों की जितनी गहरी समझ भीष्मजी को थी वैसी उनके समकालीनों में शायद कम को ही थी। उनकी रचनाओं के पात्र चारों तरफ से आते हैं- अमीर-गरीब, शहरी-ग्रामीण, अफसर-व्यवसायी, लेखक-कलाकार आदि। उन्होंने इनमें से जिस किसी का भी चित्रण किया है उसकी प्रामाणिकता पर उंगली नहीं उठाई जा सकती। एक कहानी है- ‘मेड इन इटली’ जिसमें वे भारत के अभिजात एवं नवधनाढ्य वर्ग का विदेशी वस्तुओं के प्रति मोह की जमकर खिल्ली उड़ाते हैं। एक दूसरी कहानी है ‘सेमीनार’ जिसमें वे बतलाते हैं कि लेखक व कलाकार किस तरह से अपने प्रायोजकों के सामने बौने और ओछे पड़ जाते हैं। एक तरह से ये दोनों कहानियां भारतीय समाज में व्याप्त आडंबर की ओर हमारा ध्यान खींचती है। इस तरह की एक और कहानी है जिसका शीर्षक है- ‘रामचंदानी।’ इसमें भी लेखक एक पात्र के बहाने विदेशी चाल-ढाल की नकल करने की खिल्ली उड़ाता है।


यह कहना आवश्यक होगा कि भीष्म साहनी एक प्रगतिशील लेखक थे। उनके अग्रज बलराज साहनी और वे स्वयं कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े थे जिसे उन्होंने कभी छुपाया नहीं। भीष्मजी आगे चलकर राष्ट्रीय प्रगतिशील लेखक महासंघ के कई बरस अध्यक्ष रहे। उन्होंने संगठन के प्रति अपना दायित्व निभाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। वे जब प्रगतिशील लेखक संघ के कार्यक्रमों में आते थे तो उन्हें किसी भी भांति अतिरिक्त सुविधाओं की आवश्यकता नहीं होती थी। वे बहुत आसानी से सबसे घुलमिल जाते थे और नए से नए लेखक को पलभर में अपना  बना लेते थे, लेकिन संगठन में सक्रियता का कोई प्रतिकूल प्रभाव उनकी रचनाशीलता पर पड़ा हो ऐसा कभी नहीं हुआ। उनकी रचनाओं में प्रगतिशीलता के जो तत्व हैं याने अन्याय, शोषण, गैरबराबरी, साम्प्रदायिकता, धर्मांधता- इन सबका विरोध, लेकिन ये सारी बातें समर्थ लेखक के आंतरिक विश्वासों से उपजी हैं, किसी सांगठनिक आग्रह के कारण नहीं।


स्वतंत्रोत्तर हिन्दी कथा साहित्य को जिन रचनाकारों ने समृद्ध किया है उनमें भीष्म साहनी का नाम अग्रणी है। नई कहानियां आंदोलन में कुछ समर्थ किन्तु प्रचारप्रिय लेखकों के नाम बढ़-चढक़र सामने आए। भीष्मजी ऐसी आत्मश्लाघा से हमेशा दूर रहे। वे लेखक कहलाने के लोभ से निर्लिप्त रहकर रचनाकर्म को आवश्यक सामाजिक काम मानकर उसमें जुटे रहे। मैं मानता हूं कि भीष्मजी की रचनाएं दिनों-दिन अधिक प्रासंगिक होती जाएंगी। इस विशेषांक में जो सामग्री संकलित है, उससे भीष्मजी की भाषा, शैली, विचार, कथ्य आदि सभी पक्षों पर और रौशनी पड़ेगी। मैंने तो बस यूं ही बात छेड़ दी है।
 
अक्षर पर्व जून 2015 अंक की प्रस्तावना

Thursday, 11 June 2015

मैगी : बात सिर्फ इतनी नहीं है


 


स्विट्जरलैंड स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी नैस्ले के डिब्बाबंद उत्पाद मैगी पर भारत में एकाएक हल्ला मचा कि सिर्फ दो मिनिट में पकने वाला बच्चों को अतिप्रिय यह खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए अत्यन्त हानिकारक है; आनन-फानन में कई प्रदेशों ने इसका प्रयोगशाला में परीक्षण करवाया और देखते ही देखते केंद्र सरकार ने भी मैगी को विषाक्त मानते हुए इस पर प्रतिबंध लगा दिया। उत्पादक कंपनी ने भी भारतीय बाज़ार से मैगी को वापिस ले लिया है। इस बीच यह प्रश्न भी उठा कि मैगी के हानिकारक होने का मुद्दा सबसे पहिले किसने उठाया और उसका श्रेय अन्य किसी ने कैसे ले लिया। तीन फिल्मी सितारों पर मैगी का प्रचार करने के लिए केस भी दर्ज किए गए। सच पूछिए तो विवाद की शुरुआत तो वहीं से हुई, किंतु एक हफ्ते के भीतर ही जो तूफान उठा तो फिल्म अभिनेता विवाद के केंद्र से खामोशी के साथ बाहर हो गए। फिर ट्विटर पर एक टिप्पणी आई कि आज भले ही इस नूडल या सेंवईनुमा पदार्थ पर रोक लग गई हो, बहुत जल्दी सब आरोपों से बरी होकर मैगी भारतीय बाज़ार में वापिस आ जाएगी। जनरल एच.एस. पनाग की टिप्पणी से मैं स्वयं को सहमत पाता हूं।

मुझे ध्यान आता है कि 1977 की जनता सरकार के  उद्योग मंत्री और एक समय के जुझारू मजदूर नेता जॉर्ज फर्नांडीज़ ने कोकाकोला पर इसी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। उसके बाद क्या हुआ? आज बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा निर्मित तमाम शीतल पेय हिंदुस्तानके बाज़ार में न सिर्फ उपलब्ध हैं, बल्कि बढ़-चढ़ कर व्यापार कर रहे हैं। ये कंपनियां देश के सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट के मैचों की शृंखलाओं का प्रायोजन करते हैं और सारे नामी-गिरामी क्रिकेट खिलाड़ी इनके नाम की टी-शर्ट और टोपी पहिनकर घूमते नज़र आते हैं। दूसरी ओर जॉर्ज साहब पर अपने जिन मित्र रमेश चौहान (पार्ले-जी वाले) के शीतल पेय व्यापार में सहायता पहुंचाने का आरोप लगाया गया था, वे उस व्यापार से पूरी तरह बाहर हो चुके हैं। उनके जैसी स्थिति अन्य देशी शीतल पेय निर्माताओं की भी हुई। तीस साल पुराने विज्ञापन में एक बच्चा खाने की मेज पर जिस शीतल पेय को देखकर मुदित हो उठता है-‘‘ओह! थम्स अप, इनस्टैड ऑफ वाटर’’ (अहा, पानी के बजाय थम्स अप), उस थम्स अप और उस जैसे 77 आदि का अब नाम भी सुनने नहीं मिलता। याने जनता को ‘मैगी’ पर प्रतिबंध लग जाने मात्र से खुश नहीं हो जाना चाहिए। यह एक वृहत्तर प्रश्न है, जिसके अनेक आयाम हैं और वक्त है कि उन पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए।

सबसे पहिले तो हमें मानना होगा कि किन्ही अर्थों में दुनिया सचमुच सिकुड़ चुकी है और उस के अनुरूप हम किसी हद तक विश्वग्राम के वासी बन चुके हैं। अब यात्राएं करना पहिले की अपेक्षा अत्यन्त सुगम है तथा सूचनाओं व वस्तुओं के विनिमय में भी अभूतपूर्व तेजी आ गई है। इस नई परिस्थिति ने मनुष्य के मन में नई इच्छाएं एवं नई लालसाएं जागृत कर दी हैं। इतिहास के पथ पर हम आगे बढ़ आए हैं और उसी रास्ते पर वापिस लौटना नामुमकिन है। इसलिए आज ऐसी बात करने का कोई अर्थ नहीं है कि भारत की जनता पाश्चात्य देशों के खाद्यान्नों का सेवन न करे। अगर इस सलाह को मान लिया तो मक्का, आलू, टमाटर बैंगन, मिर्ची, चीकू, बिही या अमरूद जैसी वस्तुओं का त्याग करना होगा, क्योंकि इनका मूलस्थान लैटिन अमेरिका में है।  हमें लीची, शक्कर या चीनी, चाय का भी सेवन बंद करना पड़ेगा, क्योंकि ये चीन से आई हैं। और क्या हमने अन्य देशों को अपने उत्पाद निर्यात नहीं किए? याने मामला दोतरफा है। जहां जिसे जो सामग्री जंच जाए, वह प्रचलन में आ जाती है। फिर वह कॉफी हो या चॉकलेट, पिज़्ज़ा हो या नूडल्स, टाकोस हो या डबलरोटी, समोसा हो या केक। अगर यह बिंदु स्पष्ट हो गया है तो मैगी प्रकरण पर चर्चा आगे बढ़ाई जा सकती है।

हमें यह भी स्वीकार करने में संकोच नहीं होना चाहिए कि सारी दुनिया के साथ-साथ भारतीय समाज की जीवनशैली में भी भारी बदलाव आया है और आते जा रहा है। संयुक्त परिवार की सराहना अवधारणा के स्तर पर की जा सकती है, लेकिन विचार करना ही होगा कि वह आज किस सीमा तक व्यवहारिक है। प्रेमचंद ने सौ साल पहिले बेटोंवाली विधवा व अलग्योझा जैसी कहानियां लिख दी थीं, आज नाभिकीय परिवार एक जीती-जागती वास्तविकता है। इस परिवार में घर की देखभाल कौन करे, खासकर तब जबकि पत्नी भी कामकाजी स्त्री हो; भारतीय पति तो वैसे भी घर का काम करने में अपनी हेठी समझता है। फिर बच्चों का अपना संसार है। पहिले की भांति स्कूल घर के नजदीक नहीं है। अच्छे स्कूल के लालच में सुकोमल बच्चों को सुबह-शाम मिलाकर दो-दो घंटे तक स्कूल बस में बिताना पड़़ सकते हैं। इस स्थिति में पति का टिफिन, खुद का टिफिन, बच्चे का टिफिन, रात का भोजन, सब कुछ सम्हालना कितना कठिन हो गया है, कौन नहीं जानता। अगर आप अपेक्षा करें कि थकी-हारी औरत घर में सेंवई, पापड़, बड़ी, मठरी, खाजा, गुझिया भी बनाए तो क्या यह उसके साथ अन्याय नहीं होगा? ऐसे में टू-मिनिट मैगी या फिर पिज़्ज़ा की घर पहुंच सेवा ही अक्सर काम आती है।

यहां एक नया प्रश्न खुलता है- नूडल्स या पिज़्ज़ा ही क्यों? इसके उत्तर के दो पक्ष हैं। एक-जो हमारे देसी फास्ट फुड व्यंजन हैं, क्या वे सचमुच पौष्टिक व स्वास्थ्यवद्र्धक हैं? क्या समोसा खाना पिज्काा खाने के मुकाबले बेहतर है? आहार विशेषज्ञ बताते हैं कि भारतीय व्यंजनों में भी तेल-मसालों का बहुतायत से प्रयोग होता है जो कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। हमारे चिकित्सक एवं आहार विशेषज्ञ फल व सलाद का सेवन करने की सलाह देते हैं। किंतु क्या कार्बाइड में या रसायनों में पके आम व केले नुकसानदेह नहीं हैं? घर में ताजा काटी गई सलाद तक तो ठीक है, लेकिन होटलों एवं दावतों में परोसी गई सलाद को तो छूना भी नहीं चाहिए। न जाने कैसे पानी में, कैसे हाथों से सुधारी जाती है! दो- हम स्वयं विज्ञापनों से आकर्षित एवं प्रभावित होते हैं। बच्चों का प्रभावित होना तो फिर स्वाभाविक ही है। जिन खाद्य पदार्थों के विज्ञापन टीवी पर आते हैं, वे ब्रांडेड होते हैं। जितना अच्छा विज्ञापन, उतना बढिय़ा प्रभाव, उतनी उम्दा खपत। अगर मुझे ठीक याद है तो 1950 के दशक में यूनिलीवर के डालडा के विज्ञापन के साथ ब्रांडेड सामग्री का प्रचार प्रारंभ हुआ था। रेडियो सीलोन पर प्रति बुधवार रात प्रसारित बिनाका गीतमाला उस प्रारंभिक समय में प्रभावशाली विज्ञापन का एक दूसरा उदाहरण था।
मुझे याद आता है कि किसी समय सुप्रसिद्ध अभिनेता अशोक कुमार जबलपुर में निर्मित शेर छाप बिड़ी नं. 7 के विज्ञापन में अवतरित होते थे। इसलिए आज यदि अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित अथवा प्रीति जिंटा मैगी का विज्ञापन कर रहे हैं तो वे एक स्थापित परंपरा का ही पालन कर रहे हैं। लेकिन क्या इनका ऐसा करना उचित है? हमारे देश में फिल्म और क्रिकेट के सितारों को जनता सिर-आंखों पर बैठाकर चलती है। वे हमारे लिए नवयुग के देवता हैं। वे चूंकि पत्थर के देवता नहीं हैं, इसलिए उनसे यह अपेक्षा तो की ही जा सकती है कि किसी भी वस्तु या विषय का प्रायोजन करने में अपने विवेक का इस्तेमाल करेंगे। वे अपनी सामान्य सूझबूझ को ताक पर रखकर पैसे के मोह में गलत वस्तु का प्रचार करने लगेंगे, ऐसा उनके बारे में तो हम नहीं सोचते। लेकिन कटु वास्तविकता यही है कि मैगी इत्यादि का विज्ञापन करते समय हमारे इन नायक-नायिकाओं ने विवेक का इस्तेमाल नहीं किया। एक समानांतर उदाहरण ले लीजिए- अमिताभ, सचिन, ऐश्वर्या इत्यादि ने सहारा समूह के ब्रांड एम्बेसेडर के बतौर काम किया। आज सहारा के कत्र्ता-धर्ता कहां हैं? ये तमाम सितारे अरबपति न सही, करोड़पति तो अवश्य हैं, फिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि बिना छान-बीन किए ये किसी के भी लिए विज्ञापन  करने तैयार हो जाते हैं? इस मनोवृत्ति को धिक्कार है।

अब बात उठती है सरकार की जिम्मेदारी की।  वर्तमान प्रधानमंत्री ने पद सम्हालते साथ सुशासन का वायदा किया था। सुशासन का एक अनिवार्य पक्ष है कि जनता स्वस्थ रहे। यदि किसी भी भोज्य पदार्थ से सेहत पर विपरीत असर पड़ता है तो उसकी रोकथाम सरकार को ही करना होगी। खाद्यान्नों की गुणवत्ता जांचने के लिए नगरीय निकायों से लेकर केंद्र तक यथोचित व्यवस्थाएं होना चाहिए। मैं याद करता हूं कि 1969-70 मुंबई के एक बाहर से साधारण दिखने वाले रेस्तोरां को ग्रेड-1 भोजनालय का दर्जा प्राप्त था, जबकि एक जगमग रेस्तोरां को ग्रेड-2 का। महानगरपालिका ने चकाचौंध की बजाय भोजन की गुणवत्ता को प्राथमिकता दी थी। अब ऐसा कड़ा परीक्षण कहीं भी नहीं होता। पांच सितारा होटलों तक का खाना खाकर लोग बीमार पड़ते हैं। सच कहें तो आजकल हर स्तर के सरकारी कर्मचारी सिर्फ अपने लिए जीते हैं। वेतन मानों उनका मौलिक अधिकार है। काम करने की फीस अलग से लगती है। इस व्यवस्था में चौपाटी व फुटपाथ के ढाबे, रेस्तोरां, चाट भंडार, ठेले अपनी हैसियत के अनुरूप सरकारी अमले को खुश करके रखते हैं तो बहुराष्ट्रीय कंपनियां तथा अन्य नामी उत्पादक अपने स्तर पर सारा प्रबंध कर लेते हैं। शीतल पेयों में भूजल से आए कीटनाशक की मिलावट होती है तो होती रहे और मैगी खाने से स्वास्थ्य बिगड़ता है तो बिगड़े, यहां परवाह किसे है? जिस सरकार ने उपभोक्ता को एक विशिष्ट दर्जा देकर उपभोक्ता अदालतें कायम कीं लेकिन बरसों-बरस न्यायाधीश नियुक्त नहीं किए तो उससे कितनी उम्मीद रखें?
 

देशबन्धु में 11 जून 2015 को प्रकाशित

Wednesday, 3 June 2015

मोदीजी और उनके मंत्री


एक साल पहिले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार बनाई थी तब मंत्रियों का चयन करने में उनकी अपनी इच्छा ही उसका सर्वोपरि एवं एकमात्र आधार थी। इसमें उन्होंने न तो संघ की चलने दी थी और न ही पार्टी की। श्री मोदी जिन्हें चाहते थे, पसंद करते थे, जिनकी क्षमता और निष्ठा पर भरोसा था, वे ही मंत्रीपद पा सके; जिनके प्रति उनके मन में रंचमात्र भी खुटका था, उन्हें बाहर करने में उन्होंने कोई आगा-पीछा नहीं किया। जो कथित फार्मूला लालकृष्ण आडवानी, मुरली मनोहर जोशी पर लागू किया गया, उसे नज़्मा हेपतुल्लाह के प्रसंग में छोड़ दिया गया। राजनैतिक इतिहास के विद्यार्थियों को याद होगा कि 1977 में जनता पार्टी की सरकार जब बनी थी, तब जनसंघ के कोटे से किसे लिया जाए, इस पर संघ की ही मर्जी चली थी और जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने तो उन्हें भी संघ की मर्जी के आगे शीश नवाकर मंत्रिमंडल में फेरबदल करने पर मजबूर होना पड़ा था। नरेंद्र मोदी को खुला हाथ मिल सका तो उसका प्रमुख कारण यही था कि उनके नेतृत्व में भाजपा ने स्पष्ट विजय हासिल की थी।

बहरहाल, एक साल बीत चुका है। इस बीच प्रधानमंत्री को अपने मंत्रियों की कार्यदक्षता नापने के अनेक अवसर मिले होंगे। अपनी विजय की पहिली वर्षगांठ पर वे शायद यह मंथन भी कर रहे होंगे कि देश-विदेश में किस मंत्री के कामकाज से सरकार की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई और किसके कार्य से अनुकूल संदेश नहीं गया। श्री मोदी यह अच्छी तरह जानते हैं कि जनता से उन्होंने एक बेहतर भविष्य की रचना के लिए बड़े-बड़े वायदे किए हैं और अब वक्त आ गया है कि उन पर गंभीरता के साथ अमल किया जाए। गत एक वर्ष में पहिले सौ दिन तो वैसे ही हनीमून में बीत गए थे, अगले सौ दिन भी खुमारी बनी हुई थी, लेकिन देखते ही देखते वह समय आ गया जब मतदाताओं ने पूछना शुरु कर दिया कि वायदे कब पूरे होंगे। अब आप न तो पिछली सरकारों पर सारा दोष डाल कर अपना बचाव कर सकते हैं और न ही अपनी अनुभवहीनता को कवच बना सकते हैं। अब न जुमले काम आएंगे, न नारे और न लच्छेदार भाषण। अपने कार्यकाल के  दूसरे साल में सरकार को ऐसे ठोस कदम उठाना ही होंगे जिनसे देश के संविधान की मर्यादा एवं जनांकाक्षाओं के अनुरूप तरक्की का रास्ता खुल सके।

यह स्पष्ट है कि मोदीजी ने अपने मंत्रिमंडल का गठन करते समय यथाशक्य संतुलन साधने की कोशिश की थी। एक ओर उन्होंने पार्टी के कई अनुभवी एवं वरिष्ठ सहयोगियों को सरकार में शामिल किया तो दूसरी ओर अनेक नए चेहरों को भी स्थान मिला। अनुभवहीन सदस्यों को मंत्री बनाना एक व्यवहारिक आवश्यकता भी थी क्योंकि अधिकतर सांसद पहिली बार चुनकर आए थे। सरकार में क्षेत्रीय भावनाओं का भी ध्यान रखा गया है तथा एनडीए के घटक दलों को भी आनुपातिक प्रतिनिधित्व दिया ही गया है। प्रारंभ में एक गड़बड़ी तब हुई थी जब अरुण जेटली को वित्त एवं प्रतिरक्षा दो भारी-भरकम विभाग एक साथ सौंप दिए गए थे। कालांतर में इस स्थिति को दुरुस्त करने का उपक्रम तो हुआ किंतु आभास होता है कि श्री मोदी को श्री जेटली से बढक़र भरोसा अन्य किसी पर नहीं है। मंत्रिमंडल को अधिक पुरअसर बनाने का एक प्रयत्न बीच में हुआ जब मनोहर पार्रीकर व सुरेश प्रभु क्रमश: प्रतिरक्षा एवं रेलवे मंत्री के रूप में लाए गए। ये दोनों उज्जवल छवि के धनी रहे हैं और अभी भी उम्मीद की जाती है कि ये कसौटी पर खरे उतरेंगे।

अभी कुल मिलाकर यह दिखता है कि राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, मेनका गांधी व अरुण जेटली जैसे वरिष्ठ व अनुभवी मंत्री पार्टी की नीतियों के मुताबिक अपना-अपना काम ठीक से सम्हाल रहे हैं। मैंने उपरोक्त नाम वरिष्ठता क्रम में लिए हैं, महत्व के क्रम में नहीं। इसी तरह वैंकया नायडू व नितिन गडक़री आदि पार्टी वरिष्ठों को जो विभाग सौंपे गए हैं, उनके बारे में भी सामान्यत: धारणा अनुकूल बनी हुई है। इसमें एक और अनुभवी मंत्री रामविलास पासवान का नाम भी जोड़ा जा सकता है जो घटक दल से हैं। ध्यान रखें कि इनमें से किसी के भी विभाग की विस्तृत चर्चा करना यहां मेरा अभीष्ट नहीं है। ये सब भारतीय राजनीति के जाने-पहिचाने चेहरे हैं और कहना होगा कि इन्हें स्वयं को चर्चा में बनाए रखने की कला भी आती है।इनमें से एक मेनका गांधी को छोडक़र बाकी सब की सक्रिय उपस्थिति रंगमंच पर बनी हुई है। इन्हें आप यदा-कदा पार्टी/सरकार के प्रवक्ता के रूप में भी देख सकते हैं। इस प्रकार कोई एक दर्जन मंत्रियों को छोडक़र मोदी सरकार में और कौन-कौन मंत्री हैं, किसके पास क्या विभाग हैं और वे क्या कर रहे हैं, इस बारे में जनता लगभग अनभिज्ञ है। प्रतीत होता है जैसे फिल्मों में एक्स्ट्रा होते हैं, कुछ वैसी ही भूमिका अधिकतर मंत्रियों को निर्माता निर्देशक द्वारा सौंप दी गई है।

यदि वरिष्ठ मंत्रियों की सूची में मेनका गांधी के इस समय नेपथ्य में चले जाने का अनुमान होता है तो मानों उस कमी की भरपाई करने के लिए दो अन्य नेत्रियां याने स्मृति ईरानी एवं निर्मला सीतारमन मंच पर सक्रिय भूमिका में दिखाई दे रही हैं। श्रीमती सीतारमन के पास जो विभाग है, उसका आम जनता से सीधा कोई लेना-देना नहीं है और न ही उसका रोजमर्रा के जीवन पर कोई प्रत्यक्ष प्रभाव है, फिर भी जब अवसर मिलता है, वे अपने राजनैतिक कौशल का परिचय देने में नहीं चूकतीं। दूसरी ओर स्मृति ईरानी का विभाग ही ऐसा है, जहां हर दिन उन्हें जनता के सामने जवाब देना होता है। शिक्षा याने मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अलावा एक और विभाग है जिसका प्रत्यक्ष सरोकार इस प्राचीन देश की विरासत, परंपरा व सोच से जुड़ता है। इसे हम संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के नाम से जानते हैं। इसे फिलहाल पहिली बार सांसद बने डॉ. महेश शर्मा सम्हाल रहे हैं। हमें वह समय याद है जब शिक्षा और संस्कृति के विषय एक ही मंत्रालय के अधीन थे। जिसके मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद जैसा शीर्ष स्थानीय नेता थे। आगे चलकर राजीव गांधी के कार्यकाल में पी.वी. नरसिम्हाराव मानव संसाधन विकास मंत्री  बने तथा शिक्षा व संस्कृति के अलावा स्वास्थ्य एवं रोजगार विभाग भी उन्होंने सम्हाला।

1991 में पी.वी. नरसिम्हाराव प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने अपने पुराने विभाग का दायित्व अर्जुनसिंह को सौंपा। श्री सिंह तब महज तीन साल ही मंत्री रहे, लेकिन उन्होंने मानव संसाधन विकास मंत्रालय को एक नई पहचान व ऐसी ऊंचाई दी कि वाजपेयी सरकार में मुरली मनोहर जोशी ने अपनी वरिष्ठता को आधार बनाकर, यही मंत्रालय स्वयं होकर लिया। इस पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नितांत अनुभवहीन व्यक्ति को इस भारी-भरकम विभाग का मंत्री क्यों बनाया, इसका अनुमान ही लगाया जा सकता है। ऐसी चर्चा सुनने में आई थी कि सुषमा स्वराज का कद कम करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया था। दूसरे, यह भी हो सकता है कि प्रधानमंत्री को सुश्री ईरानी ने अपनी वाक्पटुता, चपलता और जुझारू तेवरों से प्रभावित किया हो। जो भी हो, आज यह सोचने का माकूल अवसर है कि स्मृति ईरानी अपने दायित्व का निर्वहन अपेक्षा के अनुरूप कर पा रही हैं या नहीं! यहां स्मरणीय है कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अर्जुन सिंह के विभाग में काट-छांटकर संस्कृति विभाग को अलग कर दिया था। आज यह जिम्मा डॉ. महेश शर्मा पर है। अत: सुश्री ईरानी के साथ-साथ डॉ. शर्मा के कार्य की समीक्षा भी प्रधानमंत्री कर लें तो उचित होगा।

यह हम मानते हैं कि एक सत्तारूढ़ दल को अपने सिद्धांतों के अनुसार राजकीय नीति व कार्यक्रम बनाने का अधिकार है, विशेषकर तब जबकि उसके पास स्पष्ट जनादेश है। लेकिन जनतंत्र की खूबसूरती इसमें है कि अल्पमत रखने वालों की भावनाओं का भी समादर किया जाए, अन्यता बहुमत बहुसंख्यकवाद में तब्दील होते देर नहीं लगेगी। इस दृष्टि से वर्तमान भाजपा सरकार की अनेक नीतियों एवं कार्यक्रमों से एक बड़े वर्ग का मतभेद हो सकता है और है। फिलहाल उस सैद्धांतिक विमर्श की चर्चा न भी करें तो भी यह प्रश्न तो उठता ही है कि जिन दो विभागों को लेकर केंद्र सरकार की लगातार आलोचना हो रही है, जिनमें स्वीकृत प्रक्रियाओं का बारंबार उल्लंघन होने के कारण असंतोष फैल रहा है एवं सरकार की नीयत तक पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उनके बारे में प्रधानमंत्री का क्या रुख है? मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ही बात करें तो सरकार को यह बताना चाहिए कि आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में नियुक्ति के लिए बनी अनिल काकोडक़र समिति की सिफारिशें किस आधार पर खारिज की गईं। अगर सरकार श्री काकोडक़र की विद्वता व अनुभव का समादर नहीं कर सकती तो फिर और कौन बचता है? फिर ऐसा क्यों है कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों आदि में शीर्ष पदों पर नियुक्तियां एक साल से रुकी हुई हैं? इन प्रकरणों से यही संदेश जाता है कि स्मृति ईरानी शब्दवीर भले हों, कर्मवीर तो बिल्कुल नहीं हैं।

संस्कृति मंत्रालय को देखें तो राज्यसभा के पिछले सत्र में ही ललित कला अकादमी के अध्यक्ष को गलत तरीके से हटा देने का मामला उठा। जिस पद पर नियुक्ति स्वयं राष्ट्रपति करते हों, क्या उनसे बिना परामर्श के उस अधिकारी को हटाया जा सकता है? ऐसा करने से किसका हित साधन हो रहा है? इसी भांति राष्ट्रीय संग्रहालय के निदेशक को भी यकबयक हटा दिया गया। स्वयं मंत्री ने कहा कि निदेशक सक्षम व्यक्ति थे। फिर उन्हें हटाने की आवश्यकता क्यों आन पड़ी? सबसे विचित्र निर्णय तो स्मृति ईरानी के मंत्रालय में नेशनल बुक ट्रस्ट के अध्यक्ष पद को लेकर हुआ। मोदी सरकार चाहती तो संघ या भाजपा के प्रति निष्ठा रखने वाले किसी गुणी सुपात्र यथा नरेंद्र कोहली या प्रभाकर श्रोत्रिय को एनबीटी का अध्यक्ष बना सकती थी, लेकिन बनाया भी तो बलदेवभाई शर्मा को जो अनुभवी पत्रकार हैं किंतु जिनकी साहित्य जगत में किंवा पुस्तकों की दुनिया में कोई पहचान नहीं है। अगर ऐसे तमाम निर्णय प्रधानमंत्री की इच्छा से हो रहे हैं तो हम सिर्फ विरोध प्रकट कर सकते हैं, किंतु फिर इससे उनकी अपनी छवि में कोई इज़ाफ़ा नहीं होता।
देशबन्धु में 4 जून 2015 को प्रकाशित

Wednesday, 27 May 2015

मोदी सरकार : पहला पड़ाव


प्र धानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने अपने पांच साला कार्यकाल का पहला पड़ाव पार कर लिया है। चूंकि भाजपा के पास अपने तईं स्पष्ट बहुमत है इसलिए यह सहज उम्मीद है कि अगले चार साल भी बिना किसी विघ्न-बाधा के बीत जाएंगे। यूं कहने को तो सरकार एनडीए की है, लेकिन इसमें घटक दलों की भूमिका बच्चों को बहलाने के अंदाज में दूध-भात की ही है। सरकार के कामकाज को लेकर बीच-बीच में शिवसेना और अकालीदल सीमित मुद्दों पर अपना असंतोष व्यक्त करते हैं और फिर वापिस पटरी पर लौट आते हैं। लोजपा के रामविलास पासवान ने तो कुछ इस तरह से आत्मसमर्पण कर रखा है मानो उनकी पार्टी का विलय भाजपा में हो चुका है। आज इसलिए मोदी सरकार के एक वर्ष की समीक्षा करना है तो वह मुख्यत: भारतीय जनता पार्टी शासन की समीक्षा होगी। एनडीए बस नाममात्र के लिए है।

यह पहला मौका है जब प्रधानमंत्री लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। एक दिन नहीं जाता जब स्वयं प्रधानमंत्री की ओर से उनका प्रचार न होता हो। इसका स्वाभाविक परिणाम है कि विभिन्न मंचों पर नरेन्द्र मोदी के पक्ष व विपक्ष दोनों में टीका-टिप्पणियां चलती रहती हैं। कुल मिलाकर हुआ यह है कि प्रधानमंत्री सरकार से ऊपर उठ गए हैं। जो कुछ बात होती है वह उनको केन्द्र में रखकर होती है। जब प्रधानमंत्री स्वयं पूरे समय मंच पर छाए रहते हैं तो उसका नतीजा यह भी होता है कि चर्चाओं का स्वर, अनुकूल हो या प्रतिकूल, व्यक्तिमुखी हो जाता है। एक चुनी हुई सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों और लागू किए गए कार्यक्रमों के बारे में जनता के प्रति जो जवाबदेही होना चाहिए वह इस वातावरण में एक सिरे से गायब हो चुकी है। विचारणीय है कि यह स्थिति जनतंत्र के लिए कितनी शुभ है।

जो लोग नरेन्द्र मोदी के अंधसमर्थक हैं वे तो यह मानकर चलते हैं कि वे किसी अवतारी पुरुष की तरह चमत्कार कर भारत को दुनिया का सिरमौर बना देंगे। उनकी श्रद्धा पर हम टिप्पणी नहीं करेंगे। किन्तु जो एक बड़ा वर्ग संघ के सिद्धांतों में आस्था रखता है और जिसने बड़ी उम्मीदों के साथ इसी बिना पर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए तन-मन (धन देने वाले दूसरे थे)  से काम किया था अब उसमें निराशा गहराने लगी है। वे मोदी सरकार से जिस सुशासन की अपेक्षा रखते थे वह पूरी होते दिखाई नहीं देती। इस निराशा को रोकने के लिए ही शायद संघ प्रमुख मोहन भागवत ने अपने अनुयायियों को सलाह दी है कि शांतिपूर्वक प्रतीक्षा करें। उन्होंने नरेन्द्र मोदी की तुलना अभिमन्यु से करते हुए विश्वास प्रकट किया है कि वे एक न एक दिन चक्रव्यूह भेदने में अवश्य सफल होंगे। जाहिर है कि श्री भागवत मोदीजी को द्वापर नहीं बल्कि कलयुग के अभिमन्यु के रूप में देख रहे हैं।

 हमें इस बात से ऐतराज नहीं कि सरसंघचालक अपने परम प्रिय एवं विश्वस्त स्वयंसेवक की तुलना एक पौराणिक चरित्र से करें, लेकिन क्या श्री भागवत सचमुच यह मानते हैं कि इक्कीसवीं सदी की दुनिया में कोई एक व्यक्ति जटिल राजनीतिक समीकरणों का समाधान सिर्फ अपने बलबूते कर सकता है? दूसरे, अभिमन्यु की भूमिका तो चलते युद्ध के बीच थी; यहां तो नरेन्द्र मोदी चुनावी समर में विजयी हो चुके हैं, फिर उन्हें अभिमन्यु बनकर अब किससे लडऩा है? श्री मोदी के सामने चुनौती देश को एक सक्षम, पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन देने की है। इसके लिए उन्हें केसरिया बाना धारण करने की आवश्यकता नहीं बल्कि  मनोयोग से जटिल समीकरणों को समझने की है।

मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक साल के कार्यकाल के बारे में विचार करता हूं तो अनायास ही पुरानी फिल्मों के गीत-संगीत का ध्यान हो आता है। वह दौर था जब फिल्मी गीतों को सुनते हुए श्रोता उनमें पूरी तरह डूब जाया करते थे। गीतकार जो लिखते थे उसकी एक-एक पंक्ति और एक-एक शब्द में अर्थ भरा होता था और गायक जब उन्हें स्वर देते थे तो गीत के भाव श्रोता के सामने ज्यादा मुखर और ज्यादा स्पष्ट होने लगते थे। पाश्र्व संगीत एहसास को तरल बनाते चलता था। इसकी तुलना उन शोर-शराबे वाली पार्टियों से कीजिए जिनमें एक तरफ पैमाने छलकते रहते हैं और दूसरी तरफ कोई गज़ल गायक अपनी गायकी से हाकारीन को चमत्कृत करने की भरसक कोशिश करते रहता है। गायक के हावभाव और अंदाज पर तालियां पिटतीं है, वाह वाह के स्वर उठते हैं, लेकिन शायद ही कोई श्रोता गज़ल के भाव समझ पाता है। वह तो सिर्फ अदाओं पर मुग्ध हुए जाता है। क्या ऐसी ही कुछ स्थिति आज नहीं है?

विगत एक वर्ष में केन्द्र सरकार के क्रियाकलापों पर नकार दौड़ाएं तो यह समझ नहीं पड़ता कि तालियां क्यों बज रही हैं। ऊपर हमने मोहन भागवत को उद्धृत किया है। यह भी याद कर लें कि उद्योगपतियों के सिरमौर रतन टाटा ने भी वाणिज्य जगत को धीरज धरने की सलाह कुछ दिन पहले दी है। कुछ पूंजीपति हैं जो सरकार की वाहवाही में लगे हैं, लेकिन उन्हीं के बीच में दीपक पारेख जैसे श्रेष्ठि भी हैं जो इस बात से चिंतित हैं कि पिछले सालों के मुकाबले बीते वर्ष अधोसंरचना में निवेश में गिरावट आई है। नरेन्द्र मोदी पर सबसे अधिक भरोसा तो कार्पोरेट जगत को ही था किन्तु कराधान ढांचे में मैट, पिछली तारीख से टैक्स आदि की बातें कर वित्तमंत्री ने उद्योग जगत को ऊहापोह में डाल दिया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की स्वायत्तता में हस्तक्षेप करने के जो प्रयत्न हुए उसका भी कोई अच्छा परिणाम सामने नहीं आया।

प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं से प्राप्त सफलता का काफी यशगान किया जा रहा है। श्री मोदी यदि इस मोर्चे पर अपनी ओर से आगे बढक़र रुचि ले रहे हैं तो यह प्रसन्नता की बात है। वे विदेशों में भी अपने व्यक्तिगत छवि निर्माण के लिए साधन और अवसर जुटा लेते हैं, हमें इस पर भी कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन यह तो पूछना ही होगा कि प्रधानमंत्री की शिखर वार्ताओं से क्या ठोस परिणाम सामने आए। अभी जैसे दक्षिण कोरिया से दस बिलियन डालर निवेश की घोषणा हुई, लेकिन वहीं के अखबार कह रहे हैं कि इसमें नया कुछ नहीं है। इसी तरह चीन से बीस अरब डॉलर निवेश के समझौते हुए हैं, परन्तु इसकी तुलना में चीन ने पाकिस्तान में पैंसठ बिलियन डॉलर निवेश के पक्के समझौते किए हैं। दूसरे शब्दों में, भारत को सावधानी बरतना चाहिए कि जो वस्तुस्थिति है उसी का प्रचार हो अन्यथा जग-हंसाई हो सकती है।

यह तो सभी देख रहे हैं कि मोदीजी एक व्यक्तिकेन्द्रित सरकार चला रहे हैं। प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सर्वोच्चता स्पष्ट है, लेकिन अपने मंत्रिमंडल में उन्हें दो मोर्चों पर ध्यान देने की तत्काल आवश्यकता है। एक तो उनके पास अनुभवी मंत्रियों की कमी है, इसलिए जो अनुभवी हैं खासकर उन्हें अपने कार्य संपादन में स्वतंत्रता मिलना चाहिए। अभी शायद यह स्वतंत्रता अरुण जेटली के अलावा अन्य किसी को हासिल नहीं है। ऐसे में अन्य मंत्री बुझे मन से कितना काम कर पाएंगे। दूसरे, प्रधानमंत्री को अपने अनुभवहीन किन्तु वाचाल मंत्रियों पर लगाम कसने की आवश्यकता है। मसलन मनोहर पार्रिकर भले ही एक सफल मुख्यमंत्री रहे हों रक्षामंत्री के रूप में उनकी असावधान टिप्पणियों से सरकार की छवि को नुकसान पहुंचता है। इस तरह जैसे असंयत बयान गिरिराज सिंह देते रहे हैं, वैसी अपेक्षा मुख्तार अब्बास नकवी से नहीं की जाती थी।

इन दो बातों के अलावा प्रधानमंत्री को यह भी समझना होगा कि शिक्षा और संस्कृति इन दोनों विषयों पर उनकी सरकार जो निर्णय ले रही हैं उनसे सरकार की छवि को व्यापक नुकसान पहुंचता है। ललित कला अकादमी, राष्ट्रीय संग्रहालय, एनबीटी,आई आई टी आदि प्रतिष्ठित संस्थानों में जो हो रहा है, वह ठीक नहीं है।
कहने को बहुत कुछ है, बहुत सी टिप्पणियां अध्येताओं ने की भी हैं, किन्तु प्रधानमंत्री यदि अपने पहले वर्ष की समीक्षा तटस्थ भाव से करें तो स्वयं ही जान जाएंगे कि उन्हें आगे क्या करना चाहिए।
देशबन्धु में 28 मई 2015 को प्रकाशित

Wednesday, 20 May 2015

पीकू : नई सोच की फिल्म


 उस दिन सिनेमा घर से ‘पीकू’ फिल्म देखकर बाहर निकले तो मन हुआ कि इसके बारे में लिखना चाहिए। फिल्म की तारीफ मैं सुन चुका था, पारिवारिक मित्रों का साथ मिल गया था तो छह महीने के भीतर ही दुबारा मल्टीप्लेक्स में जाकर फिल्म देखने का योग बन गया। वरना अपना रिकार्ड यह है कि पिछले छह साल में टॉकीज जाकर शायद छह फिल्में भी नहीं देखी होंगी। टीवी पर जो फिल्में आती हैं बीच-बीच में उन्हें ही आधी-अधूरी देखकर काम चल जाता है। यह भी एक रोचक संयोग था कि छह महीने जो फिल्म देखी थी उसका टाइटिल था ‘पीके’ और अब यह ‘पीकू’। ह`मारे फिल्म बनाने वालों की कल्पनाशक्ति का भी कोई जवाब नहीं है। कहां-कहां से ऐसे शीर्षक ढूंढ लाते हैं।

‘पीकू’ फिल्म जिन लोगों ने भी देखी होगी उन सबने इसे एक स्वस्थ्य मनोरंजन वाली फिल्म के रूप में ही देखा होगा! फिल्म की कथा जैसा कि आप जानते हैं एक परिवार के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसमें अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण तथा इरफान खान जैसे वर्तमान में लोकप्रिय कलाकार तो हैं ही, आज से तीन-चार दशक पहले की लोकप्रिय अभिनेत्री मौसमी चटर्जी को भी लम्बे अरसे बाद देखने का मौका मिला।  मेरे प्रिय अभिनेता रघुवीर यादव भी एक नए मेकअप में प्रकट हुए। उनकी अभिनय प्रतिभा का जो लाभ सिनेमा जगत को उठाना चाहिए था वह नहीं उठा पाया। इनके अलावा और कौन-कौन से अभिनेता थे, मुझे मालूम नहीं। मालूम करने की आवश्यकता भी नहीं थी क्योंकि उनमें से कोई भी साधारण अभिनय से ऊपर नहीं उठ पाया।

प्रथम दृष्टि में ‘पीकू’ एक हास्यप्रधान फिल्म प्रतीत होती है। इसका कथानक जिस बिन्दु से उठाया गया है वहां हास्य की सर्जना अपने-आप होती है। श्री बनर्जी याने अमिताभ बच्चन अपने कब्ज से परेशान हैं और इसके चलते उनके स्वभाव में जो चिड़चिड़ापन आ गया है वह दूसरों को भी परेशान करता है और चिड़चिड़ा बना देता है। घर में एक पुराना सेवक है जो स्वामीभक्ति में कोई कमी नहीं रखता। रघुवीर यादव ने डॉक्टर मित्र का रोल अदा किया है, वह भी मित्रता में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ता। रघुवीर यादव के रोल को देखकर पुरानी फिल्मों में डेविड द्वारा निभाए गए परिवार-मित्र डॉक्टर के रोल का ध्यान आ जाता है। लेकिन मिस्टर बनर्जी के चिड़चिड़ेपन का सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ता है फिल्म की नायिका उनकी बेटी पीकू याने दीपिका पादुकोण पर। पिता के पास दवाईयों का भंडार है, लेकिन उन्हें किसी से फायदा नहीं होता। डॉक्टर की सलाह भी सुनी-अनसुनी कर दी जाती है। बेटी को विधुर पिता की देखभाल भी करना है और अपना कामकाज भी संभालना है। पीकू के स्वभाव में भी चिड़चिड़ापन आ गया है और इससे वह न तो घर को व्यवस्थित रख पाती है, न दफ्तर में मनोयोग से काम करना हो पाता है और न मित्रों के साथ फुर्सत के पल आराम से बीत पाते हैं।

फिल्म की कहानी सबको पता है कि किस तरह राणा चौधरी इरफान की टैक्सी में सवार होकर पिता पुत्री-कोलकाता अपने पुराने घर को देखने के लिए निकल पड़ते हैं। इस यात्रा में और उसके बाद भी जगह-जगह पर हास्य की सृष्टि हुई है, कहीं दृश्यों से, कहीं संवादों से। लेकिन मैं सोच रहा हूं कि क्या फिल्म सिर्फ इतनी ही है! इसमें कथा के भीतर जो उपकथाएं पिरोई गई हैं, क्या मेरी तरह अन्य दर्शकों ने भी उन्हें महसूस किया है? ये जो उपकथाएं हैं वे किस उद्देश्य से जोड़ी गई हैं और क्या उनका निर्वहन करने में डायरेक्टर सफल हो सका है? मुझे लगता है कि फिल्म के माध्यम से एक बहुत महीन संदेश देने का सायास प्रयत्न किया गया है जिसे चारों तरफ फूटते हँसी फव्वारों के बीच शायद दर्शक पकड़ पाने में चूक गए! इसकी चर्चा हम आगे करेंगे।

फिल्म में एक उपकथा है- अपने अतीत की स्मृतियों को जीवित रखने की। श्री बनर्जी की कोलकाता में चंपाकुंज नाम से विशाल हवेली है, जो उनकी मां के नाम पर है। वे उसे नहीं बेचना चाहते। बेटी सोचती है कि इसे बेच देना चाहिए। एक जमीन दलाल आकर्षक ऑफर लेकर बार-बार आता है।  फिलहाल कोठी में पीकू के काका-काकी रहते हैं, उन्हें भय है कि कोठी बिक गई तो वे कहां जाएंगे। टैक्सी मालिक राणा चौधरी पीकू का मित्र भी है। वह उसे समझाता है कि अतीत से इस तरह खुद को नहीं काटना चाहिए। स्मृतियों से कटने का मतलब अपनी जड़ों से कट जाना है। उसकी यह बात पीकू को समझ आ जाती है। मिस्टर बनर्जी अपने पुराने घर में आकर एक नए किस्म की प्रफुल्लता महसूस करते हैं और वहीं बहुत शांति के साथ, उनकी मृत्यु हो जाती है। पीकू घर पहुंचने का इरादा छोडक़र यह तय करती है कि इस हवेली का रख-रखाव कैसे किया जाए। यह उपकथा विरासत संरक्षण करने वालों की प्रशंसा पाने योग्य है!

एक और उपकथा है जो सर्वोदयी किस्म के गांधीवादियों को अवश्य पसंद आएगी। चौधरी की कार में ड्राइवर द्वारा रखा एक चाकू मिल जाता है जिसे फेंकने के लिए मिस्टर बनर्जी किाद पकड़ लेते हैं। अंत में पीकू के आग्रह पर चौधरी चाकू फेंक देता है। इस तरह हिंसा पर अहिंसा की विजय हो जाती है। इसके अलावा राणा चौधरी मिस्टर बनर्जी को कब्ज से मुक्ति पाने के लिए उकड़ू बैठकर शौच करने व तुलसी, पुदीना का काढ़ा पीने आदि की सलाह भी देता है जिस पर वे अमल भी करते हैं। इसे हम अंग्रेजी दवाइयों पर प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति की विजय मान सकते हैं।

बहरहाल, पीकू के कथानक में एक अन्य उपकथा है जो हमारी पारंपरिक सोच व सामाजिक रूढिय़ों को चुनौती देती है, उनका तिरस्कार करती है। इस उपकथा पर भारतीय संस्कृति का दंभ भरने वालों का ध्यान क्यों नहीं गया, यह अपने आप में आश्चर्यजनक है। पीकू आज के जमाने की एक आत्मनिर्भर कुंवारी युवती है। एक मित्र के साथ उसके दैहिक संबंध हैं। उसके इन संबंधों के बारे में पिता को भी मालूम है और उसी शहर में रहने वाली मौसी को भी। घर के इन दो बुजुर्गों को पीकू के संबंधों पर कोई एतराज नहीं है बल्कि मिस्टर चौधरी तो अपरिचित लोगों के सामने भी यह कहने में नहीं हिचकिचाते कि उनकी बेटी के विवाहेतर संबंध हैं। एक तरह से फिल्म का परिवेश ऐसा गढ़ा गया है जिसमें विवाहेतर संबंध को बहुत बारीक ढंग से मान्यता मिली हुई है।

भारतीय सिनेमा ने सौ साल का सफर पूरा कर अगली सदी में प्रवेश कर लिया है। इस लम्बी अवधि में फिल्मों में अभिनय और तकनीक के अलावा कथानक याने विचार के स्तर पर भी बहुत सारे परिवर्तन हुए हैं। ऐसी तमाम फिल्में अलग-अलग समय में बनी हैं जिनमें विगलित सामाजिक रूढिय़ों से मुक्त होने का संदेश दिया गया है। कभी बेमेल विवाह का विरोध हुआ, तो कभी विधवा विवाह की वकालत हुई। धर्म, जाति, भाषा, रंग, प्रांतीयता के नाम पर हो रहे भेदभावों को समाप्त करने का संदेश देने वाली फिल्में भी बनीं। अपराधियों का हृदय परिवर्तन संभव है, यह भी दर्शाया गया। वेश्यावृत्ति के लिए स्त्री नहीं बल्कि समाज जिम्मेदार है, यह संदेश भी सामने आया। गरज यह कि एक नए समाज की रचना का विश्वास लेकर सैकड़ों फिल्में पिछले सौ साल के दौरान बनी होंगी।

लगता है कि अब परिर्वतन की एक नई लहर चल पड़ी है। इन दिनों बन रही अनेक फिल्मों के विषय ऐसे हैं जिनके बारे में चार दशक पहले सोचना भी मुश्किल था। फिल्मों में भाषा के साथ जो सलूक हो रहा है, वह भी एक समय अकल्पनीय था। इसमें क्या अच्छा है और क्या बुरा, इस पर मैं टिप्पणी नहीं करना चाहता। यदि सामाजिक सोच में परिवर्तन आ रहा है तो वह आंखें मूंद लेने से तो नहीं रुक जाएगा। इस परिवर्तन का प्रतिबिंब यदि साहित्य में एवं फिल्मों पर पड़ रहा है तो उसे भी अनदेखा करने से काम नहीं चलेगा। यदि ‘पीकू’ में बिना विवाह किए युवाओं के बीच शारीरिक संबंध स्थापित होने का चित्रण आज के समाज का यथार्थ है तो मानना होगा कि फिल्मकार ने समय के अनुरूप विषय चुनकर अपनी कलाधर्मिता को ही निभाया है। दूसरी ओर फिल्मकार की शायद यह सोच भी हो कि विवाहेतर संबंध तो होते हैं, उस बारे में ढकोसलेबाजी क्यों की जाए; समाज में इस विषय पर खुल कर बहस हो तो इस तर्क को मान लेने में आपत्ति नहीं होना चाहिए।

देशबन्धु में 21 मई 2015 को प्रकाशित 

Thursday, 14 May 2015

ग्रेट ब्रिटेन के आखिरी (?) चुनाव




 ग्रेट ब्रिटेन अथवा यूके के घटनाचक्र में भारत की दिलचस्पी मुख्यत: दो कारणों से रहती है। एक तो इसलिए कि अंग्रेजों के साथ हमारे संबंधों की एक लंबी ऐतिहासिक कड़ी जुड़ी हुई है। दूसरे इसलिए कि पिछले तीन दशकों के दौरान ब्रिटिश समाज में भारतवंशियों ने अच्छी खासी पैठ बना ली है। यही वजह थी कि ग्रेट ब्रिटेन में हाल में सम्पन्न आम चुनावों के प्रति भी भारत में काफी उत्सुकता देखी गई। इसके पीछे एक और कारण भी था। भारतीय मीडिया में इन चुनावों के बारे में कुछ ऐसी तस्वीर पेश की गई मानो भारतवंशी वोटर ही चुनावों में निर्णायक भूमिका अदा करेंगे। इसमें जो अतिरंजना थी उसका विश्लेषण करने की आवश्यकता नहीं समझी गई। इतना अवश्य था कि पिछली बार के मुकाबले इस बार अधिक संख्या में भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

बहरहाल चुनाव परिणाम सामने आ चुके हैं और इनसे ऐसे कुछ तर्क उभरते हैं जो भारतवासियों के लिए दिलचस्पी का सबब होने के साथ-साथ विचार मंथन का अवसर भी प्रदान करते हैं। सबसे पहले नोट करने लायक तथ्य तो यही है कि पूरे देश में एक साथ साढ़े छ: सौ सीटों पर 7 मई को चुनाव सम्पन्न हुए और उसी रात नतीजे आना भी शुरु हो गए। चौबीस घंटे बीतते न बीतते सारे परिणाम घोषित हो चुके थे। हमारे देश में जहां चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होने में डेढ़-दो माह का समय लग जाता है यह एक आश्चर्यजनक खबर ही है। हमारा चुनाव आयोग जो तैयारियां करता है वे हनुमान की पूंछ की तरह कभी खत्म होने में ही नहीं आती। उम्मीदवार और वोटर दोनों थकने और ऊबने लगते हैं। कई-कई हफ्तों तक जरूरी सरकारी काम भी ठप्प पड़ जाते हैं। ब्रिटेन के चुनावों से क्या हम अपनी चुनावी प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने की कोई तरकीब हासिल कर सकते हैं?

यह सही है कि ब्रिटेन की आबादी कम है, मतदाताओं की संख्या भी उस अनुपात में भारत के मुकाबले कहीं नहीं ठहरती, सुरक्षा प्रबंध भी देखना पड़ते हैं, किन्तु प्रश्न उठता है कि अपने लोकतंत्र के परिपक्व होने का प्रमाण हम कब दे पाएंगे? यह भी गौरतलब है कि हाउस ऑफ कॉमन्स के लिए छह सौ पचास सीटों पर चुनाव होता है। मोटे तौर पर एक-सवा लाख आबादी के लिए एक संसद सदस्य। जबकि हमारे यहां प्रति लोकसभा सीट मतदाताओं की संख्या औसतन दस लाख से अधिक ही होती है। मैं लंबे समय से वकालत करते आया हूं कि हमारी लोकसभा में कम से कम एक हजार सदस्य होना चाहिए याने आज की संख्या से दुगुने। तभी संसद सदस्य मतदाताओं के साथ किसी हद तक न्याय कर पाएगा तथा भ्रष्टाचार व लापरवाही पर भी अंकुश लगाने में कुछ मदद मिलेगी।

इन चुनावों में एक बेहद महत्वपूर्ण तथ्य और उभरा है कि सारे चुनाव पूर्व सर्वेक्षण ध्वस्त हो गए। सामान्य तौर पर माना जाता है कि इंग्लैंड, अमेरिका आदि में चुनावी सर्वेक्षण खरे उतरते हैं क्योंकि मतदाता वहां शिक्षित हैं तथा अपनी राय बेबाकी से प्रकट करने में हिचकते नहीं। यह धारणा इस बार टूट गई। ऐसा क्यों हुआ इसका विश्लेषण अभी मेरी निगाह से गुजरा नहीं है, लेकिन इतना तो तय है कि सर्वेक्षण करने वाली एजेंसियों की विश्सनीयता पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। इसमें भारत के लिए सबक छुपा हुआ है। हमारे यहां चुनावी सर्वेक्षण को अपने पक्ष में प्रदर्शित करने के लिए राजनीतिक दल, खासकर भाजपा, जिस तरह का व्यायाम करते हैं वह जनता के सामने है। चुनावी सर्वेक्षण एजेंसी व उसे प्रकाशित करने वाले मीडिया दोनों की साख पर बार-बार धब्बा लगता है, लेकिन वे लोभ से बच नहीं पाते। आज एक बार फिर सोचने का वक्त है कि इन सर्वेक्षणों और भविष्यवाणियों पर पूरी तरह से पाबंदी क्यों न लगा दी जाए?

इस बार भारतवंशियों में चुनाव लडऩे के प्रति बेहद उत्साह था। भारतीय मूल के 59 प्रत्याशी चुनाव में खड़े हुए थे। इनमें से मात्र दस ही विजयी हुए, जबकि पिछली संसद में इनकी संख्या आठ थी। पारंपरिक तौर पर भारतवंशी लेबर पार्टी के साथ रहते आए हैं, लेकिन अब कईयों का रुख कंजर्वेटिव पार्टी या टोरियों की तरफ मुड़ गया है। प्रधानमंत्री कैमरन ने तो यहां तक उन्हें कहकर बहलाया कि आने वाले समय में कंजर्वेटिव पार्टी से ही कोई एशियाई या अश्वेत प्रधानमंत्री बनेगा। खैर! इसमें नोट करने लायक यह भी है कि भारतवंशियों के अलावा पाकिस्तानी, चीनी तथा अन्य आप्रवासी समुदायों के लोग चुनाव जीतकर संसद में पहुंचे। पाकिस्तानी मूल की एक उम्मीदवार ने तो वरिष्ठ एवं चर्चित नेता जॉन गॉलवे को ही करारी मात दी।  इस बार भारतवंशी कीथ वाज तो फिर से चुने ही गए। उनकी बहन वैलेरी वाज पहली दफा संसद में आ गईं। क्या इसे वंशवाद माना जा सकता है?

ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि लेबर पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरेगी और सरकार उसकी ही बनेगी। उसके मत प्रतिशत में खासी बढ़ोतरी होने का अनुमान था। कंजर्वेटिव पार्टी को भी मत प्रतिशत में हल्की बढ़ोतरी, लेकिन सीट संख्या में कमी आने की भविष्यवाणी की गई थी। अभी डेविड कैमरन लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर साझा सरकार चला रहे थे। इसके बरक्स कयास लगाए जा रहे थे कि लेबर पार्टी के नेता एड मिलिबैंड किस दल के साथ गठबंधन करेंगे। ये सारे अनुमान धरे के धरे रह गए। लेबर पार्टी की सीटें बढऩे के बजाय कम हो गईं और कंजर्वेटिव पार्टी ने स्पष्ट बहुमत से आगे बढ़कर पांच अधिक सीटें जीत लीं। अब कैमरन देश को किए गए अपने वायदों पर बिना किसी दबाव के निर्णय ले सकते हैं।

दरअसल, लेबर पार्टी को सबसे बड़ा झटका स्काटलैंड में लगा जहां अलगाववादी स्कॉटिश नेशनल पार्टी ने 59 में से 56 सीटें पाकर लेबर का सूपड़ा साफ कर दिया। अभी एक साल पहले ही स्कॉटिश जनता ने जनमत संग्रह में ग्रेट ब्रिटेन के साथ बने रहने का फैसला किया था। इन नतीजों के बाद आशंका उभरती है कि क्या स्कॉटलैंड में स्वतंत्र सार्वभौम देश बनने की मांग फिर से उठेगी? प्रधानमंत्री कैमरन ने जीत के तुरंत बाद वायदा किया कि ग्रेट ब्रिटेन के सभी राष्ट्रों अर्थात् वेल्स, उत्तर आयरलैंड और स्कॉटलैंड को अधिकतम स्वायत्तता दी जाएगी तथा चारों राष्ट्र (इंग्लैंड सहित) मिलकर एक देश बने रहेंगे, लेकिन इस पर विश्वास करने के  लिए राजनीतिक पर्यवेक्षक फिलहाल तैयार नहीं हैं। कईयों का कहना है कि यह शायद ग्रेट ब्रिटेन का आखिरी आम चुनाव सिद्ध हो सकता है।

डेविड कैमरन ने चुनाव के दौरान मतदाताओं से यह वायदा भी किया था कि वे यूरोपीय संघ की सदस्यता छोडऩे पर गंभीरतापूर्वक विचार करेंगे। यह एक बड़ा कूटनीतिक निर्णय होगा किन्तु अपनी घोषणा पर अमल करना प्रधानमंत्री के लिए शायद बहुत आसान न हो। यूरोप के सम्पन्न देशों में एक भावना बलवती होती जा रही है कि उन्हें कमजोर देशों का बोझ उठाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। ग्रीस, पुर्तगाल तथा पूर्वी यूरोप के अनेक देश निर्धन की श्रेणी में आ जाते हैं। इनके विरुद्ध जर्मनी और फ्रांस में भी आवा•ों उठ रही हैं। अगर ग्रेट ब्रिटेन इस दिशा में पहल करता है तो एक यूरोप का सपना बिखरते देर न लगेगी। किन्तु इससे स्वयं ब्रिटेन को क्या फायदा होगा यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अगर स्कॉटलैंड अलग हो गया तो उसका विपरीत प्रभाव इंग्लैंड की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

यह विचारणीय है कि लेबर पार्टी के हाथों में विजय आते-आते कैसे फिसल गई। एक तो स्कॉटलैंड के मतदाताओं ने उसका साथ नहीं दिया, दूसरे यह भी कहा जा रहा है कि लेबर पार्टी ने इंग्लैंड के ग्रामीण श्रमिक वर्ग की ओर ध्यान देना पिछले कई सालों से छोड़ दिया था। ये दोनों उसके पारंपरिक गढ़ थे। मोहभंग होने पर हार होना ही थी। युवा एड मिलिबैंड ने अपने सगे भाई डेविड मिलिबैंड को नेता पद के चुनाव में हराया था, लेकिन वे अपने पारंपरिक मतदाताओं का विश्वास जीतने में असफल सिद्ध हुए।

चलते-चलते यह खबर कि पुनर्निर्वाचित प्रधानमंत्री डेविड कैमरन अपनी पत्नी सामन्था कैमरन के साथ जीत की खुशी मनाने लंदन के सबसे महंगे और संभ्रांत वर्ग के लिए सुरक्षित मेफेयर क्लब में रात्रि भोज पर गए। पूंजीवादी जनतंत्र में नेतृत्व की दिशा का संकेत इसमें मिलता है।
देशबन्धु में 14 मई 2014 को प्रकाशित

Wednesday, 6 May 2015

राजनीति बनाम व्यापार


 भारत के व्यापारी वर्ग में एक मान्यता लंबे समय से चली आ रही है- कोऊ हो नृप हमें का हानि। तुलसीकृत मानस में मंथरा के इस कथन का आगे चलकर यही अर्थ लगाया गया कि व्यापारी राजनीति के प्रपंचों में पड़े बिना अपना धंधा करता रहे। सच पूछें तो यह उक्ति पूरे विश्व के व्यापारी समाज पर लागू होती है। राजतंत्र हो या जनतंत्र, अधिनायकवाद हो या सैन्य शासन, व्यापारी अपनी भलाई इसी में देखता है कि जो सत्ता में बैठे हैं उन्हें समय-समय पर भेंट-पूजा चढ़ाकर वह अपना काम निकाल ले। यदि वह राजकाज में सक्रिय दिलचस्पी लेने लगे तो कभी भी राजा के कोप का शिकार बन उसे अपना सर्वस्व गंवाना पड़ सकता है। प्रभा खेतान ने अपने उपन्यास "पीली आंधी" में विस्तारपूर्वक वर्णन किया है कि राजस्थान से वणिकों को समय-समय पर पलायन करने क्यों मजबूर होना पड़ा। वर्तमान समय में सोवियत संघ के विघटन के बाद शेष रूस का उदाहरण हमारे सामने है जहां पूंजीपतियों ने कम्युनिस्ट-विरोधी सत्ता के साथ मिलकर अरबों-खरबों की दौलत इकट्ठा कर ली, किन्तु बाद में उनमें से कई को देश छोड़कर भागना पड़ा, तो कई देश में ही सलाखों के पीछे कैद हैं।

इसके समानांतर एक दूसरी सोच भी काफी लंबे समय से चली आ रही है जो कहती है कि राजा को व्यापार नहीं करना चाहिए। इसके अनुसार राजा या कि सत्ता को, व्यवसायी वर्ग को अपना व्यापार निर्बाध रूप से कर पाने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के अलावा और कुछ नहीं करना चाहिए। जो लोग इस धारणा में विश्वास रखते हैं उनका मानना है कि व्यापार-व्यवसाय पर किसी भी तरह की बंदिश न हो। बाजार अपने नियम खुद ही तय कर लेगा; जिसकी सामथ्र्य होगी उसकी दुकान चलेगी, जो अक्षम होगा वह अपने आप बाहर हो जाएगा। इस सोच के लोग सरकार द्वारा लागू किए गए नियम कायदों की समय-समय पर आलोचना करते हैं। यह सिद्ध करने का प्रयत्न करते हैं कि आयकर, बिक्री कर, प्रवेश कर, लायसेंस, परमिट इत्यादि से व्यापार का ही नहीं, देश का कितना बड़ा नुकसान होता है। छत्तीसगढ़ की जनता को याद होगा कि जब राज्य नया-नया बना था तब यहां बिक्री कर और वाणिज्य कर खत्म करने की मांग इस आधार पर की गई थी कि देवभोग में हीरा उत्खनन से इतना पैसा आएगा कि प्रदेश के विकास के लिए किसी अन्य साधन से पैसा जुटाने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। आज पन्द्रह साल बाद छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स जैसी संस्थाओं से यह प्रश्न पूछा जा सकता है कि देवभोग के हीरों का और उससे मिलने वाले राजस्व का क्या हुआ? खासकर तब जबकि प्रदेश में व्यापारियों का हितचिंतक माने जाने वाली पार्टी की सरकार चल रही है।

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तब प्रकारांतर से उन्होंने भी व्यापार-व्यवसाय को निर्बाध रूप से चलने की वकालत की। उन्होंने ''अधिक सुशासन और कम शासन" जैसा कोई नारा दिया था। उनका मंतव्य यही था कि सरकार किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक रूप से हस्तक्षेप न करे। वे अपनी पार्टी की प्रारंभ से चली आ रही सोच को ही प्रतिध्वनित कर रहे थे। जनता को याद होगा कि वाजपेयी सरकार के समय एक विनिवेश मंत्रालय भी बनाया गया था जिसने सार्वजनिक क्षेत्र की खरबों की संपदा निजी क्षेत्र को मानो कौडिय़ों के मोल बेच दी थी। यह एक राजनीतिक प्रहसन ही है कि वाजपेयी सरकार के अर्थविशेषज्ञ अरुण शौरी आज नरेन्द्र मोदी के कटु आलोचक बन गए हैं। कृपया यह न समझें कि मैं विषयांतर कर रहा हूं बल्कि मेरी कोशिश कुछ विलुप्त कडिय़ों को जोडऩे की है।

वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर एक निगाह डालने से समझ आ जाता है कि बाबा तुलसीदास ने पांच सौ साल पहले जो बात कही थी उस पर अमल करने में ही व्यापारी समाज की भलाई निहित है। व्यापारी अपने आपको सक्रिय राजनीति से जितना दूर रखे उसके लिए उतना ही अच्छा है। एक व्यापारी के अपने राजनीतिक उसूल हो सकते हैं, लेकिन वह सामान्य तौर पर सभी राजनीतिक दलों को चंदा देता है, मना शायद किसी को भी नहीं करता। संभव है कि जिस पार्टी के विचार उसे अधिक अनुकूल लगते हैं वह उसके प्रति दूसरी पार्टी के मुकाबले ज्यादा उदारता दिखाता हो। हमने ऐसे उदाहरण भी देखे हंै कि एक व्यापारी किसी राजनीतिक दल का सक्रिय कार्यकर्ता है, किन्तु वह अन्य दलों से भी मधुर संबंध बनाकर चलता है। याने उसे पता है कि सबको मिलाकर चलने में ही फायदा है।

यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि राजनीति और व्यापार दोनों किसी हद तक एक-दूसरे पर आश्रित हैं, इसके बावजूद दोनों के बीच एक अदृश्य रेखा है जिसका उल्लंघन करना अभी हाल तक ठीक नहीं माना जाता था। कोई भी देशकाल हो, व्यापार उसमें एक अनिवार्य गतिविधि की तरह होगा तथा सत्ताधीशों को पूंजीपतियों से समय-असमय सहयोग लेने की भी आवश्यकता होगी। दूसरी तरफ उद्यमी वर्ग अपने कामकाज के लिए बेहतर परिस्थितियां मांगने के लिए सरकार पर जब-तब दबाव और प्रलोभन का भी सहारा लेगा, लेकिन पारंपरिक सोच कहती है कि बात इसके आगे नहीं बढऩा चाहिए। यही कारण है कि सामान्य तौर पर व्यापारी अपने आपको राजनीति से दूर रखते आया है। चुनावी राजनीति उसे अक्सर रास नहीं आती तथा राजनीति में किसी बड़े पद पर पहुंचने की वह इच्छा भी नहीं रखता। यही कारण है कि हमारे अधिकतर चुने हुए नेता या तो किसान हैं या वकील या अध्यापक या फिर शुद्ध राजनेता।

यह स्थिति अब बदलने लगी है। उद्योगपतियों और व्यापारियों के बीच एक नयी सोच विकसित होने लगी है कि वे जब दूसरों को चंदा देकर चुनाव लड़वाते हैं तो खुद क्यों चुनाव नहीं लड़ सकते। यह सोच उन बाहुबलियों की सोच से अलग नहीं है जो चुनाव के वक्त नेताओं की मदद करने के बदले खुद विधायक, सांसद, मंत्री बनने का सपना देखने लगते हैं। इस नयी बयार में हमने देखा कि कितने सारे उद्योगपति और व्यापारी राज्य सभा के रास्ते से राजनीति में आ गए। इनमें विजय माल्या जैसे लोग भी शामिल हैं जिन्हें राज्य सभा के सभापति के निधन के दिन भी अपनी भव्य दावत निरस्त करने का ध्यान नहीं आया। उन्हें देश आज दिवालिया उद्यमी के रूप में जान रहा है।  हमारे सामने उन चुने गए राजनेताओं के उदाहरण भी हैं जो संदिग्ध व्यापारों में संलिप्त होने के कारण जेल की हवा खा रहे हैं।

इस नयी सोच ने राजनेताओं के मन में भी व्यापारी बनने की लालसा जागृत कर दी है जिसका सबसे ताजा एवं ज्वलंत उदाहरण पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के रूप में जनता के सामने है। बादल परिवार के दर्जन भर सदस्य राजनीति में लाभ के पदों पर हैं, लेकिन इतने से उनका मन नहीं भरा। सुखबीर सिंह बादल को बस ऑपरेटर बन जाने की ऐसी क्या जरूरत आन पड़ी थी? वह भी ऐसी जिसका संचालन प्राप्त जानकारी के अनुसार हर तरह के नियम कायदे तोड़कर हो रहा है। ऐसे और भी दृष्टांत काश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एवं गुवाहाटी से लेकर गोवा तक जनता के समक्ष हैं। देश को याद दिलाने की जरूरत नहीं है कि लाल बहादुर शास्त्री ने 1954 में रेल दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्री पद त्याग दिया था। इस तरह की आशा श्री बादल जैसे व्यक्तियों से रखना व्यर्थ ही होगी। विजय माल्या और सुखबीर सिंह बादल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। एक व्यक्ति ने व्यवसाय से राजनीति में पदार्पण किया और दूसरे ने राजनीति का उपयोग व्यापार करने के लिए किया। दोनों की सोच में हमें कोई अंतर नहीं दिखाई देता। यह एक नया युग है जिसमें लालच ही सबसे बड़ी प्रेरणा है और धनसंग्रह ही अंतिम लक्ष्य।


देशबन्धु में 07 मई 2015 को प्रकाशित