Friday, 20 April 2012

उसमें प्राण जगाओ साथी- 13


आपातकाल के कुछ प्रसंग
25 जून 1975 को सारे देश को चौंकाते हुए आपातकाल लागू हुआ। इसका असर समाचार पत्रों पर भी पड़ा। मध्यप्रदेश में संघ परिवार के मुखपत्र युगधर्म के सभी संस्करणों का प्रकाशन शासकीय आदेश से रुकवा दिया गया। प्रदेश शासन का यह निर्णय बाबूजी को नागवार गुजरा। जिस व्यक्ति ने अपने छात्र जीवन में पत्रकार कलम का उपयोग अंग्रेज सरकार के खिलाफ लिखने में किया हो उसे स्वतंत्र देश में अखबार पर बंदिश भला क्यों पसंद आती! वे भोपाल में मुख्यमंत्री प्रकाशचंद्र सेठी से मिले और अपनी आपत्ति दर्ज करवाई, कि जनतांत्रिक देश में किसी भी अखबार पर अंकुश लगाना एक गलत कदम है। बाबूजी ने युगधर्म के कर्मचारियों की रोजी-रोटी छिन जाने की चिंता भी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने बाबूजी की बात को समझा। उत्तर दिया कि प्रतिबंध लग गया है तो तीन महीने तक तो जारी रहेगा ही, लेकिन उसके बाद उठा लिया जाएगा। वैसा ही हुआ।देशबन्धु को सामान्य तौर पर कांग्रेस समर्थक अखबार माना जाता रहा है। दरअसल इस पत्र की परंपराएं नेहरूवादी रही हैं। आपातकाल के पूर्व जो अराजकता की स्थिति थी वह हमारी दृष्टि से चिंताजनक थी और जब आपातकाल लागू हुआ तो शुरुआती समय में देशबन्धु ने उसका स्वागत ही किया था। इसके बावजूद मायाराम सुरजन ने विरोधी विचार के एक अखबार को बचाने के लिए अपनी ओर से प्रयत्न किया तो इसे पत्रकारिता के बुनियादी मूल्यों के रक्षा के एक प्रयत्न के रूप में देखा जा सकता है। उस दौर में आगे चलकर जब संजय गांधी का प्रादुर्भाव हुआ तो उसका समर्थन इस पत्र ने नहीं किया। डेढ़ साल के उस दौर में संजय गांधी की एकाध तस्वीर छपी हो तो छपी हो वरना उनके कार्यक्रमों व कारनामों को देशबन्धु ने समर्थन नहीं दिया। दरअसल, बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन पर भी बाबूजी के मार्गदर्शन में इस पत्र द्वारा लगातार प्रश्न उठाए जाते रहे।
आपातकाल के दौरान ही सेठी जी की जगह श्यामाचरण शुक्ल दुबारा प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए थे। 1976 में रायपुर में संभवत: होली मिलन के कार्यक्रम में शुक्ल जी ने देशबन्धु के संपादक पं. रामाश्रय उपाध्याय से मजाक के लहजे में ही कहा होगा कि आपातकाल है, आप संभल कर लिखिए वरना मुश्किल में पड़ जाएंगे। उनकी इस बात से पंडित जी बेहद कुपित हुए और बाबूजी से चर्चा कर अगले ही दिन शुक्ल जी की शिकायत करने इंदिरा गांधी से मिलने रवाना हो गए। उन अठारह महीनों में समय-समय पर ऐसे और भी प्रसंग घटित होते रहे। छोटे-मोटे अफसरों ने सेंसरशिप को आधार बनाकर कुछ एक बार धमकाने की कोशिश की लेकिन हम लोग इससे अविचलित रहे आए। राज्य सरकार के स्तर पर हमारे विरुध्द कदम शायद इसलिए भी नहीं उठाया गया कि देशबन्धु किसी राजनीतिक एजेंडे के तहत काम नहीं कर रहा था और यह बात सत्ताधीश भी जानते थे।
बाबूजी ने वैचारिक प्रतिबध्दता को व्यक्तिगत संबंधों के आड़े नहीं आने दिया और न व्यक्तिगत संबंधों को पत्र की नीतियों पर हावी होने का अवसर दिया। 1969 में हमारे यहां कम्पोजिंग के लिए इंग्लैण्ड से मोनोटाइप मशीन आयात की गई। बैंक से ऋण स्वीकृत हुआ ही था कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण हो गया व आयात प्रक्रिया खटाई में पड़ गई। उस समय संघ परिवार के नागपुर स्थित मराठी मुखपत्र तरूण भारत के प्रबंध संचालक भैय्या साहब खांडवेकर से मित्रता काम आई। उन्होंने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के महाप्रबंधक से बातचीत की और रुकी हुई प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मददगार हुए। इसी मोनोटाइप मशीन से जुड़ा हुआ एक और प्रसंग है। चूंकि यह छत्तीसगढ़ में ऐसी पहली मशीन थी तो स्थानीय प्रेसों में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं था जो इस मशीन को चला सके। इसलिए बाबूजी ने कम्पोजिंग विभाग के कुछ सुयोग्य कर्मचारियों को कलकत्ता के मोनोटाइप स्कूल में प्रशिक्षण लेने भेजा। एक साल बाद नवभारत रायपुर में भी यही मशीन आई तो उसके तत्कालीन संपादक गोविंदलाल वोरा के अनुरोध पर बाबूजी ने अपने दो ऑपरेटरों फेरहाराम व लीलूराम साहू को दूसरी शिफ्ट में काम करने के लिए नवभारत भेजा कि ये दोनों उनके कर्मियों को प्रशिक्षण दे सकेंगे। बाद में ऐसा कुछ हुआ कि नवभारत प्रबंधन ने इन दोनों को कुछ ज्यादा आकर्षक प्रस्ताव देकर अपने यहां रोक लिया। फेरहाराम वहीं के हो के रह गए, लेकिन लीलूराम का मन नहीं लगा और अपने आप घर लौट आए। वे कालांतर में प्रेस विभाग में मेरे सबसे सुयोग्य सहयोगी सिध्द हुए। लीलूराम को कोई काम सौंप देना याने बिल्कुल निश्चिंत हो जाना था। जब नित नई बदलती टेक्नालॉजी के साथ कदम मिलाकर चलना संभव नहीं रहा तभी वे रिटायर हुए। बात थोड़ी भटक गई। मुख्य मुद्दा तो यही था कि व्यापार में प्रतिस्पर्धा करते हुए भी सौजन्यपूर्ण संबंध कैसे निभ सकते हैं, इसकी मिसाल बाबूजी ने पेश कर दी थी।
पत्रकार मायाराम सुरजन के मूल्यबोध का एक और उदाहरण दिया जा सकता है। देशबन्धु के भवन निर्माण हेतु शासन से जो भूखण्ड आबंटित हुआ उससे काफी लोगों को तकलीफ पहुंची। 1977 में दशहरे के दिन रायपुर के सारे समाचार पत्रों में खबर छपी कि देशबन्धु को कांग्रेस शासन द्वारा जमीन आबंटित की गई थी; अब जनता पार्टी का राज है तो इसे निरस्त कर देना चाहिए। यह खबर दैनिक महाकौशल में भी छपी जो प्रदेश में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता का अखबार था। मैंने दु:खी मन से सारे संपादकों को फोन किए। युगधर्म के संपादक बबन प्रसाद मिश्र को फोन पर मैंने याद दिलाया कि युगधर्म को कांग्रेस के जमाने में भूखण्ड मिला था और युगधर्म ने जो कंपनी बनाई थी उसके शेयर खरीदने वालों में कांग्रेसी भी शामिल थे तो फिर हम पर आघात करने से क्या हासिल हो रहा है। मैंने शुक्ल जी को भी फोन किया और नागपुर फोन कर अपने समवयस्क विनोद माहेश्वरी को भी। बहरहाल हम लोगों के मन में यह धारणा बनी कि यह समाचार गोविन्दलाल वोरा की प्रेरणा से प्रकाशित हुआ है। इसलिए जब अर्जुनसिंह जी ने उन्हें ''अमृतसंदेश'' के लिए जमीन आबंटित की तो सारे संपादकीय साथी बाबूजी के पास पहुंचे कि हम लोग अब बदला लेंगे तथा वोरा जी को आबंटित जमीन के खिलाफ अभियान चलाएंगे। बाबूजी ने बहुत शांत भाव से पूछा कि खबर छापने से तुम्हारा क्या नुकसान हुआ। थोड़ी मानसिक वेदना, थोड़ी भागदौड़, थोड़ी कानूनी लड़ाई,लेकिन जमीन तुम्हारे भाग्य में थी तो तुम्हें मिलकर रही। जो उनके भाग्य में है उन्हें मिलेगा। अपना दिमाग इन फालतू कामों में लगाने की जरूरत नहीं है। उनकी इस समुद्र जैसी गंभीरता के सामने हम क्या कहते। वापिस लौट आए। लेकिन इस निस्संगता का लाभ यही मिला कि आगे चलकर वोरा परिवार के साथ हमारे सौजन्यपूर्ण संबंध बने जो तीसरी पीढ़ी तक निभ रहे हैं।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 12


चार आने की इज्जत
यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि गत साठ वर्षों में हिन्दी पत्रकारिता का जो विकास हुआ उसमें मायाराम सुरजन का योगदान अग्रणी रहा। उन्होंने नागपुर, जबलपुर और भोपाल में काम करते हुए पत्रकारिता को एक स्वस्थ व निरंतर विकासशील स्वरूप प्रदान किया तथा पत्रकारों की ऐसी कम से कम दो पीढ़ियां तैयार कर दीं जिन्होंने आगे चलकर न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान कायम की। 1959 में जब बाबूजी रायपुर आए तब यहां से सिर्फ एक ही समाचार पत्र निकलता था- महाकौशल। लेकिन बाबूजी द्वारा अखबार शुरू करने के निर्णय से मानो तालाब के स्थिर जल में हलचल मच गई। आनन-फानन में नवभारत व युगधर्म भी यहां आ गए। यही नहीं, वर्षों बाद जब बाबूजी ने सतना जैसे एक छोटे नगर से अखबार निकालने का साहस जुटाया तो वह भी कुछ सालों के भीतर ही एक प्रमुख प्रकाशन केन्द्र बन गया। ग्वालियर से भी एक संपूर्ण समाचार पत्र निकालने की योजना उन्होंने बनाई थी। यद्यपि इस पर अमल होने के पूर्व ही उन्होंने योजना से अपने आपको पृथक कर लिया।
मुझे लगता है कि अपने प्रथम एवं एकमात्र नियोक्ता रामगोपाल माहेश्वरी की तरह बाबूजी की भी इच्छा थी कि उनके पांचों बेटों के पास पत्र के अपने-अपने संस्करण हाें। इसीलिए रायपुर और जबलपुर से देशबन्धु के प्रकाशन के बाद उन्होंने भोपाल से 1974 में पत्र का तीसरा संस्करण प्रारंभ किया जो विपरीत परिस्थिति के कारण 1979 में बंद करना पड़ा। इसके बाद 1985 में सतना संस्करण प्रारंभ हुआ तो उनकी इच्छा को ही मूर्तरूप देने के लिए भोपाल से देशबन्धु के पुर्नप्रकाशन एवं बिलासपुर से पांचवां संस्करण निकालने का उपक्रम मैंने किया। यद्यपि तब तक भोपाल से बाबूजी का मन उचट चुका था। उन्होंने मुझसे कहा- ''मुझे पूर्व में भोपाल दो बार छोड़ना पड़ा। यह शहर मुझे रास नहीं आता।'' यह विडंबना ही है कि उसी भोपाल में उनका देहावसान हुआ। 1974 में जब पहली बार भोपाल से देशबन्धु शुरू हुआ तो उन्होंने नवभारत के अपने पुराने सहयोगी स्वाधीनता सेनानी भाई रतनकुमार जी को पहला संपादक नियुक्त किया। भाई साहब को 1975 के उपचुनाव में कांग्रेस टिकिट भी मिला, लेकिन वे जीत नहीं सके एवं श्री बाबूलाल गौर के राजनैतिक जीवन का अभ्युदय यहीं से प्रारंभ हुआ। मैं उस दिन भोपाल में ही था जब चुनाव प्रचार करने निकले गौर साहब देशबन्धु कार्यालय आए और बाबूजी से शुभकामनाएं भी प्राप्त कीं। ऐसी राजनीति की आज कल्पना भी नहीं की जा सकती। अपने एक और पुराने साथी श्यामसुंदर शर्मा को शासकीय सेवा से इस्तीफा दिलवाकर बाबूजी उन्हें सतना संस्करण का संपादक बनाकर लाए। वे फिर लगभग दस वर्ष तक हमारे साथ बने रहे।
देशबन्धु के अनेक शुभचिंतक अक्सर चिंता व्यक्त करते हैं कि आप लोगों को व्यापार करना नहीं आता। मित्रों की यह राय शायद सही हो क्योंकि बाबूजी ने पत्रकारिता को कभी व्यापार माना ही नहीं। हम लोगों से वे कहा करते थे कि जिस दिन पैसा कमाना होगा उस दिन किराने की दुकान खोल लेंगे। लेकिन बाबूजी के समय से ही एक और बात कही जाने लगी थी कि देशबन्धु पत्रकारिता का स्कूल है और यह बात सही भी है। बाबूजी ने एक आदर्श शिक्षक और अभिभावक की भूमिका निभाते हुए अपने युवतर सहकर्मियों को तैयार किया। उन्हें काम करने के लिए एक खुला व जनतांत्रिक वातावरण दिया तथा वे समाज में अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा बना सकें, इसके लिए भी सदैव प्रोत्साहित किया। पहले और आज भी अखबारों में जो दमघोंटू वातावरण देखने मिलता है, पत्रकारों पर जिस तरह की बंदिशें लगाई जाती हैं व संपादक संस्था का जिस तरह से ह्रास कर दिया है बाबूजी की कार्यशैली उसके ठीक विपरीत थी। इसीलिए सन् 63 में ''अब्बन'' के नाम से सुपरिचित के.आई. अहमद जब सेंट्रल सिल्क बोर्ड में चले गए तो वहां से उन्होंने बाबूजी को पत्र लिखा कि मैं यहां आ जरूर गया हूं, लेकिन मुझे आप ललित का बड़ा भाई समझिए। आपका जो भी आदेश होगा उसका मैं पालन करूंगा। यह ठीक है कि अपने-अपने कारणों से पत्रकारों का आना-जाना चलता रहा, लेकिन उनमें से अधिकतर बाबूजी को उसी भावना से देखते रहे जो अब्बन जी के पत्र में व्यक्त हुई।
दरअसल, बाबूजी उस दौर के पत्रकार थे जिसमें अधिकतर भाषाई पत्रकार स्वयं ही अपने अखबार निकाला करते थे। अंग्रेजी की बात अलहदा थी जहां व्यापारी घरानों द्वारा पत्रों का संचालन होता था। बाबूजी के अनेक समकालीन पत्रकारिता के गुरों को जानते थे तथा अधिकतर की पृष्ठभूमि स्वाधीनता संग्राम की होने के कारण उनमें एक सामाजिक दायित्व बोध भी था। इनमें से कईयों ने आगे चलकर पत्रकारिता को विशुद्ध व्यवसायिक रूप दे दिया लेकिन यह बाबूजी ही थे जिन्होंने अपना रास्ता नहीं छोड़ा। यह निश्चित रूप से एक कठिन साधना थी। एक व्यवसाय के रूप में अखबार का संचालन और दूसरी ओर पत्रकार के रूप में मूल्यों का संवर्धन। बाबूजी अगर चाहते तो देश की राजधानी में सुख सुविधाओं का भोग व आत्मप्रचार करते हुए महान पत्रकार बनने का गौरव पा सकते थे, लेकिन उन्होंने उस पक्ष को नहीं चुना। वे तो मानो अपने जैसे अनेक मायाराम तैयार कर देना चाहते थे। हम लोगों को वे बार-बार समझाया करते थे कि हमारी प्रति हर सुबह चार आने में बिकती है। उनका आशय था कि अखबार प्रतिदिन पच्चीस पैसे में बिकता है और इसे खरीदने वाला आपके बारे में अच्छी या बुरी कैसी भी राय बना सकता है। इसलिए एक पत्रकार को हमेशा सचेत व निर्लिप्त रहकर ही काम करना चाहिए। उनकी जैसी सीख ऐसे निर्मल भाव से देने वाले पत्रकार उस समय भी कम ही थे तथा आज तो उसकी कल्पना करना भी दूभर है।
(इस ध्येयनिष्ठ पत्रकारिता के कुछ प्रसंग अगले अध्याय में)

उसमें प्राण जगाओ साथी- 11


नागपुर से भोपाल तक
मध्यप्रदेश में मायाराम सुरजन संभवत: एकमात्र ऐसे पत्रकार थे जिन्हें पूरे प्रदेश के राजनैतिक इतिहास व भूगोल का ज्ञान था। उन्होंने नागपुर से पत्रकारिता शुरू की तो उस दौरान विदर्भ को नजदीक से जाना समझा। इसी दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति का भी निकट से परिचय प्राप्त किया। वे जब जबलपुर आए तो महाकौशल को तो स्वाभाविक रूप से उन्होंने देखा ही, विंध्य प्रदेश से भी वे परिचित हुए क्योंकि जबलपुर नवभारत का प्रसार पूरे विंध्य प्रदेश में था। जबलपुर में रहते हुए ही 1952 में उन्होंने नवभारत का भोपाल संस्करण प्रारंभ किया तथा नया राज्य बनने के बाद 1956 में वे भोपाल चले गए। इस अवधि में उन्होंने मध्यभारत की राजनीति का भी गहन अध्ययन किया। अपने इस ज्ञान और अनुभव के बलबूते ही वे मध्यप्रदेश के राजनीतिक इतिहास पर ''मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के'' जैसी पुस्तक लिख सके।

इस तथ्य का उल्लेख करना आवश्यक है कि 1945 में बाबूजी ने पत्रकार के रूप में नहीं बल्कि विज्ञापन विभाग में एक क्लर्क के रूप में अपने कर्मजीवन की शुरूआत की थी। उनकी सहज रुचि पत्रकारिता में थी इसलिए वे संपादकीय विभाग की कार्यप्रणाली का भी साथ-साथ अध्ययन करते रहे। यही नहीं उन्होंने व्यवस्था विभाग के अन्य पहलुओं को भी बारीकी से जाना। यह उनकी कार्यकुशलता व लगन का ही परिणाम था कि रामगोपाल माहेश्वरी ने जब जबलपुर से नवभारत प्रारंभ करने का निर्णय किया तो बाबूजी को व्यवस्था का प्रभार देकर जबलपुर भेजा। जबलपुर संस्करण के पहले संपादक कुंजबिहारी पाठक अक्खड़ प्रवृत्ति के थे, जिनके लिए कार्यालय के अनुशासन में बंधना संभव नहीं था इसलिए बहुत जल्दी, छह-आठ माह के भीतर ही बाबूजी को संपादक एवं व्यवस्थापक दोनों प्रभार एक साथ संभालना पड़े। यह संभवत: वह बिन्दु है जहां उन्हें अपने मनचाहे क्षेत्र में काम करने का अवसर उन्हें मिला। इस अवधि में राजनीति, कला, साहित्य, शिक्षा, खेल इत्यादि तमाम क्षेत्रों में उनके परिचय विकसित हुए। हरिशंकर परसाई, अजय चौहान व हनुमान प्रसाद वर्मा जैसे सुख-दु:ख के साथी उन्हें इस दौरान मिले। अपने सहयोगियों के रूप में उनके साथ श्यामसुन्दर शर्मा, रघुनाथप्रसाद तिवारी, हीरालाल गुप्त,श्यामबिहारी पटेल व प्रेमशंकर धगट इत्यादि पत्रकार जुड़े जिन्होंने आगे चलकर पत्रकारिता अथवा जनसंपर्क में यश अर्जित किया।

भोपाल से उन दिनों कोई अखबार नहीं निकलता था। नवभारत के विस्तार के लिए बाबूजी ने इसे उपयुक्त अवसर समझा तथा1952 में टेबलायड आकार में नवभारत का भोपाल में प्रकाशन शुरू हुआ। प्रखर पत्रकार प्रेम श्रीवास्तव इसके स्थानीय संपादक बने। संभवत: माहेश्वरी जी के मन में यह कल्पना थी कि उनके तीनों पुत्रों के पास अपना एक-एक स्वतंत्र प्रभार हो तथा इसी से प्रेरित होकर भोपाल की यह पहल हुई। उस समय किसी को कल्पना नहीं थी कि नया मध्यप्रदेश बनेगा और भोपाल उसकी राजधानी होगी। दरअसल जब राज्य पुनर्गठन का फैसला अंतिम रूप से हो गया तब जबलपुर को राजधानी बनाने के आंदोलन में बाबूजी ने बहुत सक्रियता के साथ भाग लिया व अग्रणी भूमिका निभाई। यद्यपि इस आंदोलन का कोई वांछित परिणाम नहीं मिला। जब तय हो गया कि राजधानी भोपाल में बनेगी तो भोपाल के टेबलायड आकार को संपूर्ण समाचार पत्र का रूप देने में बाबूजी जुट गए। जबलपुर कार्यालय से चुने हुए लोगों की एक टीम इस कार्य को अंजाम देने भोपाल गई।

उस समय तक भोपाल नवभारत इब्राहिमपुरा मोहल्ले में एक किराए के मकान में स्थापित था। कांग्रेस नेता लाला मुल्कराज की इस कोठी में पहली मंजिल पर ट्रेडल मशीन लगी थी जिस पर पेपर छपता था। 1956 में जहांगीराबाद में किराए का एक बड़ा मकान ढूंढा गया और प्रेस वहां चला गया। इब्राहिमपुरा का घर हमारा निवास बन गया। नीचे दरवाजे पर बाबूजी के नाम की जो तख्ती लगी थी वह वहां लगभग पचास साल तक लगी रही। लाला जी अथवा उनके बाद उनके बेटों ने इस नेमप्लेट को शायद स्नेह के वशीभूत होकर नहीं हटाया। कुछ माह बाद ही बाबूजी ने जहांगीराबाद के किराए के मकान को खरीदने का विचार किया और यह सौदा पक्का हो गया। मुझे अच्छी तरह स्मरण है कि 1957 में दशहरे के दिन नवभारत के अपने भवन में गृहप्रवेश का कार्यक्रम रखा गया। इसके लिए बाबूजी नागपुर से माहेश्वरी जी के सबसे छोटे पुत्र श्री विनोद को कार से भोपाल लाए। इस यात्रा में मैं और नागपुरवासी मेरी बुआजी के बेटे अनुपम भैया भी साथ में थे। नागपुर से भोपाल तक की सड़क उस समय कैसी रही होगी, पाठक इसकी कल्पना कर सकते हैं। सुबह के निकले हम शाम छह-सात बजे नर्मदा पार कर बुधनी पहुंचे और उसके आगे कच्ची सड़क पर रास्ता भटक गए। दो तीन घंटे बाद किसी तरह सही रास्ते पर लौटे। गांव के रिश्ते से विनोद बाबूजी को मामाजी कहते थे। अनुपम भैया तो भांजे थे ही। इसीलिए बाबूजी ने पुरानी कहावत को याद किया कि मामा-भांजे को एक नाव में कभी साथ नहीं बैठना चाहिए।

1957 में ही मध्यप्रदेश की पत्रकारिता के इतिहास में मायाराम सुरजन ने एक नया अध्याय जोड़ा। उन्होंने नए प्रदेश की राजधानी से अंग्रेजी का पहला समाचार पत्र निकालने की योजना बनाई। माहेश्वरी जी ने प्रारंभ में इसमें रुचि नहीं दिखाई लेकिन वे अंतत: राजी हुए तथा भोपाल से मध्यप्रदेश क्रॉनिकल का प्रकाशन प्रारंभ हुआ। उन दिनों भोपाल एक बहुत छोटा शहर था- नए मध्यप्रदेश के बड़े शहरों में पांचवें क्रम पर। अंग्रेजी पत्र के लिए संपादक मिलना मुश्किल था। बाबूजी ने नागपुर में अपने दो मित्रों के.पी. नारायणन और शिवराज सिंह से संपर्क किया जो क्रमश: हितवाद और नागपुर टाइम्स में काम कर रहे थे तथा उन्हें अपने साथ भोपाल आने के लिए राजी किया। श्री नारायणन इस पहले अंग्रेजी पत्र के संपादक बने। बाबूजी समूह के महाप्रबंधक थे, लेकिन अपने से उम्र में बड़े नारायणन साहब को उन्होंने हमेशा आदर दिया और जरूरत पड़ने पर उनके केबिन में जाकर ही उनसे बातचीत की।

Thursday, 19 April 2012

उसमें प्राण जगाओ साथी- 10

हस्तलिखित पत्रिका से शुरुआत

अपने पचास साल के पत्रकार जीवन में मायाराम सुरजन के विभिन्न राजनीतिक दलों और सत्ताधीशों के साथ अलग-अलग स्तर पर रिश्ते रहे। मुख्य बात यह है कि एक पत्रकार के रूप में बाबूजी ने राजनेताओं के साथ सदैव एक सम्मानजनक दूरी बनाई रखी। जिनके साथ उनकी वैचारिक सहमति थी, उन्होंने कभी भी उनके निकट होने का प्रयत्न नहीं किया, और न ही जिनसे व्यक्तिगत या वैचारिक मतभेद हुए उनके प्रति कोई दुर्भावना मन में रखी। वे स्वाधीनता संग्राम के दौर की उपज थे तथा देश प्रदेश की राजनीति में उनकी सक्रिय दिलचस्पी थी; वे मध्यप्रदेश की राजनीति को जितनी बारीकी में जानते थे वह बेमिसाल थी, लेकिन इसे आधार बनाकर उन्होंने पत्रकारिता से इतर कोई महत्वाकांक्षा मन में नहीं पाली।

मायाराम सुरजन के पत्रकार जीवन का प्रारंभ 1943 में होता है। वे वर्धा में बी.कॉम. के विद्यार्थी थे तथा मित्रों के साथ मिलकर उन्होंने वर्धा नगर विद्यार्थी हिन्दी साहित्य परिषद का गठन किया था। इसमें उन्होंने ''प्रदीप'' नाम से एक हस्तलिखित पत्रिका भी प्रकाशित की जिसके दो अंक सौभाग्य से देशबन्धु लाइब्रेरी में सुरक्षित हैं। इस पत्रिका में उनके सहयोगी थे टिकेन्द्रनाथ टिकरिहा और सुखचैन बासल। श्री टिकरिहा ने आगे चलकर छत्तीसगढ़ में एक लेखक पत्रकार के रूप में अपना स्थान बनाया व श्री बासल जबलपुर में वाणिज्य के प्राध्यापक बने। अच्छे सुन्दर नीले रंग के लाइन वाले कागज पर बाबूजी की हस्तलिपि में ही उस पत्रिका का ज्यादातर लेखन हुआ। विद्यार्थियों की इस पत्रिका से ही ज्ञात हो जाता है कि बाबूजी के राजनैतिक विचार किस दिशा में विकसित हो रहे थे। 

मैंने जो दो अंक देखे उनमें से एक में यरवदा जेल में कस्तूरबा गांधी के अस्वस्थता पर चिंता प्रकट करते हुए संपादकीय है। दूसरे अंक में राष्ट्रमाता कस्तूरबा के निधन पर शोक विह्वल संपादकीय श्रध्दांजलि है। इन दोनों लेखों में ब्रिटिश सरकार की खुली आलोचना है। आश्चर्य नहीं कि इस कारण विद्यार्थी मायाराम पर सरकार की निगाहें टेढ़ी हुई हो लेकिन उन पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। इसके दो कारण हो सकते हैं- एक तो यह कि स्नेहिल प्राचार्य श्रीमन्नारायण जी ने उन्हें किसी तरह से वर्धा से अपने गांव भिजवा दिया और दूसरे यह कि वर्धा के उस समय के पुलिस अधीक्षक राय साहब करतारनाथ के हमउम्र बेटे प्रेमनाथ के साथ उनकी मित्रता हो गई थी। ये वही प्रेमनाथ हैं जिन्हें हम हिन्दी फिल्मों के एक चर्चित अभिनेता के रूप में जानते हैं। 1962 में पिता की मृत्यु के बाद प्रेमनाथ बंबई छोड़कर कुछ समय के लिए जबलपुर आ बसे थे। तब दोनों मित्र अरसे बाद फिर मिले।

वर्धा में अपने छात्र जीवन के दौरान बाबूजी, गांधीजी, पंडित नेहरू तथा अन्य महान स्वाधीनता सेनानियों के संपर्क में आए। लेकिन उन पर वैचारिक रूप से गांधी और नेहरू का ही प्रभाव पड़ा। मैंने बाबूजी की सुरुचि सम्पन्नता को देखा है और उसमें नेहरूजी की नफासत की झलक महसूस की है। दूसरी ओर उनमें भौतिक सुख सुविधाओं के प्रति वैसी ही निस्पृहता थी जो बापू की याद दिलाती थी। इस तरह अपने निजी आचरण और सिध्दांत दोनों में उन्होंने इन दो महान नेताओं की प्रेरणा ली, ऐसा मुझे अकसर महसूस होता है। वे 1945 में नौकरी करने नागपुर आ गए। यहां उन्होंने नौकरी के साथ-साथ लॉ कॉलेज में भी प्रवेश लिया। इस दौरान नवभारत में अपने वरिष्ठ संपादकीय सहयोगी शैलेन्द्र कुमार के कारण वे वामपंथियों के नजदीक आए तथा इसी दौर में उन्हें ए.बी. वर्धन जैसे मित्र भी मिले। बाबूजी स्टूडेंट फेडरेशन में सक्रिय हुए तथा प्रगतिशील लेखक संघ में भी राजीव सक्सेना आदि उनके मित्र बने। इस तरह अपनी तरूणाई में ही उन्होने वाम रुझान के साथ मध्यमार्ग (लैफ्ट ऑफ सेंटर) को अपनाया तथा तमाम झंझावातों के बीच भी उन्होंने इस पथ को नहीं छोड़ा।

उनके जीवनकाल में पहले सीपी एवं बरार और फिर नए मध्यप्रदेश में अधिकतर समय कांग्रेस का ही शासन रहा।  कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों के साथ उनके परस्पर विश्वास के संबंध रहे। दूसरी तरफ साम्यवादियों ने भी उन्हें अपने निकट समझा। कांग्रेस से टूटकर निकले समाजवादियों के साथ भी उनके आत्मीय संबंध बने रहे। लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि जनसंघ अथवा भाजपा के नेताओं के साथ भी उनके संबंध सदैव सौजन्यपूर्ण बने रहे। यहां एक प्रसंग का उल्लेख करना उचित होगा। 1977 में जनता पार्टी की सरकार बनी। मुख्यमंत्री कैलाश जोशी राजकीय यात्रा पर पहली बार रायपुर आए। विमानतल पर देशबन्धु के तत्कालीन चीफ रिपोर्टर गिरिजाशंकर उनसे मिले तो जोशी जी ने सवाल किया- मायाराम जी कहां हैं? गिरिजा ने बताया कि - वे जबलपुर में हैं तो जोशी जी बोले- ये क्या बात हुई। मैं तो आज उनके साथ भोजन करने की सोचकर आया था। जब जोशी जी दुबारा रायपुर आए तो हमारे घर भोजन करने आए। राजनीति और पत्रकारिता दोनों ही क्षेत्रों में संबंधों का ऐसा निर्वाह बिरले ही देखने मिलता है।

1977-80 के बीच प्रदेश में जनता पार्टी के तीन मुख्यमंत्री हुए। कैलाश जोशी के अलावा सुन्दरलाल पटवा के साथ बाबूजी और देशबन्धु के संबंध सौजन्यपूर्ण ही रहे। श्री वीरेन्द्र कुमार सखलेचा इसका अपवाद थे। 1978 में किरंदुल गोलीकांड की जैसी रिपोर्ट देशबन्धु में छपी एवं सखलेचा सरकार की जो मर्यादित आलोचना अन्य प्रश्नों पर हुई वह मुख्यमंत्री को नागवार गुजरी। श्री सखलेचा ने इस तथ्य पर गौर नहीं किया कि बाबूजी ने अपने लेखों में उनकी प्रशासनिक क्षमता की सराहना भी की थी तथा काम के बदले अनाज जैसी योजना को पत्र का पूरा समर्थन दिया था। उनके कार्यकाल में देशबन्धु के विज्ञापनों में भारी कटौती हुई तथा हमें अपना भोपाल संस्करण मजबूरन बंद करना पड़ा। अनेक वर्षों बाद संसद के सेंट्रल हॉल में सखलेचा जी से मेरी भेंट हुई तब उन्होंने स्वीकार किया कि देशबन्धु को समझने में उनसे चूक हुई थी।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 9

पुरुषार्थ बनाम भाग्य
एक पत्रकार के रूप में मायाराम सुरजन के कृतित्व का अवलोकन हम करें, उसके पूर्व शायद यह उचित होगा कि उनके व्यक्तित्व के कुछ अनछुए पहलुओं से अवगत हो लें। उनकी एक पुस्तक के ब्लर्व पर मैंने यह जानकारी दी है कि जब बाबूजी का निधन हुआ तब उनके बैंक खाते में मात्र तीन हजार (3,000-) की राशि जमा थी। हमने उनकी स्मृति में मायाराम सुरजन फाउंडेशन की स्थापना की तो यह राशि उसके काम में लाना चाहते थे। लेकिन बैंक को उत्तराधिकार प्रमाण पत्र चाहिए था तथा इस छोटी सी रकम को हासिल करने में शायद उससे दुगनी राशि वैधानिक औपचारिकताओं में खर्च हो जाती सो यह राशि बैंक को ही समर्पित हो गई। जिस व्यक्ति ने अपने पचास साल के व्यवहारिक जीवन में समाचार पत्रों का प्रबंधन किया हो व पत्र स्थापित किए हों, उसके पास कोई निजी पूंजी न हो, यह आश्चर्यजनक प्रतीत हो सकता है, लेकिन बाबूजी इस मामले में पूरी तरह निस्पृह थे। मुझे जब 1984 में स्वामी प्रणवानंद पत्रकारिता सम्मान के साथ 5,000- की पुरस्कार राशि मिली तो भोपाल में मेरी अनुपस्थिति में उन्होंने यह सम्मान तो ले लिया किंतु पुरस्कार राशि वहीं न्यास अध्यक्ष को वापिस सौंप दी कि ललित को इसकी ारूरत नहीं है। इस राशि का आप अन्यत्र बेहतर उपयोग कर सकते हैं।
इसी तरह का दूसरा आश्चर्यजनक तथ्य यह भी है कि उनके पास अपने जीवनकाल में स्वयं का कहने के लिए कोई घर नहीं था। हम भाईयों के अपने घर बन सकें, इसके लिए उन्होंने अवश्य प्रयत्न और सहायता की किंतु खुद का घर नहीं बनाया। यह एक संयोग है कि मेरे पास भी न तो अपना मकान है और न ही ामीन का कोई टुकड़ा। बाबूजी इस मामलों में शायद कहीं अपने पिता से प्रेरित हुए होंगे। उनके पास गांव में बहुत थोड़ी कृषि भूमि और एक छोटा सा कवेलू वाला घर था। जब बाबूजी नवभारत के जनरल मैनेजर बने और वेतन 500 रुपए प्रति माह हुआ तो दादाजी ने अपनी नाममात्र की अचल संपत्ति भी अपने दो विश्वस्त या आत्मीय साथियों को भेंट कर दी। ''भैया (यानी बाबूजी) अब खूब अच्छे से कमा रहे हैं। मुझे अब संपत्ति की जरूरत नहीं है।'' 1956 में राजधानी बनने के बाद स्वाभाविक रूप से भोपाल का विस्तार प्रारंभ हुआ। पत्रकार के रूप में बाबूजी को एकदम मौके की जगह मालवीय नगर में भूखंड की पेशकश सरकार की ओर से हुई। बाबूजी ने अपने मालिक रामगोपाल माहेश्वरी के लिए भूखंड आबंटित करवाया, लेकिन अपने लिए नहीं लिया। उनके चचेरे भाई भगवानदास माहेश्वरी ने उन्हें बिना बताए उनके नाम पर अपने पास से रकम भर प्लॉट ले लिया, लेकिन आगे चलकर बाबूजी ने वह भूखंड भी उन्हीं को वापिस सौंप दिया। रायपुर में अवश्य एक-दो बार अवसर आए और उनकी इच्छा भी हुई कि मकान बना लिया जाए, लेकिन सीमित साधन हमेशा प्रेस की ारूरतों के काम आते रहे व निजी स्थायित्व की भावना हाशिए पर डाल दी गई। रायपुर की चौबे कॉलोनी में एक मकान मेरे नाम पर बना। वह भी उनके स्नेही मित्र बैंक प्रबंधक गिरधरदास डागा के दबाव व हिम्मत के कारण। इस घर में हमारा कोई बीस साल डेरा रहा, लेकिन एक कांग्रेसी मुख्यमंत्री की कोपदृष्टि के शिकार अखबार के र्का पटाने में यह घर भी भेंट चढ़ गया।
बाबूजी के मित्र अक्सर कहा करते थे कि मायाराम जी रेत में नाव चलाते हैं। याने गाँठ में पैसा नहीं है, लेकिन किसी न किसी तरह पेपर राो निकल ही जाता है। इस ''किसी न किसी  तरह'' में परिवार से संबंधित एक मार्मिक तथ्य भी शामिल है। 1975 में उन्होंने अपनी बड़ी बहू माया को एक पत्र भोपाल से भेजा- ''देशबन्धु प्रारंभ करने के समय बाई (माँ) के गहने बिके। बाद में तुम्हारी बाई (याने मेरी माताजी) के और अब तुम्हारे गहने भी प्रेस की ारूरत के काम आए। मुझे इसकी बेहद पीड़ा है और तुम पर गर्व। पत्र का भाव लगभग यही था कि परिवार का तीन पीढ़ियों का स्त्रीधन व्यापार के घाटे उठाने में लगा दिया गया और इससे वे मन ही मन बेहद आहत थे। दरअसल, ऐसी स्थितियाँ इसलिए बनीं, क्योंकि बाबूजी ने पत्रकारिता के मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। इसकी विस्तृत चर्चा मैं आने वाले दिनों में करूंगा। स्वयं बाबूजी की आत्मकथा में इन स्थितियों की झलकियाँ हैं। यहां उनके व्यक्तिगत का एक विरोधाभास भी देखने मिलता है।
बाबूजी एक ओर जहाँ अपने पुरुषार्थ पर विश्वास करते थे, वहीं वे किसी हद तक भाग्यवादी भी थे। जबलपुर के सुप्रसिद्ध ज्योतिविद् पं. बाबूलाल चतुर्वेदी उनके मित्र थे तथा उनसे वे हमेशा सलाह-मशविरा करते थे। इसके अलावा उनकी अनेक ज्योतिषियों व भविष्यवक्ताओं से अच्छा खासा संपर्क था। नई दुनिया के पृथ्वीधराचार्य याने एम.जी. ढाते से भी वे पत्र लिखकर सलाह लेते थे। हम सब भाई-बहिनों की कुंडलियाँ उन्होंने बनवाईं। विवाह के समय उनका मिलान वगैरह भी करवाया। उनकी अपनी कोई 20-25 कुंडलियाँ बनी होंगी। उनके पुस्तक संग्रह में किरो की हस्तरेखा अध्ययन की पुस्तकें थीं तथा वे स्वयं शौकिया तौर पर हस्तरेखा देख लेते थे। उसके बावजूद यह सच्चाई अपनी जगह है कि उन्होंने निजी या व्यवसायिक निर्णयों में कभी ज्योतिषियों की सलाह पर अमल नहीं किया। एक बार कुछ हफ्तों के लिए उन्होंने अंगूठी पहनी। वह भी उतार दी। मुझे लगता है कि भविष्यवेत्ताओं की राय वे जैसे अपना मनोबल बढाने के लिए ही लेते थे। पंडितजी ने कहा कि सब मंगल हो मंगल होगा और वे इतना सुनकर ही स्वयं को आने वाले समय के लिए तैयार कर लेते थे।
यही स्थिति पूजा-पाठ को लेकर थी। कर्मकांड में उनका विश्वास अत्यन्त क्षीण था। अपनी माँ के निधन के बाद उनकी पूजा पेटी बाबूजी ने ली और संभवत: माँ की स्मृति का सम्मान करने के लिए ही उन्होंने उसके बाद प्रतिदिन लगभग पाँच मिनिट की पूजा करना प्रारंभ किया। यह जून 1966 की बात है। इसके पूर्व मैंने उन्हें कभी घर पर पूजा करते नहीं देखा। रायपुर में शाम को घर लौटते समय वे गोपाल मंदिर, सदर बाजार लगभग राो ही आते थे, लेकिन वहां भी सदर बाजार के मित्रों से भेंट व गपशप करना ही प्रमुख उद्देश्य होता था। मेरे व परिवार के अन्य विवाहों में उन्होंने कभी गणेश स्थापना नहीं करवाई और न ही दीपावली पर हमारे घर में लक्ष्मी पूजन की प्रथा रही। इन मौकों पर वे कुटुंब के इष्ट देव श्रीनाथजी को ही साक्षी बनाते रहे। हाँ, यदि परिवार के किसी सदस्य ने या प्रेस में किसी सहयोगी ने पूजा व कर्मकांड संबंधी कोई सुझाव दे दिया तो उसे वे मान लेते थे। ''अच्छा भाई, तुम्हारी इच्छा है तो यह भी कर लो।'' कुल मिलाकर वे आस्तिक तो थे, लेकिन अंधविश्वासी कतई नहीं।
उनकी सादगीपूर्ण जीवन शैली और आस्तिकता का एक मिला-जुला रूप देखने मिला छोटे भाई देवेंद्र के विवाह में। रायपुर के निकट दार्शनिक-संत महाप्रभु वल्लभाचार्य के जन्मस्थान चंपारन के मंदिर में देव का विवाह संपन्न हुआ। उस समय एक छोटी सी धर्मशाला थी। उसमें ही दोनों पक्ष के सदस्य ठहरे तथा बिना किसी आडंबर के शुभ कार्य पूरा हुआ। कुछ साल बाद इस प्रसंग को विस्तार के साथ दोहराया गया। देव से छोटे दीपक का विवाह निश्चित हुआ। बाबूजी ने इसे सामूहिक विवाह का स्वरूप दिया। दीपक व ममेरे भाई श्याम के साथ तीन अन्य जोड़े इसमें शामिल हुए। तब तक चंपारन में दो धर्मशालाएं निर्मित हो चुकी थीं। एक में सारी बारातें ठहरीं व दूसरी में सभी कन्या पक्ष। बाबूजी ने एक मिसाल सामने रख दी। इसका थोड़ा बहुत अनुसरण आज भी हो जाता है, लेकिन शादी-ब्याह में आडंबर तजने के लिए भारतीय समाज आज भी पूरी तरह से तैयार नहीं है, इस हकीकत को हम जानते हैं। अपने सामाजिक विचारों के कारण बाबूजी को यदा-कदा परेशानी भी झेलनी पड़ी। छोटी बहिन इति का विवाह तय करने में दो-तीन घरों से यही सूचना दबे स्वर में मिली कि मायाराम जी दहेज नहीं लेते तो न लें, लेकिन दहेज देंगे नहीं तो उनके घर संबंध करने में क्या लाभ! ऐसे अवसरों पर बाबूजी स्वयं को यही कहकर समझा लेते थे- जो भाग्य में लिखा है वही होगा।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 8


सच्चाई के पाठ
मुझे    बचपन में सड़क पर कहीं दो रुपए का नोट पड़ा मिला। घर आकर दादी को बताया तो वे तुरंत मुझे लेकर मंदिर गईं और नोट ठाकुरजी को अर्पित करवा दिया। एक बार और ऐसा हुआ। माँ (दादी के लिए हमारा यही संबोधन था। बाबूजी उन्हें बाई कहते थे) ने यही सीख अपनी इकलौती संतान मायाराम को उसके बचपन में दी होगी।
हम सपरिवार वृंदावन में छुट्टियाँ मना रहे थे। बुआजी मंदिर गईं। लौटीं तो उनके पैरों में दूसरी चप्पलें थीं। बाबूजी की नज़र
पड़ी। ''विमल! ये किसकी चप्पलें पहिन आईं।''
''भैया! मेरी चप्पलें शायद कोई और पहिनकर चला गया। ढूंढ़ी, नहीं मिलीं। मैं भी जो पैरों में फिट आईं, पहिनकर आ गई।''
बाबूजी इस पर नाराज हुए। ''जाओ, अभी, वापिस रखकर आओ। चोरी, वह भी मंदिर में जाकर।''
रुऑंसी बुआजी (स्व.विमल पुरोहित) उल्टे पैर मंदिर गईं। उनके पीछे-पीछे बाबूजी भी गए। मंदिर से नंगे पैर लौटते वक्त बराबर में नई चप्पलें दिलवाईं।
ऐसे ही एक प्रसंग में मुझे बाबूजी से एक करारा थप्पड़ खाना पड़ा। ऋषिकेश में पैदल घूमते-घूमते आम के पेड़ों पर कैरियाँ लदी दिखीं। अनुपम भैया और मैंने 4-6 कैरियाँ तोड़ लीं कि शाम के भोजन में चटनी बनाएंगे। बाबूजी इस बीच आगे बढ़ गए थे। हम लोगों को साथ न देखकर वापिस लौटे। कैरियाँ देखीं और माजरा समझ आ गया। पहिले बरसे- कैरियाँ वापिस पेड़ में लगाकर आओ। हम हतप्रभ। दंड मिला। फिर चौकीदार को ढूंढा। उसे कैरी की अनुमानित कीमत चुकाई। उसके बाद हमें सीख- पेड़ सरकार के हैं। तुम्हारा उन पर अधिकार नहीं है। आगे से ऐसी गलती मत करना।
उनके व्यक्तित्व का एक और पहलू ध्यान आता है। 1961-62 डाक से अखबार भेजने पर मात्र दो पैसे का टिकिट लगता था। मैंने अंतर्देशीय या लिफाफे पर 2-2 पैसे के पाँच टिकिट लगा दिए। बाबूजी की नज़र पड़ गई। बहुत शांति से उन्होंने समझाया- डाक टिकिट विदेश से छपकर आते हैं। इसमें बहुमूल्य विदेशी मुद्रा लगती है। बाजू में पोस्ट ऑफिस है। तुम वहां जाकर दस पैसे का एक टिकिट खरीद सकते थे। चार टिकिट में जो कागज- छपाई लगी, वह बच जाती। जरा  से आलस में तुमने देश का नुकसान कर दिया। उनकी सीख आज भी कानों में गूंजती है, लेकिन फिर मन खुद से पूछता है- कोई है जो आज की नई पीढ़ी को ऐसी मूल्यवान शिक्षा दे सके।
यह तो विदेशी मुद्रा बचाने की बात थी, लेकिन अपव्यय उन्हें बिलकुल बर्दाश्त नहीं था। प्रेस में आते-जाते उन्हें एक पिन भी फर्श पर गिरी दिखती तो उसे उठाकर पिनकुशन में लगा देते। दूसरी तरफ रोजाना आने वाली डाक में यदि किसी पत्र पर डाकखाने की मोहर लगना छूट जाती तो वे तुरंत स्याही से काट देते कि कोई दोबारा उस टिकिट का उपयोग न करे। उनका तर्क बहुत सीधा था। टिकिट का प्रयोजन पूरा हो गया है। उसे दुबारा उपयोग में लाना देश के साथ धोखाधड़ी है।
बाबूजी स्वाधीनता संग्राम के संस्कारों में पगे हुए व्यक्ति थे। अपनी पीढ़ी के लाखों देशवासियों की भांति उन्होंने भी अपने मन में स्वाधीन भारत के निर्माण अथवा विकास के प्रति ढेरों कल्पनाएं की थीं, कितने ही सपने संजोए थे। यह निष्ठा अंतिम समय तक उनके साथ बनी रही। मैं जब सातवीं में पढ़ रहा था, तब उन्होंने ''आई.एन.एस. डफरिन'' का दाखिला फार्म मंगवाया। भारतीय नौसेना के इस प्रशिक्षण पोत पर संभवत: 12 साल की आयु में कैडेट भर्ती किए जाते थे, जिन्हें अन्य विषयों के साथ सामरिक प्रशिक्षण भी दिया जाता और पढ़ाई पूरी होने पर जो नौसेना अधिकारी बन जाते। बाबूजी मुझे वहां भेजना चाहते थे, लेकिन उसी समय कुछ ऐसे कारण बने कि मैं ''डफरिन'' पर जाने की बजाय नागपुर पहुंच गया। कुछ साल बाद ही भारत पर चीनी आक्रमण हुआ तो बाबूजी ने तत्काल जबलपुर में सेना भरती कार्यालय में अपना आवेदन जमा किया कि देश पर आए इस अभूतपूर्व संकट के समय वे अपनी सेवाएं एक सैनिक के रूप में देना चाहते हैं। बाबूजी की उम्र तब 40 वर्ष के लगभग थी। उनका आवेदन खारिज कर दिया गया तो उन्होंने सैनिक मुख्यालय दिल्ली को अपील की, लेकिन वहां से भी धन्यवाद पत्र के साथ मनाही आ गई।
इसके बाद एक लंबा अरसा गुजर गया। 1977 के आसपास नागार्जुन ने तीखे स्वर में एक कविता लिखी- ''किसकी है छब्बीस जनवरी किसका पंद्रह अगस्त है सब यहाँ मस्त हैं लोग यहाँ मस्त हैं।'' किसी पत्रिका में यह कविता पढ़ी। हमारे संपादकीय सहयोगियों को पसंद आई और संभवत: 1979 के गणतंत्र दिवस परिशिष्ट में उसे हमने प्रमुखता के साथ, बल्कि विशेष साज-सज्जा के साथ पुनर्प्रकाशित कर दिया। जब यह अंक बाबूजी ने देखा तो मर्माहत हुए। उन्हें यह कतई अच्छा नहीं लगा कि 26 जनवरी अथवा 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व को हम उल्लास के बजाय शंकाकुल दृष्टि से देख रहे हैं। उनकी पीड़ा कविता को लेकर नहीं, 26 जनवरी पर उसके छपने को लेकर थी। वे ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में इस महान दिन को देख रहे थे और जाहिर है कि राजनैतिक जीवन में आई गिरावट के बावजूद जनतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी आस्था में कोई कमी नहीं आई थी।
साध्य और साधन दोनों की पवित्रता के प्रति बाबूजी के मन में गाँधीवादी आग्रह था। यहाँ मैं उन दो प्रसंगों का उल्लेख करना चाहूंगा जो मेरी बी.ए. अंतिम की परीक्षा से ताल्लुक रखते हैं। बाबूजी के परम् मित्र अजय चौहान के छोटे भाई विजय चौहान ने 1964 की बी.ए. परीक्षा का राजनीतिशास्त्र का द्वितीय प्रश्नपत्र तैयार किया। उन्होंने स्नेहवश मुझे कुछ प्रश्नों के संकेत दे दिए। बाबूजी ने देखा कि कल पेपर है और मैं पढ़ नहीं रहा हूं। उन्होंने मुझे पूछा तो मैंने बता दिया कि मुझे छोटे भैया (विजय चौहान) ने महत्वपूर्ण प्रश्न तैयार करवा दिए हैं। वे माजरा समझ गए। बड़े भैया, छोटे भैया की खूब खबर ली कि लड़के को बिगाड़ते हो। रातोंरात पेपर बदला गया और अगले दिन मुद्रित की जगह साइक्लोस्टाइल्ड पर्चा हमें हल करना पड़ा। गनीमत है कि मैं पढ़ाई में अच्छा था।
1964 में ही मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन में जबलपुर विश्वविद्यालय में बी.ए. हिन्दी में सर्वाधिक अंक पाने वाले विद्यार्थी को सुभद्रा कुमारी चौहान स्वर्णपदक देने का निर्णय लिया। परीक्षा परिणाम आया तो मुझे ही सर्वोत्तम अंक मिले थे-150 में 117 याने प्रावीण्य। बाबूजी ने उस वक्त स्वर्णपदक देने का निर्णय स्थगित करवा दिया कि वे स्वयं सम्मेलन की कार्यकारिणी के सदस्य थे और उनके पुत्र को स्वर्णपदक मिलने से गलत संदेश जाएगा।

उसमें प्राण जगाओ साथी- 7


दीना पाठक के ''बाबूजी''

''देखो! वे गरीबी से आगे बढ़े। लंबे समय तक मुश्किलों का सामना किया। उनके मन में भय बना रहता है कि कहीं पुराने दिन लौटकर न आ जाएं। इसलिए वे कृपणता का व्यवहार करते हैं।'' बाबूजी के एक अपेक्षाकृत संपन्न मित्र के बारे में मेरे पूछने पर बाबूजी की यह टिप्पणी थी।''लेकिन आपने भी तो बचपन से अब तक घोर मुसीबतें झेलीं। आप कंजूस क्यों नहीं बने।'' मैंने बात आगे बढ़ाई।''मेरे भाग्य में जो लिखा है, वह मुझे मिल रहा है। मेरे माध्यम से अगर किसी को कुछ मिलता है तो यह उसका भाग्य है। मुझे अगर कभी जरूरत आन पड़ी तो फिर हाथ-पैर मारेंगे। डर किस बात का।'' यह बाबूजी का उत्तर था।
इसके आगे उन्होंने मुझे समझाया कि सफलता प्राप्त व्यक्ति सब एक जैसे नहीं होते। गुरबत और मुसीबतों का सामना तो बहुतों ने किया होगा, लेकिन उनमें से बहुत ऐसे होते हैं जो अतीत को याद करके घबराते हैं और हाथ खींचकर चलते हैं। लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं जो संघर्षों से जीवन-शक्ति ग्रहण करते हैं। आत्मविश्वास पाते हैं। कहने की आवश्यकता नहीं कि बाबूजी इस दूसरी श्रेणी के ही व्यक्ति थे। बचपन और बाद के संघर्षों का जिक्र उन्होंने अपनी आत्मकथा ''धूप-छाँह के दिन'' में किया है, लेकिन वह भी निस्संग होकर। न कोई अतिरंजित बखान और न प्रदर्शन कर सहानुभूति बटोरने की कोशिश।
मायाराम सुरजन ने जीवन में प्राप्त सफलताओं पर कभी अनावश्यक अभिमान नहीं किया तथा समाज व भाग्य को ही वे इसका श्रेय देते रहे। असफलताओं को भी उन्होंने भाग्य-देवता का प्रसाद ही माना। उन्होंने जो कुछ भी अर्जित किया, उसे बाँटने में उन्हें संतोष मिलता था। यह सिलसिला 1945 से ही शुरू हो गया था, जब उन्होंने बी.कॉम. की उपाधि हासिल कर नौकरी शुरू कर दी थी। नागपुर, जबलपुर, भोपाल या रायपुर- बाबूजी जहाँ भी रहे, हमारा घर हमेशा मित्रों, परिचितों व संबंधियों का आशियाना बना रहा। कोई प्रेस में प्रशिक्षण लेने आ रहा है। कोई शहर में रहकर पढ़ाई पूरी करना चाहता है। किसी कन्या का विवाह नहीं हो रहा है सो भैयाजी या बाबूजी के संपर्कों से हो जाएगी। कोई उनके बेटे का मित्र है तो कोई मित्र के मित्र का पुत्र। किसी को बेहतर चिकित्सा की जरूरत है। और यह भी कि गर्मी की छुट्टी के बाद कोई बच्चा अपने घर वापिस लौट रहा है। यहां उसके समवयस्क बच्चे रो रहे हैं तो तय कर लिया- अच्छा तुम भी यहीं रहो। हम तुम्हारे बाबूजी से बात कर लेते हैं। ऐसी उदारता, ऐसी निश्छलता और ऐसी वत्सलता। शायद इसी को देखकर थोड़ी देर के लिए घर पधारी सुप्रसिद्ध अभिनेत्री दीना पाठक ने कहा- मैं भी आपको अब मायाराम नहीं, बाबूजी ही कहूंगी। शायद इसीलिए 1986 में मुंबई में रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ तो डॉ. ए.बी. बावडेक़र ने डिस्चार्ज करते वक्त बिल मांगने पर लेटर हैड पर ''विद् कॉम्प्लीमेंट्स'' लिखकर दे दिया। इतने बड़े डॉक्टर। वे भी पहिली बार मिले अपने इस मरीज को तीसरे दिन से बाबूजी का संबोधन देने लगे।
यह बाबूजी का समुद्र जैसा विशाल हृदय ही था जिसमें सबके लिए जगह थी और अपने पराए जैसी कोई भावना नहीं थी। प्रेस में पहले तो सब उन्हें भैय्या जी कहकर ही संबोधित करते थे, लेकिन जब मैंने भी काम करना प्रारंभ किया तो वे धीरे-धीरे सबके लिए बाबूजी बन गए। उनके उदात्त मन की छोटी सी झलक एक प्रसंग से मिलती है। 1970 में श्यामाचरण शुक्ल मुख्यमंत्री थे। जबलपुर में छात्रों ने उनके प्रवास पर आने पर उग्र प्रदर्शन किया। लाठी चार्ज में बहुत से छात्र घायल हुए जिनमें शरद यादव, रामेश्वर नीखरा आदि शामिल थे। नीखरा विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष थे। बाबूजी कुलपति प्रभुदयाल अगि्होत्री के पास गए। अनुरोध किया कि घायल बच्चों को देखने आपको अस्पताल चलना चाहिए। आश्वस्त किया कि मैं साथ में हूं,कोई गड़बड़ी नहीं होगी। कुलपति ने उनकी बात मानी और इस तरह विद्यार्थियों का आक्रोश ठंडा पड़ा। इसके बाद बाबूजी ने छात्रों को भोपाल मुख्यमंत्री से मिलने भेजा। उनके नाम एक व्यक्तिगत पत्र भी लिखा। शुक्ल जी ने छात्रों की बातें सुनी और संतोषजनक समाधान किया। आंदोलन समाप्त हो गया। शरद यादव और रामेश्वर नीखरा दोनों राजनीति में बहुत ऊपर तक पहुंचे लेकिन उनकी स्मृतियों में बाबूजी आज भी जीवित हैं।
एक छोटा लेकिन मनोरंजक वाकया रायपुर में देखने मिला। बाबूजी अस्वस्थ थे और अस्पताल में थे। राजनारायण मिश्र याने हम लोगों के ''दा'' से किसी बात पर वे बेहद नाराज हुए। अस्पताल में दा को बुलाकर कहा कि कोई दूसरी जगह ढूंढ लो। दा सुनकर चुपचाप चले आए। उन्हें अगले दिन फिर तलब किया गया। ''सुना है बहू बीमार है। उसके ठीक होते तक तुम काम कर सकते हो।'' दा मुस्कुराते हुए वापिस आए। दा की पत्नी याने ममता भाभी सचमुच अस्पताल में भर्ती थीं। यह जानकारी पाकर बाबूजी का गुस्सा उतर गया और पारिवारिक चिंता ने उसका स्थान ले लिया। इसी तरह एक बार कुछ लोग शिकायत लेकर पहुंचे- ''आपके यहां दीपचंद काम करता है, उसने हमारी लड़की को छेड़ा है।'' बाबूजी ने उनको आश्वस्त किया कि ऐसा दुबारा नहीं होगा। दीपचंद के बड़े भाई फोरमैन दुलीसिंह को बुलाया- ''लड़का बड़ा हो गया है। इसके लिए जल्दी से लड़की ढूंढो और शादी करवा दो।'' अपने आसपास के लोगों की इस तरह की जो फिक्र उन्होंने की, वह बेजोड़ ही कही जाएगी।
जब उन्होंने रायपुर से अखबार निकालने का इरादा किया तो उनके साथ काम करने वालों में ऐसे चालीस लोग थे जो बिना किसी गारंटी के एक नितांत अपरिचित स्थान में आकर काम करने के लिए स्वेच्छा से सामने आ गए। इन सबका यही कहना था कि आप सुख-दु:ख में जैसा भी रखेंगे हम रहेंगे। कालांतर में इनमें से कुछ लोग परिस्थितिवश अन्यत्र ारूर गए, लेकिन अधिकतर रिटायरमेंट की उम्र तक और कुछ तो अपने अंतिम समय तक बाबूजी के साथ जुड़े रहे। ''देशबन्धु'' की नींव के पत्थर यही लोग थे।
मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि बाबूजी के रूप में ऐसे पिता व मार्गदर्शक मिले जो अप्रतिम मानवीय संवेदनाओं से भरपूर थे तथा जिन्होंने कभी गरीब-अमीर, ऊंच-नीच, छुआछूत या स्वधर्म-विधर्म की धारणा में विश्वास नहीं रखा। मैं अन्यत्र लिख चुका हूं कि मेरे आत्मीय मित्र जमालुद्दीन ने बेटी का विवाह तय किया तो उनके स्वर्गवासी माता-पिता के रिक्त स्थान पर बाबूजी के नाम से निमंत्रण पत्र जारी हुआ। कुल मिलाकर यह बाबूजी की ही देन है कि मानवीय संबंधों के पालन में हमारा परिवार संकीर्णता और पूर्वाग्रहों से काफी हद तक बचा रहा है।